The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • kasganj gangrape 8 men assault woman in front of fiance congress links accused to bjp

यूपी के कासगंज में मंगेतर के सामने युवती का 8 लोगों ने किया गैंगरेप, आरोपियों में BJP नेता भी शामिल

कांग्रेस ने घटना को लेकर बीजेपी को जमकर घेरा है. पार्टी ने दावा किया आरोपियों में बीजेपी का एक युवा नेता भी शामिल है. वहीं योगी सरकार के प्रवक्ता ने कानून व्यवस्था का दावा करते हुए कहा कि सरकार जघन्य अपराधों में ये नहीं देखती कि कौन आरोपी किस पार्टी से जुड़ा है.

Advertisement
kasganj gangrape 8 men assault woman in front of fiance congress links accused to bjp
मंगेतर के सामने एक लड़की के साथ सामूहिक रेप का मामला सामने आया है. (तस्वीर-इंडिया टुडे)
pic
सचेंद्र प्रताप सिंह
14 अप्रैल 2025 (अपडेटेड: 14 अप्रैल 2025, 05:36 PM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में कथित तौर पर मंगेतर के सामने एक लड़की के साथ सामूहिक रेप का मामला सामने आया है. पीड़िता अपने मंगेतर के साथ पिकनिक प्वाइंट पर घूमने गई थी. आरोप है कि इस दौरान 8 युवक लड़की को जबरन एक सुनसान जगह ले गए और कथित तौर पर बारी-बारी से उसका रेप किया. उसके मंगेतर ने इसका विरोध किया तो उसे जमकर पीटा और बंधक बना लिया. मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. बाकी तीन की तलाश जारी है. उधर कांग्रेस पार्टी ने दावा किया है कि आरोपियों में से एक ‘बीजेपी का युवा नेता’ है.

इंडिया टुडे से जुड़े देवेश पाल सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक घटना गुरुवार, 10 अप्रैल की दोपहर करीब 2:30 बजे की है. लड़की कासगंज के झाल पुल के पास मंगेतर के साथ सड़क किनारे नहर के पास बैठी थी. पुलिस के मुताबिक इस दौरान कुछ बदमाश वहां पहुंचे और गंदे कॉमेंट्स करने लगे. आरोप है कि युवक के मना करने पर उसे बंधक बना लिया गया. इसके बाद लड़की को जबरन एक सुनसान जगह पर ले जाकर सभी आरोपियों ने रेप किया. उन्होंने पीड़िता के पैसे भी लूट लिए.

रिपोर्ट के मुताबिक पीड़िता डर के मारे दो दिन तक चुप रही. इस दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई. तब जाकर पीड़िता ने पूरी बात अपने परिजनों को बताई. परिवार युवती को लेकर घटनास्थल पहुंचा और पुलिस को 112 नंबर पर कॉल कर सूचना दी. पुलिस ने तत्काल आठ आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया. शुरुआती जांच करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों के फोन से लड़की के कपड़े उतरवाने के वीडियो भी मिले हैं.

कासगंज जिले की SP अंकिता शर्मा ने बताया कि युवती से उसके मंगेतर के सामने रेप किया गया है. इस दौरान उसके पैसे भी छीन लिए गए. इस संबंध में सूचना मिलते ही विभिन्न धाराओं में FIR दर्ज कराई गई. इनमें से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. बाकी की तलाश जारी है. पुलिस के मुताबिक पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा चुका है. मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाए जाने की कोशिश की जाएगी.

विपक्ष ने सरकार पर लगाए आरोप
मामले पर सियासी प्रतिक्रियाएं आना शुरू हो गई हैं. कांग्रेस पार्टी ने X पर दावा किया है कि गैंगरेप के आरोपियों में ‘बीजेपी का एक युवा नेता’ शामिल है. बीजेपी और मोदी सरकार के अभियान 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' के हवाले से विपक्षी दल ने लिखा, 

Embed
Embed

कांग्रेस ने आगे लिखा कि ये सब देखकर भी प्रधानमंत्री ‘मोदी का ज़मीर नहीं जाग रहा’. उनके लिए महिला सुरक्षा और सम्मान सिर्फ चुनावी भाषण और बड़े-बड़े बैनरों तक ही सीमित है.

वहीं भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने आरोपियों के गिरफ्तारी का वीडियो शेयर करते हुए प्रदेश में कानून का राज होने का दावा किया. उन्होंने लिखा, “हाथ जोड़कर, लंगड़ाते हुई चाल में ये वो दरिंदे हैं, जिन पर कासगंज में गैंगरेप का आरोप है. इनकी केवल चाल नहीं बिगड़ी, बल्कि इनका हाल भी बुरा होने वाला है.”

Embed

BJP प्रवक्ता ने आगे लिखा गैंगरेप जैसे घिनौने अपराध की जानकारी मिलते ही 24 घंटे के भीतर पुलिस ने गिरफ्तार कर इन्हें सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है. योगी सरकार में रेप को ‘लड़कों की गलतियां’ नहीं माना जाता है. अपराध करने वाले किसी भी पार्टी या जाति से जुड़े हों, कोई मुरव्वत नहीं बरती जाती है.

वीडियो: वाराणसी गैंगरेप के आरोपियों पर भीड़ ने किया हमला

Advertisement

Advertisement

()