The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • Mallikarjun Kharge call Hyderabadi Biryani Pareshani Asaduddin Owaisi Hyderabad Congress MP Imran Masood

'वो हमें खत्म करके जाएगा...', खरगे की 'हैदराबादी परेशानी' पर AIMIM का तंज- 'डर देखकर अच्छा लगा'

Mallikarjun Kharge on Asaduddin Owaisi: मल्लिकार्जुन खरगे के वीडियो ने तूल पकड़ा तो कांग्रेस सांसद Imran Masood ने सफाई पेश की. वहीं, खरगे के बयान को BJP ने Hyderabad का अपमान बताया है.

Advertisement
pic
pic
मौ. जिशान
| मौसमी सिंह
14 फ़रवरी 2026 (पब्लिश्ड: 10:56 PM IST)
Mallikarjun Kharge, Hyderabadi, Hyderabadi Biryani, Asaduddin Owaisi,  Hyderabad, Congress MP, Imran Masood
मल्लिकार्जुन खरगे (बायीं तस्वीर में बीच में) के बयान पर AIMIM और BJP ने प्रतिक्रिया दी. (ITG/PTI)
Quick AI Highlights
Click here to view more

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है. इसमें खरगे कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के साथ बातचीत करते नजर आ रहे हैं. बातचीत में हैदराबादी परेशानी का भी जिक्र आता है, जिस पर ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम ने चुटकी ले ली है. वायरल वीडियो में खरगे कथित रूप से कहते सुनाई देते हैं कि ‘वो आएगा तो हमें खत्म करके जाएगा.’ फिर ‘हैदराबादी परेशानी’ की बात भी आती है. सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि खरगे की 'हैदराबादी परेशानी' AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी हैं.

दरअसल, असदुद्दीन ओवैसी हैदराबाद से सांसद हैं और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के चीफ भी हैं. उनकी पार्टी ने यूपी के पंचायत चुनावों में उतरने का फैसला किया है. इसी बीच मल्लिकार्जुन खरगे और सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद का यह वायरल वीडियो सामने आया है. 

इंडिया टुडे की सीनियर एडिटर मौसमी सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक, वीडियो संसद परिसर का है. शार्दुल द्वार के बाहर खरगे इमरान मसूद से बात करते दिख रहे हैं. एक और नेता उनके साथ में थे, जिन्हें कांग्रेस जॉइन कराने की बात हो रही थी. तभी खरगे कथित तौर पर कहते नजर आते हैं,

"जॉइन कराओ. उसे आने मत देना. वो एक बार आएगा, वो तो खत्म हो जाएगा, नेशनल पार्टी नहीं है उसकी. लेकिन हमें खत्म करके जाएगा. कौन? हैदराबाद. हैदराबाद में तीन मशहूर चीजें हैं. मालूम है? एक शेरवानी, एक बिरयानी और एक परेशानी."

कयास लग ही रहे थे कि खरगे ओवैसी की बात कर रहे थे. इसी बीच AIMIM ने उनके बयान पर प्रतिक्रिया देकर कांग्रेस की चुटकी ले ली है. AIMIM दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष डॉ. शोएब जामई ने X पर लिखा,

"हमारी कयादत (लीडरशिप) खत्म नहीं होगी इंशाल्लाह. मगर मुसलमानों को ठगने वाली पार्टियों की दुकान जरूर बंद हो जाएगी. वैसे यह डर देखकर अच्छा लगा.."

Shoaib Jamai
शोएब जमई का पोस्ट. (X @shoaibJamei)

मामले ने तूल पकड़ा तो कांग्रेस सांसद इमरान मसूद सामने आए. शनिवार, 14 फरवरी को उन्होंने पूरे मामले पर सफाई दी. वायरल वीडियो पर इमरान मसूद ने कहा,

"खरगे जी हम लोगों से बातचीत में मजाक भी करते हैं. उस समय भी वे हम लोगों से कुछ मजाक में कह रहे थे. उसका लोग बतंगड़ बना रहे हैं. वो कह रहे थे कि हैदराबाद में बिरयानी, शेरवानी और परेशानी मशहूर है. हमारे अध्यक्ष मजाक कर रहे थे. वो कोई गंभीर मसला नहीं था."

Mallikarjun Kharge
सोशल मीडिया यूजर्स का रिएक्शन. (X)

वीडियो में यह साफ नहीं है कि खरगे किस शख्स या पार्टी के बारे में बात रहे हैं. इमरान मसूद ने भी इसे गंभीर मामला नहीं बताया है. मगर भारतीय जनता पार्टी (BJP) खरगे के वीडियो पर प्रतिक्रिया देने से कतई नहीं चूकी. BJP प्रवक्ता एन वी सुभाष ने हैदराबाद पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की कथित टिप्पणी की निंदा की. उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा,

"कांग्रेस पार्टी ने बहुत साफ कहा है कि कांग्रेस मुस्लिम पार्टी है... मुस्लिम ही कांग्रेस है. (तेलंगाना के मुख्यमंत्री) रेवंत रेड्डी... मुझे लगता है कि अब वो अपना नाम रेवंत रेड्डी से बदलकर रेवंतुद्दीन रख लेंगे. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा... हैदराबादियों पर विश्वास मत करो क्योंकि वे 'बिरयानी' खाते हैं, वे 'शेरवानी' पहनते हैं, वे 'परेशानी' करेंगे... यह हैदराबाद का अपमान है. हैदराबाद के लोगों को सच में कांग्रेस पार्टी को नकार देना चाहिए."

एन वी सुभाष ने आगे कहा कि हैदराबादी बिरयानी की देश और दुनिया भर में तारीफ होती है. सभी लोग बिना किसी भेदभाव के शेरवानी पहनते हैं. उन्होंने कहा कि हम हैदराबादी किसी को परेशान नहीं करते. सुभाष ने कहा कि हम लोग बेहद कॉन्फिडेंट और फ्रेंडली होते हैं.

वीडियो: सहारनपुर में कैदी ने जज के सामने यूपी पुलिस के 'हाफ एनकाउंटर' पर क्या बता दिया?

Advertisement

Advertisement

()