बोलेरो से टक्कर के बाद CNG कार में लगी आग, पिता-पुत्र की जिंदा जलकर मौत
बोलेरो से टक्कर के तुरंत बाद CNG कार में भीषण आग लग गई. कार के भीतर फंसे पिता-पुत्र को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और उनकी जलकर मौत हो गई.

मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में एक सड़क हादसे में पिता-पुत्र की जलकर मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, तेज रफ्तार सीएनजी कार अचानक अनियंत्रित होकर एक बोलेरो में जा घुसी. टक्कर के तुरंत बाद कार में भीषण आग लग गई. कार के भीतर फंसे पिता-पुत्र को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
CNG कार में जलकर पिता-पुत्र की मौतआजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना रविवार, 1 मार्च की देर रात हुई. मृतकों की पहचान अमृत सिंह (61) और उनके बेटे अरुण सिंह (22) के तौर पर हुई है. अमृत सिंह अपने परिवार के साथ छिंदवाड़ा के दिघावनी गांव में रहते थे. रविवार को दोनों उत्तर प्रदेश स्थित अपने पैतृक गांव से लौट रहे थे, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही सिवनी रोड पर यह हादसा हो गया.
पुलिस ने बताया कि तेज रफ्तार सीएनजी कार अचानक अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे लगे साइन बोर्ड से टकराई और फिर एक गैरेज के सामने खड़ी बोलेरो में जा घुसी. टक्कर के तुरंत बाद कार में भीषण आग लग गई और देखते ही देखते वह आग का गोला बन गई. भीतर फंसे अमृत सिंह और उनके बेटे अरुण सिंह को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला.
ये भी पढ़ें: चलती कार में आग क्यों लग जाती है? जानबूझकर कौन सी गलतियां करते हैं लोग, जान लीजिए
आग की लपटें इतनी भयानक थीं कि गैरेज में खड़े दो अन्य वाहन भी जलकर खाक हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. पिता-पुत्र के जले हुए शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है. बाद में शव परिजनों को सौंपे जाएंगे.
कुंडीपुरी थाना प्रभारी महेंद्र भगत ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार और देर रात ड्राइविंग के दौरान नींद आना माना जा रहा है. कार से दोनों के जले हुए शव बरामद हुए हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
वीडियो: मथुरा में ज़रा सी देर पर पुलिस ने चायवाले को बुरी तरह पीटा, क्या कार्रवाई हुई?

.webp?width=60)

