बैंक खाते में 'गलती' से आ गए 10 करोड़ रुपये, फिर महिला ने जो किया वो मिसाल है
अपने खाते में इतनी बड़ी रकम होने के बावजूद रीता ने उसमें से एक पैसा निकालने की कोशिश नहीं की. उन्हें समझ आ गया था कि ये पैसे उनके नहीं हैं.

हर कोई चाहता है कि ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में अमिताभ बच्चन के सामने बैठकर सवालों के जवाब देते हुए एक झटके में करोड़ों रुपये जीत जाए. बैंक में इतने पैसे आ जाएं कि जरूरत और शौक दोनों पूरे हो जाएं. लेकिन सोचिए अगर आपके अकाउंट में बैंक की गलती से करोड़ों रुपये आ जाएं तो आप क्या करेंगे? बैंक को जाकर बताएंगे या चुपके से सारे पैसे खर्च कर डालेंगे? आप जो भी करें. वो आपकी ईमानदारी पर है. लेकिन हम उत्तर प्रदेश के मैनपुरी की रहने वाली एक महिला को जानते हैं, जिसकी नीयत करोड़ों रुपये देखने के बाद भी नहीं फिसली. बैंक की गलती से उसके खाते में 10 करोड़ रुपये आ गए लेकिन जब उसे इसका पता चला तो उसने इसमें से एक भी रुपया निकालने से साफ मना कर दिया.
कैसे आ गए करोड़ों रुपये?ये खबर मैनपुरी के बिछवां इलाके के देवगंज गांव की है. यहां पारसभान बहेलिया नाम के एक व्यक्ति रहते हैं. उनकी पत्नी रीता भी उनके साथ रहती हैं. पूरा परिवार खेती-बाड़ी करके अपना गुजारा करता है. नवरात्र के दौरान अष्टमी के दिन रीता पैसे निकालने के लिए बैंक गई थीं लेकिन बैंक बंद होने के कारण वह पैसे नहीं निकाल पाईं. इसके बाद वह पास के एक ATM पर गईं और अपना बैलेंस चेक किया. एटीएम की स्क्रीन पर रीता ने जो देखा, उसे देखकर वो हैरान रह गईं.
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, बैंक ऑफ इंडिया के उनके खाते में 9 करोड़ 99 लाख 49 हजार 588 रुपये का बैलेंस दिखा. यानी यह 10 करोड़ के लगभग था. पहले तो रीता को अपनी आंखों पर यकीन नहीं हुआ. उन्हें लगा कि एटीएम में ही गड़बड़ है. इसलिए वो एक दूसरे एटीएम पर गईं. दूसरे एटीएम पर जब उन्होंने दोबारा बैलेंस चेक किया तो उन्हें समझ आ गया कि वाकई में उनके खाते में 10 करोड़ रुपये आ गए हैं. उन्होंने एटीएम की स्क्रीन का एक वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल है.
एक रुपया भी नहीं निकालाअपने खाते में इतनी बड़ी रकम होने के बावजूद रीता ने उसमें से एक पैसा निकालने की कोशिश नहीं की. उन्हें समझ आ गया था कि ये पैसे उनके नहीं हैं. उन्होंने अपने परिवार वालों को भी कह दिया कि जब तक पता न चल जाए कि पैसे किसके हैं, तब तक वो इसे हाथ न लगाएं. इस घटना के बाद से आस-पड़ोस और स्थानीय लोग उनकी इस कमाल की ईमानदारी की तारीफ कर रहे हैं. रीता और उनका परिवार इस मामले की जानकारी देने बैंक भी गए लेकिन उन्हें पता चला कि छुट्टी होने के कारण बैंक बंद है.
बाद में इस मामले पर जानकारी देते हुए बैंक ऑफ इंडिया की करीमगंज शाखा के मैनेजर ऋषिकांत पांडे ने बताया,
शायद किसी तकनीकी गड़बड़ी या लेन-देन में हुई किसी गलती के कारण ऐसा हुआ होगा. बैंक के दोबारा खुलने पर इस मामले की जांच की जाएगी और इसे सुलझा लिया जाएगा.
रीता के साथ हुई यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. सोशल मीडिया पर भी कई लोग रीता की ईमानदारी की तारीफ कर रहे हैं. खासकर ऐसे समय में जब उनके और उनके परिवार के पास करोड़ों की रकम का गलत इस्तेमाल करने का पूरा मौका था लेकिन उन्होंने ऐसा न करने का फैसला किया.
वीडियो: खर्चा पानी: बैंक वालों के कॉल से हैं परेशान? मोदी सरकार इलाज करने वाली है

.webp?width=60)
