The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • MP sidhi BJP leader brutally beats woman video goes viral Congress targets him

सीधी में महिला की बेरहमी से पिटाई, आरोपी बीजेपी नेता और विधायक का करीबी

मध्य प्रदेश के सीधी जिले में BJP नेता संतोष पाठक ने एक महिला को लात, घूंसे और डंडे से पीट दिया. घटना का वीडियो किसी ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. क्या है पूरा मामला?

Advertisement
pic
pic
अर्पित कटियार
| हरिओम सिंह
9 फ़रवरी 2026 (अपडेटेड: 9 फ़रवरी 2026, 02:32 PM IST)
MP sidhi BJP leader brutally beats woman
घटना का वीडियो किसी ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. (फोटो: आजतक)
Quick AI Highlights
Click here to view more

मध्यप्रदेश के सीधी (Sidhi) जिले में एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि दुकान लगाने को लेकर हुए विवाद में बीजेपी नेता संतोष पाठक ने एक महिला को लात, घूंसे और डंडे से पीट दिया. घटना का वीडियो किसी ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस मामले को लेकर मध्यप्रदेश कांग्रेस ने भी बीजेपी पर निशाना साधा है. 

आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, पूरा मामला सीधी जिले के बहरी थाना क्षेत्र से महज 100 मीटर की दूरी का है. पीड़िता की पहचान हेमा सिंह के रूप में हुई है. हेमा हनुमना मोड़ के पास दुकान (अस्थायी) लगाकर सब्जी बेचकर अपने परिवार का पेट पालती थीं. आरोप है कि करीब तीन महीने पहले आरोपी संतोष पाठक ने उनकी दुकान तोड़ दी और उसी जगह अपनी दुकान लगाकर किराए पर दे दी. इसके बाद महिला ठेले पर सब्जी बेचने लगी, लेकिन उसका ठेला भी रात में गायब कर दिया गया.

इसके बाद जब पीड़िता दोबारा दुकान लगाने पहुंची, तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ बेरहमी से मारपीट की. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी महिला को पहले डंडे से पीटता है और फिर लात-घूंसे मारता है.

बताया जा रहा है कि जिस जमीन को लेकर विवाद है, वहां पहले बहरी पुलिस चौकी हुआ करती थी और यह बात शासकीय अभिलेखों में भी दर्ज है. आरोपी संतोष पाठक को क्षेत्रीय बीजेपी विधायक विश्वामित्र पाठक का करीबी बताया जा रहा है. आरोपी की विधायक के साथ तस्वीरें भी सामने आई हैं. आरोप है कि इसी वजह से वह लंबे समय से महिला को परेशान कर रहा था.

MP sidhi BJP leader brutally beats woman
आरोपी संतोष पाठक (दाएं) को क्षेत्रीय बीजेपी विधायक विश्वामित्र पाठक (बाएं) का करीबी बताया जा रहा है. (फोटो: आजतक)

पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी संतोष पाठक और उसके एक साथी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. आरोपी खुद को यूट्यूबर और पत्रकार बताता है और लगातार फेसबुक लाइव के जरिए अपनी सफाई पेश कर रहा है, जबकि पुलिस उसे ढूंढने में असफल बताई जा रही है. आरोपी संतोष ने बताया,

महिला और उसके परिजनों ने मेरी दुकान तोड़ दी. इसके बाद महिला ने गालियां दी और चप्पल से हमला कर दिया. अपना आत्मसम्मान बचाने के लिए मैंने महिला के साथ मारपीट की. 

ये भी पढ़ें: महिला BDO को ऑफिस में घुसकर पीटा, बीजेपी नेता का काम करने से मना कर दिया था

कांग्रेस ने साधा निशाना

मध्यप्रदेश कांग्रेस ने घटना का वीडियो अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किया है. पार्टी ने बीजेपी सरकार और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं. वहीं, पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने घटना की कड़ी निंदा की है. उन्होंने कहा कि पीड़िता का परिवार पिछले 15 सालों से दुकान लगाकर पेट पाल रहा था, लेकिन तीन महीने पहले आरोपी ने उसकी दुकान तोड़ दी और प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की. पुलिस की तरफ से इस मामले पर अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

वीडियो: उत्तर प्रदेश के भाजपा सांसद ने कहा-'एक भी मुल्ला नहीं बोलेगा', वायरल वीडियो के पीछे क्या?

Advertisement

Advertisement

()