The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • MP IPS Association Slams BJP MLA Pritam Lodhi Over Remarks Against Officer Seeks Action

पुलिस अधिकारी को कहा था 'औकात में रहो', अब BJP विधायक के खिलाफ खुला IPS मोर्चा

मध्यप्रदेश के पिछोर से बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी का एक वीडियो वायरल हुआ था. इसमें उन्होंने शिवपुर जिले के करेरा के एसडीओपी आयुष जाखड़ को धमकी दी थी. दरअसल, उनके बेटे दिनेश लोधी की ‘बीजेपी विधायक’ लिखी थार ने 5 लोगों को कुचल दिया था.

Advertisement
pic
pic
राघवेंद्र शुक्ला
| रवीश पाल सिंह
21 अप्रैल 2026 (पब्लिश्ड: 06:16 PM IST)
Pritam lodhi
आयुष जाखड़ (बायें) को धमकाने का प्रीतम लोधी (दायें) का वीडियो आया था सामने. (फोटो- India Today)
Quick AI Highlights
Click here to view more

पुलिस अफसर को धमकाना मध्यप्रदेश के बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी को भारी पड़ सकता है. एक सिविल सर्वेंट के खिलाफ धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल करने पर IPS असोसिएशन ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. असोसिएशन ने एक लेटर जारी कर विधायक के बयान की निंदा की है.

लेटर में असोसिएशन ने कहा है कि वायरल वीडियो में प्रीतम सिंह लोधी ने पुलिस अधिकारी और उनके परिवार को लेकर जैसी अपमानजनक टिप्पणी की है, वह एक जनप्रतिनिधि को शोभा नहीं देता. इससे अधिकारियों के मनोबल पर बुरा असर पड़ता है और यह मंजूर नहीं है. ऐसा करने पर विधायक पर एक्शन होना चाहिए. 

मध्यप्रदेश के पिछोर से बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी का एक वीडियो वायरल हुआ था. इसमें उन्होंने शिवपुर जिले के करेरा के एसडीओपी आयुष जाखड़ को धमकी दी थी. दरअसल, उनके बेटे दिनेश लोधी की ‘बीजेपी विधायक’ लिखी थार ने 5 लोगों को कुचल दिया था. घटना के बाद दिनेश घायलों को अस्पताल ले जाने की बजाय मौके से भाग गए थे. बाद में जब वो सामने आए तो गलती मानने या माफी मांगने की बजाय घायलों पर दोष मढ़ने लगे. कहने लगे कि उन्होंने हॉर्न दिया था, लेकिन ‘यही लोग लहराते हुए चल रहे थे’. 

इसके बाद पुलिस ने दिनेश लोधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की. पिछले दिनों दिनेश लोधी को पुलिस ने पूछताछ और स्पॉट वेरिफिकेशन के लिए करेरा बुलवाया था. यहां एसडीओपी आयुष जाखड़ ने दिनेश लोधी को करेरा में न दिखने की हिदायत भी दी. इसी बात से दिनेश के विधायक पिता प्रीतम लोधी भड़क गए. उन्होंने एक वीडियो जारी कर आयुष जाखड़ को धमकाते हुए कहा,

SP करैरा कहता है कि यहां दिख मत जाना. मैं कहना चाहता हूं क्या करेरा तुम्हारे डैडी का है? वैसे तो मैं कहता नहीं हूं, लेकिन मैं अब कह रहा हूं. वो वहां आएगा भी और चुनाव भी लड़ेगा. अगर तेरे डैडी में दम हो तो रोक लेना! हमारा इतिहास भी देख लेना. अपनी औकात में रहो. अपने दायरे में रहो.

ये भी पढ़ेंः बेटे पर FIR हो गई, BJP विधायक पुलिस को 'औकात' बताने लगे, वीडियो वायरल हो गया

विधायक की ये बात पुलिस अफसरों के संगठन आईपीएस असोसिएशन को भी नागवार गुजरी. मध्यप्रदेश आईपीएस असोसिएशन के अध्यक्ष चंचल शेखर ने विधायक के बयान का विरोध करते हुए एक लेटर जारी किया. इसमें उन्होंने कहा, 

विधायक प्रीतम सिंह लोधी की करैरा एसडीओपी डॉ. आयुष जाखड़ के बारे में की गई अमर्यादित टिप्पणी और धमकी भरी भाषा निंदनीय और सार्वजनिक जीवन की गरिमा के विपरीत है. इसके वायरल वीडियो में डॉ. आयुष जाखड़ और उनके परिवार को लेकर दी गई धमकियां अमर्यादित और अशोभनीय हैं. 

चंचल शेखर ने आगे कहा कि विधायक का यह आचरण एक जनप्रतिनिधि के पद की मर्यादा के विपरीत है और इससे प्रशासनिक तंत्र और सभी अधिकारियों के मनोबल पर उल्टा असर पड़ता है. जनप्रतिनिधियों से उम्मीद की जाती है कि वो अपने आचरण और भाषा को संयमित रखें. उन्होंने कहा कि ऐसी भाषा और आचरण स्वीकार्य नहीं है और यह प्रशासनिक तंत्र की निष्पक्षता को आहत करता है. मध्यप्रदेश भारतीय पुलिस सेवा संघ इसकी कड़े शब्दों में निंदा करता है और विधायक पर उचित कार्रवाई की मांग करता है.

पत्र में सबसे आखिर में लिखा गया कि यह दुर्भाग्यपूर्ण संयोग है कि सिविल सर्विस दिवस के दिन एक सिविल सेवा अधिकारी के साथ गलत व्यवहार के संबंध में ऐसा नोट जारी करना पड़ रहा है.

वीडियो: अरविंद केजरीवाल की याचिका खारिज, जस्टिस कांता शर्मा ने केस से हटने से मना क्यों किया?

Advertisement

Advertisement

()