The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • Mukesh ambani son anant ambani offers house to pablo escobar hippos

गैंगस्टर के 80 दरियाई घोड़े मारने जा रही ये सरकार, अनंत अंबानी ने जान बचाने को दिया बड़ा ऑफर

कोलंबिया के मैग्डोनिया रिवर बेसिन में घने जंगल हैं. यहां दरियाई घोड़े रहते हैं. इन घोड़ों का कनेक्शन ड्रग लॉर्ड पाब्लो एस्कोबार से भी है. कोलंबिया की सरकार ने यहां रह रहे 80 दरियाई घोड़ों को मारने का फैसला किया है. लेकिन मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी ने कोलंबिया की सरकार से ऐसा नहीं करने का अनुरोध किया है.

Advertisement
pic
1 मई 2026 (अपडेटेड: 1 मई 2026, 04:20 PM IST)
Mukesh ambani son anant ambani offers house to pablo escobar hippos
अनंत अंबानी ने कोलंबिया के दरियाई घोड़ों को वंतारा में रखने का ऑफर दिया. (Getty image)
Quick AI Highlights
Click here to view more

पाब्लो एस्कोबार. दुनिया के सबसे खतरनाक माने जाने वाले 'मैडलिन ड्रग्स कार्टेल' का सर्वेसर्वा. अपराध की दुनिया का सबसे अमीर गैंगस्टर. साल 1993 में पुलिस की गोलियों का शिकार हुआ. लेकिन उसकी एक विरासत अब भी कोलंबिया को परेशान कर रही है. उसके पाले गए दरियाई घोड़े. लेकिन, भारत के अरबपति बिजनेसमैन मुकेश अबानी के बेटे अनंत अंबानी ने कोलंबिया की सरकार को इस परेशानी से निकालने का ऑफर दिया है.

दरियाई घोड़े कोलंबिया के लिए बने आफत

बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, बोलचाल की भाषा में इन्हें 'कोकीन हिप्पो' कहा जाता है. एस्कोबार ने 1980 के दशक की शुरुआत में दो दरियाई घोड़े आयात किए थे. अवैध तरीके से. एक नर और एक मादा. आज उनकी संख्या 200 हो गई है. इनसे स्थानीय वनस्पति और जानवरों पर खतरा बन आया है. कोलंबिया ने इनकी आबादी कंट्रोल करने के कई तरीके आजमाए. इसमें बधियाकरण भी शामिल था. लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ. अब इनमें से 80 दरियाई घोड़ों को मारने का फैसला किया गया है.

अनंत अंबानी ने लिखा लेटर

एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी ने कोलंबिया की सरकार से ऐसा नहीं करने का अनुरोध किया है. उन्होंने गुजरात स्थित अपने प्राइवेट वाइल्डलाइफ रेस्क्यू एंड कंजर्वेशन सेंटर 'वंतारा' में इन जानवरों को रखने और उनकी देखभाल करने का ऑफर दिया है. हालांकि कोलंबिया की ओर से उनके प्रस्ताव पर अब तक कोई जवाब नहीं आया है.

अनंत अंबानी वंतारा के सीईओ हैं. उन्होंने कोलंबिया के पर्यावरण मंत्री को लिखे पत्र में कहा, ‘मैं भारत में दरियाई घोड़ों के झुंड की देखभाल करने के लिए तैयार हूं.' वंतारा के इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किए गए लेटर में ये भी कहा गया, 'इस प्रस्ताव के पीछे वंतारा का ये विश्वास है कि हर जीवन मायने रखता है और जहां भी संभव हो, जीवन की रक्षा करना हमारी साझा जिम्मेदारी है.’

पाब्लो एस्कोबार राजधानी बोगोटा से लगभग 250 किलोमीटर उत्तर पश्चिम में अपने आलीशान फॉर्महाउस 'हैसिएंडा नेपोल्स' में रहता था. यहां उसका एक प्राइवेट चिड़ियाघर भी था, जिसमें वो दरियाई घोड़ों को रखता था. पाब्लो की मौत के बाद दरियाई घोड़ों के जोड़े को कोलंबिया की सबसे प्रमुख नदी ‘मैग्डालेना’ के बेसिन में छोड़ दिया गया. यहां अनुकूल माहौल मिलने के चलते उनकी जनसंख्या बढ़ती गई.

दरियाई घोड़ों से किसे हो रही परेशानी?

कोलंबियाई पर्यावरणविदों की मानें तो दरियाई घोड़े की प्रजाति एक आक्रामक प्रजाति होती है. इसने यहां के बाकी स्थानीय जीव जंतुओं को यहां से भागने को मजबूर कर दिया है. मैग्डालेना नदी के किनारे बसे मछली पकड़ने वाले समुदायों पर भी ये दरियाई घोड़े हमला करने लगे हैं. दरियाई घोड़े जमीन पर रहने वाले सबसे बड़े जानवरों में से एक हैं. इनके एडल्ट मेल का वजन तीन टन तक होता है.

अनंत अंबानी के वंतारा में हाथी, बाघ समेत 2,000 प्रजाति के जानवर रहते हैं. ये गुजरात के जामनगर में 3,500 एकड़ इलाके में फैला हुआ है. यह अनंत अंबानी के प्री-वेडिंग समारोह के आयोजन स्थलों में से एक था. इस प्राइवेट चिड़ियाघर को वाइल्डलाइफ एक्टिविस्ट्स की आलोचना भी झेलनी पड़ी है. उनका कहना है कि क्षेत्र का हॉट और ड्राई क्लाइमेट कुछ जानवरों के लिए उपयुक्त नहीं है.

वीडियो: अनंत अंबानी के Vantara पर सु्प्रीम कोर्ट ने दिया जांच का आदेश, SIT का गठन होगा

Advertisement

Advertisement

()