गुप्त कैमरे, रेप, 58 अश्लील वीडियो... ज्योतिषी अशोक खरात कौन है? बड़े नेताओं के साथ फोटो आए
नासिक के ज्योतिषी Ashok Kharat को रेप केस में पकड़ा गया है. उसके ठिकाने से पुलिस ने एक पेन ड्राइव बरामद की है, जिसमें कथित तौर पर 58 अलग-अलग महिलाओं के साथ अश्लील वीडियो हैं. राज्य सरकार ने इस मामले की जांच के लिए IPS अधिकारी तेजस्विनी सतपुते के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है.
.webp?width=210)
महाराष्ट्र में नासिक की क्राइम ब्रांच ने एक स्वघोषित अंक ज्योतिषी और तांत्रिक अशोक खरात को गिरफ्तार किया है. अशोक खरात को 'कैप्टन' खरात नाम से भी जाना जाता है. खरात पर आरोप है कि उसने एक महिला का रेप किया है. साथ ही उसने धार्मिक रिवाजों के नाम पर और भी कई महिलाओं का शोषण किया है.
पुलिस के मुताबिक खरात ने 35 साल की एक शादीशुदा महिला को अपनी तांत्रिक क्रियाएं दिखाकर उसका भरोसा जीता. उसने महिला के सामने दावा किया कि उसके पास 'दैवीय शक्तियां' हैं. आरोप है कि उसने महिला को खाने और पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर दे दिया. उसे सम्मोहित यानी हिप्नोटाइज भी किया. इसके बाद उसने नवंबर 2022 से दिसंबर 2025 के बीच कई बार महिला से रेप किया. पुलिस के पास जाने से पहले पीड़िता लगभग 3 सालों तक शोषण सहती रही.
अधिकारियों ने इंडिया टुडे को बताया कि आरोपी ने महिला को धमकी भी दी. उसने किसी को बताने पर महिला को गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी. उसने कहा कि अगर महिला ने शिकायत की तो वो उसके पति को नुकसान पहुंचा सकता है. यह धमकी तब दी गई थी, जब महिला ने अशोक के गलत कामों का विरोध किया या इस बारे में किसी से बात की. शिकायत में आगे कहा गया कि खरात ने पीड़िता के धार्मिक विश्वास का फायदा उठाकर उसे कंट्रोल में कर लिया था.
छापेमारी में मिले 58 अश्लील वीडियोअशोक खरात का नासिक के ही कनाडा कॉर्नर में ऑफिस है. पुलिस ने इस ऑफिस पर भी छापा मारा. ओक्स प्रॉपर्टी डीलर एंड डेवलपर के नाम से पहचाने जाने वाले खरात के ऑफिस पर छापेमारी के दौरान, पुलिस ने एक पेन ड्राइव जब्त की, जिसमें 58 अश्लील वीडियो क्लिप थीं. जांच टीम को शक है कि इन फुटेज में और भी कई पीड़ित हो सकते हैं. इनमें कुछ हाई-प्रोफाइल लोग भी शामिल हैं. जांच टीम ने जब्त किए हुए सामान को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है. इस मामले में जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, वैसे-वैसे और भी खुलासे होने की उम्मीद है.
इसके अलावा अशोक खरात के ऑफिस का एक CCTV वीडियो भी सामने आया है. इसमें अशोक कथित तौर पर एक महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाने से पहले कुछ संदिग्ध रस्में निभाते हुए दिख रहा है. पुलिस इस फुटेज की असलियत की भी जांच कर रही है.
मर्चेंट नेवी से ‘ज्योतिषी’ तकअशोक खरात सिनार तालुका का रहने वाला है. वो मिरगांव के श्री ईशानेश्वर मंदिर ट्रस्ट का अध्यक्ष भी है. रिपोर्ट के मुताबिक वो पहले मर्चेंट नेवी में था. फिर बाद में वो न्यूमरोलॉजिस्ट (अंकशास्त्री) के तौर पर मशहूर हआ. उसने इस दौरान कई राजनेताओं, कारोबारियों और मशहूर हस्तियों को अपनी ओर आकर्षित किया. नवंबर 2022 में तत्कालीन मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के मिरगांव मंदिर दौरे के बाद अशोक सुर्खियों में आया था.
अशोक खरात की कई प्रमुख राजनीतिक नेताओं के साथ तस्वीरें हैं. इसमें अमित शाह, एकनाथ शिंदे और राधाकृष्ण विखे पाटिल शामिल हैं. इस कारण इस मामले को एक राजनीतिक एंगल भी मिल गया है. महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर ने भी माना है कि वो 2019 से अशोक खरात को जानती हैं. हालांकि उन्होंने कहा कि उन्हें खरात पर लगे कथित अपराधों के बारे में कोई जानकारी नहीं थी.
फिलहाल महाराष्ट्र सरकार ने इस मामले की जांच करने और अन्य पीड़ितों की पहचान करने के लिए IPS अधिकारी तेजस्विनी सतपुते के नेतृत्व में एक SIT बनाई है. पुलिस ने अशोक खरात के खिलाफ BNS की धारा 64(1), 74, 352 और 351(1) के तहत मामला दर्ज किया है. साथ ही उसके खिलाफ महाराष्ट्र मानव बलि और अन्य अमानवीय, दुष्ट और अघोरी प्रथाओं और काला जादू की रोकथाम एवं उन्मूलन अधिनियम 2013 की धारा 3(1) और 3(2) के तहत भी मामला दर्ज किया गया है. अदालत में पेश होने के बाद उसे 24 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है.
वीडियो: नाबालिग रेप पीड़िता आसाराम की जमानत के खिलाफ पहुंची सुप्रीम कोर्ट

.webp?width=60)
