पत्नी की मौत पर फूट-फूटकर रोया, जांच में पति ही हत्या का आरोपी निकला
पुलिस ने बताया कि हत्या का आरोपी पति साकिब का दूसरी महिला से अवैध संबंध था. इसका विरोध उसकी पत्नी कौसर करती थी. दोनों के बीच इस बात को लेकर बहस भी होती थी.

पत्नी की मौत पर फूट-फूटकर रोने वाला पति ही उसकी हत्या का आरोपी निकल गया. घटना मेरठ की है. यहां कथित तौर पर एक शख्स ने पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी. फिर पुलिस को गुमराह करने के लिए पत्नी के शव के पास जोर-जोर से रोने की एक्टिंग करने लगा. हालांकि, उसे इस ड्रामे में कामयाबी नहीं मिली. जल्द ही पुलिस ने उसका भंडाफोड़ कर दिया. सख्ती से पूछताछ के बाद आरोपी ने पत्नी की हत्या की बात कबूल कर ली. इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. हत्या में इस्तेमाल हथियार को भी बरामद कर लिया गया है.
मृतक महिला की पहचान मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के मजीद नगर इलाके की निवासी कौसर के तौर पर हुई है. इंडिया टुडे से जुड़े मोहम्मद उस्मान चौधरी की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि हत्या का आरोपी पति साकिब का दूसरी महिला से अवैध संबंध था. इसका विरोध उसकी पत्नी कौसर करती थी. दोनों के बीच इसी बात को लेकर बहस भी होती थी. बताया गया कि हत्या की रोज भी दोनों में बहस हुई थी, जिसके बाद आरोपी ने पेपर कटर से महिला की गला काटकर हत्या कर दी. लाश को जमीन पर खून से लथपथ छोड़ दिया.
हत्या के वक्त घर में उसकी तीन छोटी बच्चियां भी मौजूद थीं. आरोपी ने इस हत्याकांड को चोरी के बाद की गई हत्या दिखाने का प्रयास किया. प्लान के मुताबिक उसने एक बच्ची को भी यह बताया कि पुलिस पूछे तो कह देना कि घर पर चोर आए थे.
इसके बाद पत्नी के शव के पास रो-रोकर शोर मचाने लगा. शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए. सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच करने लगी. पुलिस को शुरुआत से ही पति पर शक था, क्योंकि आरोपी पूछताछ में लगातार अपने बयान बदल रहा था.
आरोपी साकिब इतना शातिर था कि उसने अपनी बेटियों को भी झूठी कहानी बताई कि उनकी मां की हत्या किसी काले कपड़े पहने अज्ञात हमलावर ने की है. आरोपी पुलिस को भी गुमराह करता रहा और झूठी कहानियां बताता रहा लेकिन पुलिस को चकमा नहीं दे पाया.
यह भी पढ़ें: सुन नहीं पातीं, देख नहीं पातीं, 12वीं में नंबर 98.75%, सारा मोईन की कहानी हिम्मत देती है
पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी साकिब ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार पेपर कटर को भी बरामद कर लिया. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.
वीडियो: पश्चिम बंगाल में किन 15 बूथों पर री-वोटिंग होगी?


