The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • madhya pradesh Chhatarpur woman beat her drunk husband to death

पति नशे में घर आया और पीटने लगा, गुस्से में पत्नी ने इतना पीटा कि मौत हो गई

Madhya Pradesh: पत्नी बीते कई सालों से मायके में ही रह रही थी. आरोप है कि शख्स अक्सर नशे की हालत में उसके घर आता था और पत्नी के साथ मारपीट करता था. घटना के बाद पत्नी ने खुद पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया.

Advertisement
pic
4 जून 2026 (अपडेटेड: 4 जून 2026, 12:18 PM IST)
madhya pradesh Chhatarpur woman beat her drunk husband
घटना के बाद पत्नी ने खुद पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया. (फोटो: ITG)
Quick AI Highlights
Click here to view more

मध्य प्रदेश के छतरपुर में एक महिला ने अपने पति को पीट-पीटकर मार डाला. मृतक की पहचान दीनदयाल कुशवाहा के तौर पर हुई है. पत्नी बीते कई सालों से मायके में रह रही थी. आरोप है कि दीनदयाल अक्सर नशे की हालत में उसके घर आता था और पत्नी के साथ मारपीट करता था. 1 जून को भी उसने नशे में धुत होकर पत्नी के साथ मारपीट की. जवाब में पत्नी ने भी पलटवार किया. गंभीर चोटों की वजह से दीनदयाल की मौत हो गई.

क्या है पूरा मामला?

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, पूरा मामला छतरपुर की शिवनगर कॉलोनी का है. आरोपी की पहचान नीलम कुशवाहा के तौर पर हुई है. पुलिस ने बताया कि दीनदयाल कुशवाहा अपनी ससुराल गया था. यहां पति-पत्नी के बीच किसी बात पर बहस शुरू हो गई, जो बाद में एक हिंसक झड़प में बदल गई. 

नीलम के परिवार ने आरोप लगाया है कि दीनदयाल अक्सर नशे की हालत में उनके घर आता था, नीलम पर अपनी ससुराल लौटने का दबाव डालता था और उसके साथ मारपीट करता था.

उन्होंने दावा किया कि 1 जून को वह फिर से नशे की हालत में आया और उसने नीलम पर शारीरिक हमला किया. इसके जवाब में कथित तौर पर नीलम ने भी पलटवार किया और दीनदयाल पर हमला कर दिया, जिससे उसे जानलेवा चोटें आईं. घटना के बाद आरोपी नीलम खुद स्थानीय पुलिस स्टेशन गई और घटना की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और दीनदयाल को मृत पाया. उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.

चार साल से अलग रह रहा था कपल

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अंगोर गांव के रहने वाले दीनदयाल की शादी करीब आठ साल पहले नीलम से हुई थी. लगातार शादी के झगड़ों की वजह से यह कपल लगभग चार साल से अलग रह रहा था. उनका तलाक का मामला अदालत में लंबित था, जिसकी अगली सुनवाई 13 जून को होनी थी. नीलम की मां रानी कुशवाहा ने कहा, 

"पति-पत्नी के बीच काफी समय से झगड़ा चल रहा था. वह बहुत ज्यादा शराब पीता था और नीलम को पीटता था. जब भी वह हमारे घर आता था, तो हंगामा खड़ा कर देता था. जिस दिन यह घटना हुई, तब मेरे पति और मैं बाहर गए हुए थे. पिछले चार-पांच सालों से उनके बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा था."

ये भी पढ़ें: पत्नी ने पति समेत परिवार के 4 लोगों की हत्या की, सबके शव जला डाले, रोने का वीडियो वायरल

पुलिस ने क्या बताया?

सीनियर पुलिस अधिकारी आशुतोष श्रोतिया ने कहा, 

"हमें जानकारी मिली कि दीनदयाल कुशवाहा नाम के एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है. एक FIR दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. उसकी पत्नी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. हम उससे पूछताछ जारी रखे हुए हैं."

उन्होंने आगे कहा कि महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी शादीशुदा जिंदगी में काफी दिक्कतें थीं. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. जांच अभी जारी है और मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है. साथ ही फोरेंसिक सबूत भी जुटाए जा रहे हैं.

वीडियो: बॉबी देओल ने बताया, उनके पास काम नहीं था, पत्नी चलाती थीं घर, फिर क्या हुआ?

Advertisement

Advertisement

()