4 साल के बच्चे को पैर से घुमा जमीन पर पटक कर मारा, बोला- 'ये मेरा बदला था'
वसई में एक व्यक्ति ने चार साल के मासूम बच्चे पर हमला किया. बच्चे के पिता से बदला लेने के लिए उसने बच्चे का पैर पकड़कर उसे जमीन पर पटका. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.

चार साल के बच्चे का पैर पकड़ हवा में उछाला और जमीन पर ऐसे पटका जैसे वो कोई इंसान न हो, कपड़ा हो. फिर उसका पैर पकड़कर घसीटते हुए उसे दूर तक ले गया. दहला देने वाला ये काम बच्चे के पिता से झगड़े का बदला लेने के लिए किया गया. क्रूरता की हदें पार करने वाली ये घटना मुंबई के वसई की है. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. ये इतना वीभत्स है कि इसे दिखाया नहीं जा सकता.
इसे जिसने भी देखा, उसकी चीखें निकल गईं. हर किसी के मन में सवाल यही था कि कोई मासूम बच्चे के साथ ऐसा कैसे कर सकता है? लेकिन ये करने वाले को अपने इस बेशर्म कृत्य पर कोई अफसोस नहीं. वो खुलेआम ‘मैंने बदला लिया है’ कहते हुए सोसायटी के लोगों के सामने शेखी बघारता रहा. पुलिस ने उसे गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है.
इंडिया टुडे से जुड़े प्रवीण नलवडे की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना मुंबई के वसई वेस्ट के अनुपम हाउसिंग सोसायटी की है. यहां रहने वाले अतुल कोंढारे और उसी सोसायटी में रहने वाले रिक्शा चालक संदीप पवार के बीच कुछ दिन पहले मामूली विवाद हुआ था. सोमवार शाम करीब साढ़े 7 बजे सोसायटी में बच्चे खेल रहे थे. इसी दौरान कोंढारे का चार साल का बेटा विघ्नेश खेलते-खेलते एक ऑटो रिक्शा में बैठ गया. तभी संदीप पवार वहां पहुंचा.
संदीप ने पहले विघ्नेश को पकड़कर उसका सिर रिक्शे के लोहे के रॉड पर जोर से पटका. फिर पैर पकड़कर उसे नीचे खींचा और हवा में उछालते हुए जमीन पर ऐसे पटका, जैसे वो कोई बेजान चीज हो. आरोपी यहीं नहीं रुका. उसने बच्चे का पैर पकड़ते हुए उल्टा लटकाए पहली मंजिल की सीढ़ियों तक ले गया. वहां भी उसे पीटा. बच्चे की दादी उसे बचाने आईं तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की. यह पूरी घटना सोसायटी के CCTV कैमरे में कैद हो गई. इसे देखने के बाद सोसायटी के लोग काफी गुस्से में हैं.
घटना के बाद बच्चे की हालत गंभीर है. उसे Wockhardt Hospital के ICU वार्ड में भर्ती कराया गया है. उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है.
मामले में वसई पुलिस ने आरोपी संदीप पवार के खिलाफ BNS की धारा 109(1), 115(2), 351(3), 352 और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की धारा 75 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है.
वीडियो: स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज से फोकस हटाकर ट्रंप जंग रोकने की बात क्यों करने लगे?

.webp?width=60)
