एग्जाम में छात्रों ने खुलेआम चलाया स्मार्टफोन, '300 रुपये' में बिक गए कॉलेज के टीचर्स
महाराष्ट्र में BA प्रशासनिक की परीक्षाएं 15 अप्रैल से शुरू हुई हैं. ये 8 मई तक चलेंगी. असिस्टेंट रजिस्ट्रार ने बताया कि इस मामले के सामने आने के बाद सर्वोदय कॉलेज में दिया गया एग्जाम सेंटर बंद कर दिया गया है. अब यहां जांच पूरी होने तक कोई भी एग्जाम आयोजित नहीं कराया जाएगा.

महाराष्ट्र के चंद्रपुर के एक एग्जाम सेंटर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. वीडियो में परीक्षा दे रहे छात्र अलग ही लेवल की नकल करते दिख रहे हैं. सभी छात्रों के हाथ में मोबाइल है. और वे मोबाइल से देखकर बड़े ही आराम से पेपर लिख रहे हैं. कई छात्र गाइड और किताब लेकर भी बैठे हैं.
घटना 22 अप्रैल की बताई जा रही है. वीडियो महाराष्ट्र के चंद्रपुर के सर्वोदय कॉलेज का है. यह कॉलेज कवि कुलगुरु कालिदास रामटेक यूनिवर्सिटी से मान्यता प्राप्त है. यहां Bachelor of art civil services यानी BA प्रशासनिक सेवा की परीक्षा आयोजित कराई गई थी. इस परीक्षा में पास होने के बाद छात्र कॉम्पिटेटिव परीक्षा के लिए एलिजिबल हो जाते हैं.
इंडिया टुडे से जुड़े विकास राजुरकर के इनपुट के मुताबिक, सर्वोदय कॉलेज में BA प्रशासनिक सेवा के फर्स्ट ईयर, सेकेंड ईयर और थर्ड ईयर के छात्रों का एग्जाम सेंटर था. यहां करीब 400 छात्र परीक्षा दे रहे थे. कॉलेज प्रशासन ने खुलेआम छात्रों को चिटिंग करने की छूट दे रखी थी. वीडियो में आप देख सकते हैं कि सभी छात्रों के पास मोबाइल है. और वे बड़े आराम से बेखौफ होकर मोबाइल से चिटिंग कर रहे हैं. छात्र मोबाइल पर गूगल की मदद से आंसर खोज कर लिख रहे थे.
इंडिया टुडे के इनपुट के मुताबिक, छात्रों ने बताया कि कॉलेज के टीचर्स ने नकल की छूट देने के बदले सभी छात्रों से 300-300 रुपये की वसूली की थी. इनमें से कुछ छात्र जो खुद की मेहनत से पास होना चाहते थे, उन्होंने पैसे चुकाने से इनकार कर दिया. इन्हीं छात्रों ने एग्जाम सेंटर से बाहर आकर इन टीचर्स की पोल पट्टी खोल दी.
परीक्षा में धड़ल्ले से नकल तो चल ही रही थी, सेंटर पर छात्रों को बिठाने की भी पूरी व्यवस्था नहीं थी. एक बेंच पर तीन-तीन छात्र बैठे थे. जिनको बेंच पर जगह नहीं मिली उन्होंने जमीन पर आसन जमा लिया. इन सब अव्यवस्थाओं को अनदेखा करते हुए सर्वोदय कॉलेज में एग्जाम सेंटर दे दिया गया.
आजतक की टीम ने कवि कुलगुरु कालिदास रामटेक यूनिवर्सिटी के असिस्टेंट रजिस्ट्रार से इस बारे में बात की. उन्होंने बताया,
हमें लिखित शिकायत मिली है. हमने यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर अतुल वैद्य की परमिशन से एक टीम गठित की है. टीम को जांच के लिए सर्वोदय कॉलेज भेजा गया है. वहां पहुंचकर टीम ने जांच शुरू कर दी है.
महाराष्ट्र में BA प्रशासनिक की परीक्षाएं 15 अप्रैल से शुरू हुई हैं. ये 8 मई तक चलेंगी. असिस्टेंट रजिस्ट्रार ने बताया कि इस मामले के सामने आने के बाद सर्वोदय कॉलेज में दिया गया एग्जाम सेंटर बंद कर दिया गया है. अब यहां जांच पूरी होने तक कोई भी एग्जाम आयोजित नहीं कराया जाएगा.
वीडियो: DM ने एग्जाम सेंटर में छात्र का कॉलर पकड़ा, कई थप्पड़ भी बरसाए

