गर्लफ्रेंड के साथ होटल में पकड़ाया मुस्लिम युवक, हिंदूवादी संगठनों ने की मारपीट, पोता गोबर
MP News: एक होटल में अपनी महिला मित्र के साथ ठहरे युवक आरिफ को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने न केवल बेरहमी से पीटा, बल्कि उसके साथ अमानवीय व्यवहार भी किया. मारपीट के बाद युवक के चेहरे पर स्याही और गोबर पोतकर उसका जुलूस निकाला गया.

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मॉरल पुलिसिंग के नाम पर कानून की सरेआम धज्जियां उड़ाई गईं. एक होटल में अपनी महिला मित्र के साथ ठहरे युवक आरिफ को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जमकर मारपीट की. पहले उसे बेरहमी से पीटा, बल्कि उसके साथ अमानवीय व्यवहार भी किया. मारपीट के बाद युवक के चेहरे पर स्याही और गोबर पोतकर उसका जुलूस निकाला गया. हद तो तब हो गई जब बीच-बचाव करने आए पुलिसकर्मियों के साथ भी बदसलूकी की गई. हालांकि, विश्व हिंदू परिषद का कहना है कि मारपीट करने वाले आरोपी संगठन से जुड़े हुए नहीं हैं.
पूरा मामला क्या है?आजतक से जुड़े धर्मेंद्र साहू की रिपोर्ट के मुताबिक, 10 मई को आरिफ अपनी गर्लफ्रेंड के साथ एक होटल गए थे. दोनों बालिग हैं. कपल की प्राइवेट डिटेल किसी ने बजरंग दल वालों को दे दी. कथित तौर पर दोनों को होटल में चेक-इन किए दो ही घंटे हुए थे. तभी पीछे से बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ता भी पहुंच गए. उन्होंने आरिफ को पकड़ा और धमकाकर लड़की से उसकी डिटेल्स मांगी. फिर आरिफ पर थप्पड़ बरसाने शुरू कर दिए. बाल खींचे, उनके कपड़े उतारे और भीड़ पीटते हुए होटल के बाहर ले आई.
बात यहां खत्म नहीं हुई. बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने आरिफ के मुंह पर गोबर और कालिख पोती. उन्होंने रास्ते में दूसरे लोगों से भी कहा कि पीड़ित को मारो. नारेबाजी करते हुए बकायदा रैली निकाली गई. रास्ते में कुछ पुलिसकर्मी मिले, जिन्होंने इसे रोकने की कोशिश की. लेकिन कार्यकर्ता पुलिस से भी भिड़ गए. बजरंग दल कार्यकर्ताओं का आरोप है कि आरिफ लव जिहाद कर रहा था. पुलिस के सामने भी वो लगातार इसी बात को दोहरा रहे थे.
पुलिस का कहना है कि आरिफ के खिलाफ कई क्रिमिनल केस दर्ज हैं. उसके ऊपर अवैध वसूली, ब्लैकमेलिंग और मोबाइल चोरी जैसे आरोप लग चुके हैं. बजरंग दल कार्यकर्ताओं से छुड़ाकर पुलिस कपल को अपने साथ थाने ले गई थी. थाने में दोनों ने शिकायत लिखवाने से मना कर दिया.
ये भी पढ़ें: मुस्लिम लड़का-हिंदू लड़की शादी करने कोर्ट पहुंचे, हिंदू संगठन को पता चला, भरे कोर्ट में पीटा
युवती ने क्या बताया?दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, युवती ने पुलिस को बताया कि वो आरिफ को पिछले 5 सालों से जानती है और दोनों रिलेशनशिप में हैं. उसने बताया कि उसके पीजी में लड़कों का आना मना है. इसलिए वो आरिफ से मिलने होटल गई थी. वायरल वीडियो में नज़र आ रहे लोग खुद को बजरंग दल का सदस्य बता रहे हैं. लेकिन, विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी जितेंद्र चौहान का कहना है कि बजरंग दल का इससे कोई लेना देना नहीं है.
वीडियो: हरिद्वार के मुस्लिम ट्रक ड्राइवर ने कहा 'धर्म पूछकर बुरी तरह पीटा', पुलिस ने क्या किया?


