मरीज ने एंबुलेंस में उल्टी कर दी, ड्राइवर ने पत्नी से धुलवाई
Madhya Pradesh Clean Ambulance Viral Video: मध्य प्रदेश से एक वीडियो सामने आया है. जिसमें एक महिला एंबुलेंस को साफ करती दिख रही है. बताया गया कि एम्बुलेंस के कर्मचारी ने एक घायल मरीज के परिजनों से ये कहा था. क्योंकि उसकी गाड़ी गंदी हो गई थी. घटना का वीडियो अब वायरल हो रहा है.

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है. क्लिप में एक महिला एंबुलेंस धोते हुए नजर आ रही है. बताया गया कि 108 एंबुलेंस के कर्मचारी ने ही महिला को गाड़ी साफ करने के लिए कहा था. क्योंकि उनके पति (मरीज) ने उल्टी कर दी थी. जिससे एंबुलेंस गंदी हो गई. अब मामले पर कर्मचारी मोहित को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है.
घटना मध्य प्रदेश के कटनी जिले की है. मरीज का नाम राहुल बर्मन (उम्र 32) है. वह करेला गांव के पास एक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए थे. हालत काफी गंभीर थी. एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल लाया गया. डॉक्टर ने इलाज शुरू किया. लेकिन कंडीशन काफी क्रिटिकल होती देख उन्हें जबलपुर रेफर करने के लिए कहा गया.
इंडिया टुडे से जुड़े अमर ताम्रकर की रिपोर्ट के मुताबिक, एंबुलेंस कर्मचारी मोहित ने मरीज को डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल से जबलपुर ले जाने से पहले परिवार वालों से पैसे मांगे. गाड़ी गंदी होने पर उसे परिजनों से धुलवाया. किसी ने पूरी घटना का वीडियो फोन में रिकॉर्ड कर वायरल कर दिया.
क्लिप में एक महिला को कार वॉश करते हुए देखा जा सकता है. तभी वीडियो बना रहा शख्स महिला से सवाल पूछता है, “अरे गाड़ी क्यों धो रहे हो. किसने कहा है. मरीज को लेकर आए थे इसमें?” महिला हां में जवाब देती है. कोई कहता है, “रहने दो. क्या यही भईया (एंबुलेंस चालक) बोले है आपसे?” जवाब में महिला फिर हां कहती है.
वीडियो में दिखाई दी महिला घायल शख्स की पत्नी प्रमिला बर्मन बताई गई है. मामले पर कटनी जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा का भी बयान आया है. उन्होंने कहा कि सोशल में वायरल हुआ वीडियो हमारे पास आया है जिसे संज्ञान लेते हुए 108 प्रभारी और एंबुलेंस ड्राइवर को नोटिस जारी करते हुए 1 सप्ताह के भीतर जवाब मांगा है. उचित जवाब न मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
वीडियो: मध्य प्रदेश में घायल मरीज की पत्नी से साफ कराई एम्बुलेंस, इंसानियत शर्मशार!

