The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • lucknow murder father strangles daughter to death acid attack police uttar pradesh

लखनऊ: बेटी के अफेयर से नाराज था पिता, गला घोंटकर का मारा, फिर तेजाब से चेहरा जलाया

Lucknow Murder: पुलिस को Barabanki में एक नाबालिग लड़की का शव बरामद होने की जानकारी मिली. लखनऊ पुलिस ने उनसे संपर्क किया. इसके बाद शव की पहचान के लिए लड़की के कथित प्रेमी को बुलाया गया, जिसने उसके शव की पहचान की.

Advertisement
pic
21 अप्रैल 2026 (अपडेटेड: 21 अप्रैल 2026, 08:44 AM IST)
Lucknow, Lucknow news, Lucknow murder, Lucknow honor killing April 2026, Vijay Kumar Chaubey daughter murder, Barabanki, Barabanki news, Barabanki acid attack, acid attack, acid attack minor girl body, Lucknow Police IGRS
पुलिस ने आरोपी पिता विजय कुमार चौबे (दाएं से दूसरा) और उसके दोस्त अब्दुल मन्नान को गिरफ्तार कर लिया. (ITG)
Quick AI Highlights
Click here to view more

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक पिता ने अपनी नाबालिग बेटी की कथित तौर पर हत्या कर दी. वजह? बेटी का एक युवक के साथ कथित अफेयर था. आरोप है कि इससे नाराज होकर पिता ने बेटी का गला घोंटकर उसकी जान ले ली. हत्या के बाद लड़की के चेहरे को तेजाब से जलाया गया, ताकि शव की पहचान ना हो सके. पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपी पिता ने खुद बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. इसी चालाकी ने उसे बेनकाब कर दिया. पुलिस ने आरोपी पिता विजय कुमार चौबे और घटना में कथित तौर पर शामिल उसके दोस्त अब्दुल मन्नान को गिरफ्तार कर लिया है.

आरोपी विजय कुमार चौबे ने 'इंटीग्रेटेड ग्रीवांस रिड्रेसल सिस्टम' (IGRS) यानी 'जनसुनवाई-समाधान पोर्टल' पर बेटी की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज की थी. लखनऊ के चिनहट थाना प्रभारी दिनेश मिश्रा पुलिस टीम के साथ जांच के लिए आरोपी के घर पहुंचे तो वह फरार मिला. घर पर लड़की के दादा मिले, जो पुलिस विभाग से रिटायर्ड इंस्पेक्टर हैं. उन्हें बेटे की हरकतों पर शक हुआ. वे वकील के साथ खुद ही थाने पहुंचे और जांच की मांग की.

इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी. पुलिस उस युवक तक पहुंची, जिससे कथित तौर पर लड़की के संबंध थे. युवक ने पुलिस को एक ऑडियो सुनाई, जिसमें लड़की ने बताया था कि वह अपने पिता के साथ जा रही है और फिलहाल संपर्क ना करने को कहा था. यही ऑडियो इस पूरे केस की सबसे अहम कड़ी साबित हुई.

इस मामले में डिप्टी पुलिस कमिश्ननर (DCP, ईस्ट) डॉ. दीक्षा शर्मा ने जानकारी दी. आजतक से जुड़े अंकित मिश्रा की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने बताया,

"16 अप्रैल को आरोपी विजय कुमार चौबे ने अपनी 16 साल की बेटी की गुमशुदगी की शिकायत IRGS पोर्टल पर दर्ज कराई थी. अगले दिन पुलिस जांच के लिए पहुंची, लेकिन आरोपी घर से गायब मिला. आस-पास के लोगों से जानकारी ली गई. आरोपी के पिता से भी बात की गई. यहीं से शक गहराया और पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी."

पुलिस ने आरोपी को गोंडा से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. उसने बताया कि बेटी के कथित संबंधों से नाराज होकर उसने हत्या की साजिश रची थी. 14 अप्रैल को आरोपी अपने दोस्त अब्दुल मन्नान के साथ कार किराए पर लेकर बेटी को झाड़-फूंक के बहाने राजस्थान कहकर बाराबंकी ले गया.

रिपोर्ट के मुताबिक, 14 अप्रैल को बाराबंकी के बड्डूपुर इलाके में शारदा नहर के पास जब लड़की कार में सो रही थी, तब कथित तौर पर उसका गला दबाकर हत्या कर दी. आरोप है कि विरोध करने पर भी दोनों ने तब तक गला दबाया, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई.

हत्या के बाद शव को नहर में फेंकने की कोशिश की गई, लेकिन आसपास लोगों की आवाजाही देखकर आरोपी घबरा गए. इसके बाद उन्होंने कथित तौर पर चेहरे को तेजाब से जला दिया और शव को सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए.

यह भी पढ़ें: बेटे पर FIR हो गई, BJP विधायक पुलिस को 'औकात' बताने लगे, वीडियो वायरल हो गया

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस को बाराबंकी में एक नाबालिग लड़की का शव बरामद होने की जानकारी मिली. लखनऊ पुलिस ने उनसे संपर्क किया. इसके बाद शव की पहचान के लिए लड़की के कथित प्रेमी को बुलाया गया, जिसने उसके शव की पहचान की.

पुलिस जांच में आरोपी विजय कुमार चौबे के फोन रिकॉर्ड से पता चला कि वो कथित घटनास्थल के पास था. पुलिस ने रविवार, 19 अप्रैल को विजय और उसके दोस्त अब्दुल मन्नान को गिरफ्तार कर लिया.

वीडियो: अखिलेश यादव ने जिस दुकान पर चाय पी, वहां छापा क्यों पड़ा?

Advertisement

Advertisement

()