The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • Nashik TCS Rape Religious Conversion Case First Chargesheet AIMIM Former AIMIM MP Imtiaz Jaleel Nida Khan

TCS यौन उत्पीड़न केस की चार्जशीट में AIMIM के पूर्व सांसद का नाम कैसे आया?

इस केस में इम्तियाज का नाम ऐसे समय सामने आया है, जब शिवसेना के मंत्री संजय शिरसाट लगातार उन पर आरोप लगा रहे हैं. उनका दावा है कि इम्तियाज TCS मामले से जुड़े हैं. संजय ने यह भी दावा किया है कि 'AIMIM के नेताओं' ने इतने दिनों तक निदा खान को गिरफ्तारी से बचाने में मदद की है.

Advertisement
pic
3 जून 2026 (अपडेटेड: 3 जून 2026, 09:26 PM IST)
Nashik TCS
TCS केस की पहली चार्जशीट में निदा खान (बाएं) के साथ AIMIM के पूर्व सांसद इम्तियाज जलील (दाएं) का नाम आया है. (फोटो- इंडिया टुडे)
Quick AI Highlights
Click here to view more

नासिक TCS यौन उत्पीड़न और धर्मांतरण मामले में पुलिस ने 3500 पन्नों की पहली चार्जशीट दायर की है. चार्जशीट में आरोपी निदा खान को पनाह देने वाले मतीन माजिद पटेल के साथ AIMIM के पूर्व सांसद इम्तियाज जलील का भी नाम आया हैं. हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस मामले में उनको तलब नहीं किया है और न ही कोई नोटिस भेजा गया है.

दरअसल, मामला सामने आने के बाद से ही निदा खान फरार थी. कथित तौर पर AIMIM (ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन) से जुड़े मतीन माजिद पटेल ने उसे पनाह दी थी. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, नासिक पुलिस के पास इस मामले में 9 FIR दर्ज कराई गई थीं. देवलाली कैंप पुलिस स्टेशन में पहली FIR दर्ज हुई थी, जिसमें अब 3500 पन्नों की चार्जशीट दायर की गई है.

यह FIR आरोपी एम्प्लॉयी दानिश शेख, निदा खान और तौसिफ अत्तर के साथ मतीन माजिद पटेल के खिलाफ दर्ज कराई गई थी. इन पर यौन उत्पीड़न, रेप , धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने जैसे आरोपों के साथ SC/ST की धाराओं के तहत भी मामला दर्ज किया गया था.

माजिद ने लिया इम्तियाज जलील का नाम

चार्जशीट के मुताबिक, मतीन माजिद पटेल ने आरोपी निदा खान को पनाह दी थी. जबकि, उसे पता था कि निदा खान की अग्रिम जमानत की याचिका नासिक कोर्ट ने खारिज कर दी थी. केस को लेकर क्राइम ब्रांच ने माजिद को पूछताछ के लिए ऑफिस बुलाया था. उससे निदा और उसकी लोकेशन को लेकर पूछताछ की गई थी. एक्सप्रेस के मुताबिक पुलिस के सवालों का जवाब देते हुए माजिद ने कई दफा ये कहा, ‘इम्तियाज जलील साहब से पूछना पड़ेगा.'

इस केस में इम्तियाज का नाम ऐसे समय सामने आया है, जब शिवसेना के मंत्री संजय शिरसाट लगातार उन पर आरोप लगा रहे हैं. उनका दावा है कि इम्तियाज TCS मामले से जुड़े हैं. संजय ने यह भी दावा किया है कि 'AIMIM के नेताओं' ने इतने दिनों तक निदा खान को गिरफ्तारी से बचाने में मदद की है. पिछले महीने उन्होंने AIMIM के नेताओं पर MCOCA (Maharashtra Control of Organized Crime Act, 1999) लगाने की मांग कर दी थी.

रिपोर्ट के मुताबिक, जब आरोपी निदा के फरार होने की खबरें चल रही थी, उस दौरान इम्तियाज उसके परिवार से मिले थे और सार्वजनिक तौर पर कहा था कि वो इस मामले में परिवार की मदद करेंगे. उन्होंने उस घर को गिराने का भी विरोध किया था, जहां से निदा की गिरफ्तार हुई थी.  

चार्जशीट में नाम होने का नहीं पता

चार्जशीट में इम्तियाज का नाम आने पर अखबार ने उनसे बात की. पूर्व सांसद ने बताया कि इस समय वो हज की यात्रा के लिए सऊदी अरब में हैं और उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि TCS कांड की चार्जशीट में उनका नाम है. उन्होंने आगे कहा कि वो किसी भी तरह की जांच के लिए तैयार हैं. 

पूर्व सांसद ने फिर कहा कि वो पहले ही इस बात को मान चुके हैं कि वो निदा के परिवार से मिले थे और उस बात के लिए लड़ते रहेंगे, जिसे वो सही मानते हैं.

चार्जशीट में इम्तियाज का नाम होने पर आरोपी माजिद के वकील अभय सिंह भोसले का बयान भी आया. उन्होंने कहा कि इम्तियाज के कथित जिक्र को ज्यादा महत्व देने की जरूरत नहीं है. ऐसा हो सकता है कि माजिद ने उनका नाम इसलिए लिया हो क्योंकि वो पार्टी अध्यक्ष (महाराष्ट्र) होने के साथ-साथ उसके बॉस भी हैं. उन्होंने आगे कहा कि पूरे मामले में इम्तियाज की भूमिका थी, ऐसा कहना सरासर ‘राजनीति’ है.

वीडियो: Delhi Usmanpur Murder: 16 साल के लड़के की चाकू घोंप कर हत्या किसने की?

Advertisement

Advertisement

()