The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • Nashik another godmen accused of rape against women in name of spiritual healing

'मेरे पास दैवीय शक्ति, तुम विरोध न कर पाओगी', नासिक के भोंदू बाबा पर रेप का आरोप

नासिक में भोंदू बाबा के नाम से मशहूर स्वयंभू धर्मगुरु महेशगिरी बाबा के खिलाफ एक महिला ने आध्यात्मिक काउंसलिंग के बहाने रेप करने का आरोप लगाया है. पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने दैवीय शक्ति का हवाला देकर पीड़िता के साथ जबरदस्ती यौन संबंध बनाए.

Advertisement
pic
23 अप्रैल 2026 (पब्लिश्ड: 09:31 PM IST)
spiritual healing Nashik another godmen rape against women
भोंदू बाबा का असली नाम महेशगिरी बाबा उर्फ महेश दिलीप काकड़े है. (इंडिया टुडे)
Quick AI Highlights
Click here to view more

महाराष्ट्र के नासिक में एक और स्वयंभू धर्मगुरु पर एक महिला ने रेप का आरोप लगाया है. 'भोंदू बाबा' के नाम से मशहूर धर्मगुरु पर एक 28 साल की महिला ने 'आध्यात्मिक काउंसलिंग' के बहाने रेप का आरोप लगाया है. महिला का कहना है कि वो मानसिक तनाव से राहत पाने के लिए बाबा के पास गई थी.

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, भोंदू बाबा का असली नाम महेशगिरी बाबा उर्फ महेश दिलीप काकड़े है. उनके खिलाफ राज्य के जादू-टोना विरोधी कानूनों के तहत मामला दर्ज किया गया है. आरोप लगाने वाली पीड़िता नासिक के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करती है. पारिवारिक समस्या के चलते उनकी मेंटल हेल्थ खराब हो गई थी. 

पीड़िता के माता-पिता इस समस्या से निजात के लिए उनको बाबा के पास ले गए थे. आरोपी बाबा ने कथित तौर पर परिवार को बताया कि महिला पर बुरी आत्मा का साया है. उसने दावा किया कि उसके पास 'दैवीय शक्ति' है, जिससे पीड़िता को ठीक कर देगा.

शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने पीड़िता को हर गुरुवार को प्रार्थना में शामिल होने के कहा. पीड़िता ने ऐसा ही किया. दो-तीन गुरुवार आने के बाद उसने पीड़िता के मोबाइल पर अश्लील और पर्सनल मैसेज भेजना शुरू कर दिया. महिला ने बताया कि अगस्त 2024 में आरोपी ने पीड़िता को एक सुनसान जगह पर बुलाया. वहां से उसे एक लॉज में ले गया. जब महिला ने विरोध किया तो उसने उसे रुद्राक्ष की माला दिखाते हुए धमकी भरे लहजे में कहा, 

मेरे पास दैवीय शक्तियां हैं. तुम किसी भी चीज का विरोध नहीं कर पाओगी.

इसके बाद आरोपी ने जबरदस्ती पीड़िता के साथ यौन संबंध बनाए. आरोप है कि इस दौरान उसने पीड़िता की न्यूड तस्वीरें भी खींचीं. पीड़िता ने इस घटना के बारे में अपने रिश्तेदारों को बताया. जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर अपने ऑफिस में बुलाकर उसे फिर से धमकाया. उसने खुद को गुंडा बताते हुए पीड़िता को पुलिस के पास जाने से मना किया.

शिकायत के मुताबिक, उसने पीड़िता से उसका फोन छीन लिया. और फोन से खुद के भेजे गए अश्लील मैसेज और दूसरे सबूतों को डिलीट कर दिया. पीड़िता उसकी धमकी के कारण कुछ समय तक चुप रही. लेकिन इसके बाद उसने अंधविश्वास के विरुद्ध काम करने वाली संस्था अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति से सहायता मांगी. इस संस्था की मदद से उसने महाराष्ट्र पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. फिलहाल मामले की जांच चल रही है.

वीडियो: TCS नासिक में पुलिस का 'सीक्रेट मिशन', सामने आए यौन उत्पीड़न और धर्म परिवर्तन के कई मामले

Advertisement

Advertisement

()