The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • mumbai-traffic-jam-womens-reservation-bill-protest-rally bjp confronts-minister-girish-mahajan

मुंबई में महिला आरक्षण मुद्दे पर विरोध, जाम में फंसी महिला ने BJP मंत्री और अधिकारी को हड़काया!

Women Reservation Bill Protest: मुंबई में महिला आरक्षण बिल पर प्रोटेस्ट चल रहा था. इसी दौरान एक महिला अपने बच्चे को स्कूल से लेने जा रही थीं. भारी ट्रैफिक जाम की वजह से उन्हें पुलिस, पार्टी के कार्यकर्ताओं और मंत्री सबसे लड़ना पड़ा. एक वीडियो में वो अलग-अलग लोगों के सामने चीखती नजर आईं.

Advertisement
pic
pic
विभावरी दीक्षित
| शुभम कुमार
22 अप्रैल 2026 (अपडेटेड: 22 अप्रैल 2026, 02:14 PM IST)
women reservation bill protest
महिला आरक्षण बिल प्रोटेस्ट के दौरान एक महिला ने आपत्ति जताई. (फोटो-X)
Quick AI Highlights
Click here to view more

महिला आरक्षण के नाम पर प्रोटेस्ट चल रहा था और इस दौरान एक महिला की गुहार पुलिस अधिकारियों से लेकर मंत्री तक ने अनसुनी कर दी. इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. साफ नजर आ रहा है कि महिला की बहस पहले प्रोटेस्ट में शामिल कार्यकर्ताओं से हुई थी. फिर पुलिस से और फिर सीधा मंत्री से भी उन्होंने रास्ता खुलवाने के लिए कहा. मंत्री मीडिया में अपना बयान दे रहे थे. तभी कैमरे के सामने महिला पहुंची और अपनी नाराजगी जाहिर की. इस गुस्से की वजह काफी कॉमन है, जिसका सामना हमने और आपने भी जरूर किया होगा. प्रोटेस्ट, रैली, और VIP मूवमेंट के नाम पर मेट्रो सिटीज में लगने वाला भयंकर ट्रैफिक जाम.

महिला चीख-चीखकर कहती है कि वो एक घंटे से जाम में फंसी है, और उसे अपने बच्चे को स्कूल से लेने जाना है. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, मामला 21 अप्रैल का है. मुंबई के वर्ली में BJP, महिला आरक्षण बिल पर प्रोटेस्ट कर रही थी. प्रोटेस्ट में महाराष्ट्र सरकार में मंत्री गिरीश महाजन भी शामिल हुए थे. महाजन ने X पर लिखा था, 

‘महिलाओं के सशक्तिकरण और राजनीतिक भागीदारी के लिए आरक्षण सिर्फ एक विकल्प नहीं है. बल्कि समय की ज़रूरत है. इसका विरोध करके कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने महिलाओं के अधिकारों को नज़रअंदाज़ किया है. मुंबई में इस महिला-विरोधी मानसिकता के खिलाफ आवाज उठाते हुए सफल मार्च निकाला गया था. ये मार्च महिलाओं की गरिमा और उनके अधिकारों के लिए जनता का शक्ति प्रदर्शन था.’

मंत्री यहां जिस सक्सेसफुल मार्च की बात कर रहे हैं, उसी मार्च में कई लोग घंटों ट्रैफिक में फंसे थे. उसी भीड़ से एक महिला निकलकर आई और लड़ते-भिड़ते मिनिस्टर तक पहुंच गई. उस वक्त गिरीश महाजन एक न्यूज़ एजेंसी को बयान दे रहे थे. बीच में महिला चिल्लाती हुई आई तो पहले उन्होंने पहले शांत कराने की कोशिश की. वीडियो में जाम की वजह से हो रही परेशानी का जिक्र करते हुए महिला ने कहा, ‘आपको समझ में नहीं आता कि यहां सैकड़ों लोग इंतजार कर रहे हैं.’

दरअसल ट्रैफिक जाम को लेकर महिला का कहना था कि शहर में इतना बड़ा ग्राउंड बना है, जिन्हें प्रोटेस्ट करना है, वहां जा सकते हैं. सड़क जाम करना ठीक नहीं है. महाराष्ट्र कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने इस वीडियो को शेयर किया. उन्होंने लिखा, 

‘देश की जनता BJP के झूठे वादों से तंग आ चुकी है. आने वाले समय में देश की महिला शक्ति BJP को इसी तरह सत्ता से बेदखल कर देगी.’

कांग्रेस के अलावा सोशल मीडिया पर दूसरे यूज़र्स भी इसे शेयर कर रहे हैं. महादेव बालगुडे नाम के X यूज़र ने लिखा, ‘ये परेशान महिला एक ही बात बार-बार बोल रही थी. जब बगल में खुला मैदान है, तो वहां जाने के बजाय सड़क क्यों जाम की जा रही है?’ प्रियंवदा नाम की एक और यूज़र ने लिखा,  

मुंबई में BJP महिला आरक्षण बिल पर प्रदर्शन कर रही थी और ट्रैफिक जाम कर रही थी. भाजपा मंत्री महाजन को आज रात नींद नहीं आएगी.’

अंग्रेज़ी में कहा जाता है, 'your freedom ends where my nose begins'  यानी आपकी आज़ादी वहीं तक है, जहां तक किसी को नुकसान ना हो रहा हो. प्रदर्शन की वजह से लगने वाले जाम से आम लोगों को काफी परेशानी हो सकती है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में भी इसकी झलक मिलती है.

वीडियो: आसान भाषा में: क्या है डीलिमिटेशन? महिला आरक्षण बिल फेल क्यों हुआ?

Advertisement

Advertisement

()