The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • Maharashtra nanded man insures entire village at his wedding bahadurpura

Viral Wedding: दूल्हे ने कराया पूरे गांव का बीमा, वजह आपका भी दिल जीत लेगी

यह मामला Maharashtra के नांदेड़ जिले के एक गांव का है. गांव के करीब 3,500 लोग एक शादी में शामिल हुए थे. हर एक को 1 लाख रुपये का एक्सीडेंट कवर मिला है.

Advertisement
pic
26 मई 2026 (पब्लिश्ड: 03:43 PM IST)
Maharashtra nanded man insures entire village at his wedding
इंटरनेट पर इस कपल की खूब तारीफ हो रही है. (फोटो: ITG)
Quick AI Highlights
Click here to view more

महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में एक शख्स ने अपनी शादी में पूरे गांव का दुर्घटना बीमा कराया है. गांव के करीब 3,500 लोग शादी में शामिल हुए थे. हर एक को 1 लाख रुपये का एक्सीडेंट कवर मिला है. गांव के ज्यादातर लोग खेती और मजदूरी करते हैं. खेतों में काम करने के दौरान सांप काटने, जंगली जानवरों के हमले या दूसरे हादसों का खतरा बना रहता है. इन हादसों के जोखिम को देखते हुए दूल्हे के परिवार ने यह फैसला लिया.

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला नांदेड़ जिले की कंधार तहसील के बहादुरपुरा गांव का है. 20 मई को सिद्धेश्वर पेठकर और मंजूषा की शादी हुई. इस शादी में पेठकर और उनके परिवार ने गांव के सभी लोगों का दुर्घटना बीमा कराया. बहादुरपुरा गांव की वोटर लिस्ट में 3,600 से ज्यादा नाम हैं. परिवार के मुताबिक, लिस्ट में शामिल लगभग सभी लोग अब इंश्योरेंस स्कीम के तहत कवर हो गए हैं. दूल्हे सिद्धेश्वर पेठकर ने कहा, 

“हमारे गांव में ज्यादातर लोग मजदूर या किसान हैं. जब वे खेतों में काम करने जाते हैं, तो कुछ को सांप काट लेते हैं, जबकि कुछ पर जंगली जानवर हमला कर देते हैं. ऐसे हादसे यहां अक्सर होते रहते हैं. इन मुश्किलों को देखकर मेरे बड़े भाई को लगा कि हमें कम्युनिटी की मदद के लिए अपनी तरफ से कुछ करना चाहिए” 

उन्होंने बताया कि यह आइडिया उनके बड़े भाई अनूप पेठकर को आया. अनूप बताते हैं,

“यह पूरी तरह से दुर्घटना बीमा है. ऐसी किसी भी दुर्घटना के कारण मृत्यु होने पर, परिवार को 1 लाख रुपये मिलेंगे.”

यह पॉलिसी सांप के काटने, बिजली गिरने, जानवरों के हमले, सड़क दुर्घटनाओं और यहां तक कि रोजाना होने वाले हादसों से होने वाली मौतों को भी कवर करती है.

पहले भी परिवार कर चुका है मदद

यह पहली बार नहीं है जब पेठकर परिवार ने इस तरह का कोई बीड़ा उठाया हो. अनूप ने बताया कि परिवार ने पहले भी एक ‘इंश्योरेंस और हेलमेट’ कैंप लगाया था, जिसमें एक ही दिन में करीब 900 लोगों का इंश्योरेंस किया गया था. अपनी शादी के दौरान भी उन्होंने मेहमानों को हेलमेट बांटे थे. अनूप ने बताया,

“और आज, मेरे छोटे भाई की शादी के मौके पर हमारा पूरा परिवार चाहता था कि हर कोई एक्सीडेंट इंश्योरेंस के दायरे में आए.”

दुल्हन मंजूषा पेठकर ने कहा, “आज, हमारा पूरा परिवार और हम दोनों बेहद खुश हैं.”

ये भी पढ़ें: वर्कर्स को हर रोज चाय-नाश्ता कराती है यह महिला, वायरल वीडियो ने लोगों का दिल जीता!

शिवसेना सांसद ने की तारीफ

इस कदम की सोशल मीडिया पर भी खूब तारीफ हुई. कई यूजर्स ने परिवार की सराहना की कि उन्होंने वह काम किया जिसे अक्सर सरकार की जिम्मेदारी माना जाता है. शिवसेना (शिंदे गुट) सांसद मिलिंद देवरा ने इस पहल को ‘प्रेरणादायक’ बताया. ‘X’ पर उन्होंने लिखा,

“हजारों ग्रामीणों को शादी के 'रिटर्न गिफ्ट' के तौर पर दुर्घटना बीमा कवरेज देना एक प्रेरणादायक कदम है."

Maharashtra nanded man insures entire village at his wedding
(फोटो: X)

उन्होंने लिखा कि ऐसे विचारशील युवा भारतीयों को और शक्ति मिले, जिन्होंने दिखावे के बजाय करुणा को चुना.

वीडियो: दूल्हा बनेगा गैंगस्टर काला जठेड़ी, लेडी डॉन अनुराधा चौधरी से होगी शादी, कोर्ट से मिली कस्टडी परोल

Advertisement

Advertisement

()