The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • lpg and lng supply to india via strait of hormuz resturents changed menu in india

LPG की मारामारी, 55 सिलेंडर के साथ सपा नेता पकड़े गए, कई जगह रेस्टोरेंट्स का मेन्यू हुआ चेंज

अमेरिका-इजरायल और ईरान की जंग और होर्मुज स्ट्रेट संकट के बीच भारत में LPG सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ गई है. बड़ी मारामारी मची हुई है. प्रशासन ने जमाखोरी व कालाबाज़ारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की है. कई लोग पकड़े गए हैं.

Advertisement
lpg and lng supply to india via strait of hormuz resturents shut down india
ईरान-अमेरिका की जंग की वजह से तेल-गैस की सप्लाई पर बुरा असर हुआ है (PHOTO- AajTak)
pic
मानस राज
13 मार्च 2026 (अपडेटेड: 13 मार्च 2026, 02:33 PM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

वेस्ट एशिया में चल रही जंग का असर पूरी दुनिया पर दिखने लगा है. अर्थव्यवस्था तो गिर ही रही है. साथ ही लोगों का खाना भी छिन रहा है. होटलों के मेन्यू बदल रहे हैं. क्या पता अगली बार जाने पर अपनी फेवरेट डिश मेन्यू में दिखेगी या नहीं. क्योंकि भारत में रसोई गैस की भारी किल्लत देखने को मिल रही है. पहले दाम बढ़े, जमाखोरों ने स्टॉक करना शुरू किया. लेकिन अब इसका असर दिखने लगा है. रेस्टोरेंट, हॉस्टल और कंपनियों ने अपने मेस के खाने की सेवा में रुकावटों की शिकायत की है. दिल्ली के कई बड़े प्राइवेट स्कूलों का कहना है कि अगर LPG की सप्लाई कम हुई तो दोपहर के खाने पर इसका असर देखने को मिलेगा.

दिल्ली-एनसीआर के ही कई मॉल्स ने रेस्टोरेंट वालों से कम गैस इस्तेमाल करने को कहा है. रेस्टोरेंट वालों से कहा गया है कि वो फिलहाल 80% गैस सप्लाई से ही काम चलाएं. हालांकि सरकार लोगों से अपील कर रही है कि वो न घबराएं, लेकिन फिर भी लोगों में पैनिक फैल रहा है. सूचना और प्रसारण मंत्रालय के संयुक्त सचिव, सी सेंथिल राजन ने बताया कि तेल कंपनियां इस संकट के वक्त में भी हर दिन करीब 50 लाख LPG सिलेंडर पहुंचा रही हैं और सप्लाई में कोई कमी नहीं आई है. कई राज्यों की पुलिस ने भी अफवाहों, जमाखोरी और सिलेंडरों की गैर-कानूनी खरीद-बिक्री पर नजर रखना तेज कर दिया है. आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक कई शहरों में लोग इस माहौल का फायदा भी उठा रहे हैं. उन्होंने पैनिक का फायदा उठाकर सिलेंडर की जमाखोरी शुरू कर दी है. 

55 सिलेंडर के साथ नेता जी अरेस्ट

पटना जिला प्रशासन ने सिलेंडर की जमाखोरी के खिलाफ अभियान शुरू किया है. 24 घंटे में चार FIR दर्ज की जा चुकी हैं. जिला प्रशासन ने ब्लॉक स्तर पर 29 टीमें बनाई हैं जो लोगों की शिकायतों पर कार्रवाई के साथ अचानक छापे मारेंगी.

इसके अलावा यूपी के हापुड़ में एक नेता के घर से 55 सिलेंडर बरामद हुए हैं. ये बरामदगी सपा नेता अब्दुल रेहान के घर से हुई है. आरोप है कि यहां समाजवादी पार्टी से जुड़े लोग जमाखोरी कर अराजकता फैलाने का काम कर रहे हैं. प्रशासन अब पूरे मामले की जांच कर रहा है और अवैध जमाखोरी को लेकर छापेमारी की जा रही है. इससे पहले सीएम योगी ने कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई की बात कही थी.

बिहार, यूपी के अलावा तमिलनाडु के मदुरै में भी जमाखोरी के आरोप में दो लोग गिरफ्तार हुए हैं. इन पर आरोप है कि सप्लाई में चल रही दिक्कतों के बीच इन्होंने अवैध रूप से LPG सिलेंडरों की जमाखोरी की थी. 

वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: तेल-गैस की कमी नहीं, सरकार का दावा सही तो सिलेंडर की मारामारी क्यों?

Advertisement

Advertisement

()