The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • kerala ex serviceman waited eight years for revenge from his father killer

पिता की हत्या के बाद आठ साल किया इंतजार, हत्यारे को कम सजा हुई तो जाकर उसे गोली मार दी

क्षेत्र के पादरी ने एक बार दोनों के बीच सुलह की कोशिश भी की थी. लेकिन अंत में बदले की भावना ने सभी चीजों को दरकिनार कर दिया. पहले एक गोली मारी. लेकिन जब वो नहीं मरा, तो मौत को पुख्ता करने के लिए दो और गोलियां चलाईं.

Advertisement
kerala ex serviceman waited eight years for revenge from his father killer
एर्नाकुलम पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है (PHOTO-Kerala Police)
pic
मानस राज
19 मार्च 2026 (अपडेटेड: 19 मार्च 2026, 03:40 PM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

केरल में एक पूर्व सैनिक अपने पिता के हत्यारे को मिली सजा से इतना असंतुष्ट था कि जेल से आने के बाद उसने उसे गोली मार दी. पहले एक गोली मारी. लेकिन जब वो नहीं मरा, तो मौत को पुख्ता करने के लिए उसने दो और गोलियां चलाईं. ये मामला सुलझ भी सकता था. क्षेत्र के पादरी ने एक बार दोनों के बीच सुलह की कोशिश भी की थी. लेकिन अंत में बदले की भावना ने सभी चीजों को दरकिनार कर दिया.

क्या है पूरा मामला?

16 मार्च को केरल की एर्नाकुलम पुलिस ने एक व्यक्ति को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया. इस व्यक्ति का नाम कलामपरमबन पॉली है. पॉली पूर्व सैनिक है. आरोप है कि उसने अपने पड़ोसी किलुक्कन जोस की गोली मार कर हत्या कर दी. ये घटना एर्नाकुलम के अय्यमपुझा गांव में हुई. 16 मार्च की शाम, जोस मंजप्रा में अपने घर के पास एक छोटी नदी में अपने 11 साल के बेटे के साथ नहा रहा था. तभी पॉली, जो उस रास्ते से गुजर रहा था, उसे देख कर रुक गया. जोस के साथ थोड़ी कहा-सुनी के बाद, पॉली ने अपनी बंदूक निकाली और अपने पिता के हत्यारे पर गोली चला दी. जोस ने भागने की कोशिश की, लेकिन पॉली ने दो और गोलियां चलाईं. ये पक्का करने के लिए कि जोस किसी भी हाल में न बचे.

गोली लगने के बाद जोस नदी में गिर गया और उसकी मौत हो गई. डरकर उसका बेटा चीखता हुआ घर की ओर भागा. जबकि पॉली बिल्कुल शांत भाव से पास के अय्यमपुझा पुलिस स्टेशन गया. उसने बिना किसी पछतावे के अपना जुर्म कबूल कर लिया. इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए लोकल पंचायत की पूर्व सदस्य जया कहती हैं,

‘पहले भी इन दोनों के बीच छोटी-मोटी झड़पें होती रहती थीं. लेकिन हाल ही में, एक पादरी ने दखल दिया तो हालात बेहतर होते दिखे. जोस ने दूसरों के सामने हत्या (पॉली के पिता) को लेकर अपना पछतावा जाहिर किया था, और सबको लगा था कि पॉली भी पुरानी बातों को भुला देगा.’

पिता की मौत 

पॉली के पिता की मौत 2018 में हुई थी. एक स्थानीय व्यक्ति फ्रांसिस के मुताबिक तीन परिवार एक ही तालाब का इस्तेमाल करते थे. अलग-अलग जमीनों तक पाइप बिछाने के तरीके को लेकर उनके बीच एक झगड़ा हो गया. 18 फरवरी, 2018 को, जब बहस बढ़ गई, तो जोस ने पेड़ का तना उठाया और उससे पॉली के पिता को पीटा. पॉली के पिता 75 साल के थे. कुछ दिनों बाद उनकी मौत हो गई. इस मामले में जोस के अलावा, उसके बड़े भाई को भी गिरफ्तार किया गया. लेकिन अदालत ने सिर्फ जोस को ही दोषी ठहराया.

स्थानीय लोगों ने बताया कि जब केस चल रहा था, तब उन दोनों के बीच कोर्ट परिसर में भी कई बार हाथापाई हुई. 2025 में, जब कोर्ट ने जोस को एक साल की जेल की सजा सुनाई, तो उसे जेल नहीं जाना पड़ा, क्योंकि वह पहले ही न्यायिक हिरासत में लगभग एक साल बिता चुका था. पॉली सबसे यही कहता था कि एक बेटे के तौर पर, वह कुछ भी नहीं कर सका. और यही बात उसके अंदर घर कर गई. इसलिए जब उसे मौका मिला उसने जोस को गोली मार दी. चूंकि वो एक सिक्योरिटी फर्म में काम करता था, इसलिए उसके पास गन भी थी.

वीडियो: लखनऊ मर्डर केस में आरोपी ने Blinkit से मंगाया था हत्या का सामान

Advertisement

Advertisement

()