BJP नेता की बहन समेत कई महिलाओं को थप्पड़ मारने वाला स्कूटी सवार पकड़ा गया, पता है क्या बोला?
Meerut scooty rider slapper arrested: इलाक़े के लोगों ने उसे पकड़ने के लिए पुलिस में शिकायत की थी. अब आरोपी कपिल की गिरफ्तारी के बाद मेरठ के SSP विपिन ताडा की भी प्रतिक्रिया आई है. उनका कहना है कि आरोपी से उसकी इस हरकत की वजह पूछी गई तो वो ‘पारिवारिक तनाव’ को घटना का कारण बताया है.

उत्तर प्रदेश के मेरठ ज़िले में पुलिस ने ‘स्कूटी सवार थप्पड़बाज़’ को गिरफ़्तार कर लिया है. आरोप है कि ये शख़्स स्कूटी पर तेज़ी से आता था और लोगों को पीछे से थप्पड़ मारकर फरार हो जाता था. पुलिस ने उसके पास से स्कूटी भी बरामद कर ली है. उसने बताया है कि इस गिरफ़्तारी के लिए 50 से ज़्यादा CCTV कैमरे खंगाले गए. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी का मेडिकल करा कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
पूरा मामला मेरठ के नौचंडी क्षेत्र का है. यहां के फूल बाग कॉलोनी से शिकायतें आई थीं कि एक स्कूटी सवार शख़्स ने कई लोगों को स्कूटी पर चलते हुए थप्पड़ मारा है. थप्पड़ मारने की शिकायत करने वालों में कई महिलाएं, लड़कियों समेत एक रिटायर्ड अधिकारी भी शामिल हैं. दैनिक भास्कर की ख़बर के मुताबिक़, आरोपी कपिल पर एक स्थानीय BJP नेता की बहन को भी थप्पड़ मारने का आरोप है.
'फैमिली टेंशन बहुत है'इन घटनाओं के चलते स्थानीय लोगों में काफ़ी ग़ुस्सा था. वो आरोपी की जल्द गिरफ़्तारी की मांग कर रहे थे. इलाक़े के लोगों ने उसे पकड़ने के लिए पुलिस में शिकायत की थी. अब आरोपी कपिल की गिरफ्तारी के बाद मेरठ के SSP विपिन ताडा की भी प्रतिक्रिया आई है. उनका कहना है कि आरोपी से उसकी इस हरकत की वजह पूछी गई तो वो ‘पारिवारिक तनाव’ को घटना का कारण बताया है. SSP विपिन ताडा ने कहा,
“कुछ दिनों से शिकायत आ रही थी कि राह चलते लोगों को एक स्कूटी सवार शख़्स थप्पड़ मार कर आगे चल जाता है. पुलिस ने इसमें शिकायत दर्ज की और आरोपी को गिरफ़्तार किया है. शुरुआती पूछताछ में आरोपी की तरफ़ से घटना को स्वीकार किया गया है. उसने किन परिस्थितियों में ऐसा किया, ये पूछे जाने पर उसने अपने पारिवारिक तनाव के बारे में बताया.”
SSP विपिन ने आगे बताया कि आरोपी का मेडिकल कराकर आगे की कार्रवाई की जा रही है. इसके लिए तीन टीमें में बनाई गई थीं. CCTV की मदद से आरोपी को स्कूटी के साथ गिरफ्तार किया गया है. उसका नाम कपिल है. उससे पूछताछ की जा रही है.
ये भी पढ़ें - BPSC प्री एग्जाम: पटना DM ने अभ्यर्थी को मारा थप्पड़
एक बुज़र्ग को मारने का CCTV वीडियो भी सामने आया. जो सोशल मीडिया पर वायरल है. वीडियो फ़ुटेज को लेकर BJP के कार्यकर्ता पुलिस थाने भी पहुंचे थे. उन्होंने पुलिस स्टेशन का घेराव भी किया था. जो वीडियो वायरल हुआ, उसमें एक स्कूटी सवार शख़्स एक बुज़ुर्ग को पीछे से मारते और स्कूटी तेज़ चलाकर भागते हुए दिखा. बुज़ुर्ग इस अचानक हुई घटना के बाद ज़मीन पर गिर भी गए.
वीडियो: यूपी पुलिसवाले ने थप्पड़ क्यों बरसाए? पूरी कहानी सुन दिमाग हिल जाएगा!


