'क्या BJP के कार्यकाल में कोई रेप नहीं हुआ?' इस्तीफे की मांग पर सिद्दारमैया का जवाब
सीएम सिद्दारमैया के इस बयान को BJP ने ‘असंवेदनशील’ और ‘गैर-जिम्मेदाराना’ बताया है. विपक्ष ने उनसे माफी की मांग की है.
.webp?width=210)
बेंगलुरु में एक महिला के साथ कथित रेप की घटना पर मुख्यमंत्री सिद्दारमैया विपक्ष के निशाने पर हैं. बीजेपी राज्य में कानून-व्यवस्था का सवाल उठा रही है और मुख्यमंत्री का इस्तीफा मांग रही है. अब इस पर सिद्दारमैया ने कहा कि क्या भाजपा के कार्यकाल में कोई बलात्कार नहीं हुआ. उन्होंने आगे कहा कि बलात्कार की घटनाएं नहीं होनी चाहिए, महिलाओं को सुरक्षा मिलनी चाहिए. सीएम के इस बयान को BJP ने ‘असंवेदनशील’ और ‘गैर-जिम्मेदाराना’ बताया है.
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, 19 जनवरी को बेंगलुरु में 37 साल की महिला के साथ कथित तौर पर गैंगरेप हुआ था. इसके अलावा पिछले हफ्ते 6 साल की बच्ची के साथ रेप और हत्या की घटना सामने आई थी. इन घटनाओं के बाद बीजेपी ने विरोध करते हुए मुख्यमंत्री सिद्दारमैया के इस्तीफे की मांग की थी.
मंगलवार, 21 जनवरी को सिद्दारमैया बेलगावी में कांग्रेस के एक कार्यक्रम में पहुंचे थे. वहां विपक्ष की इस मांग पर जवाब देते हुए उन्होंने कहा,
BJP का पलटवार"क्या कर्नाटक में भाजपा के कार्यकाल में कोई बलात्कार नहीं हुआ? बलात्कार की घटनाएं नहीं होनी चाहिए. महिलाओं को सुरक्षा मिलनी चाहिए. लेकिन कुछ बुरे लोग होते हैं. हम उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे."
सिद्दारमैया के बयान पर कर्नाटक बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा ने जवाब दिया. उन्होंने सोशल मीडिया X पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा,
"मुख्यमंत्री सिद्दारमैया का बयान सुनकर हैरान और आहत हूं. उन्होंने रेप की घटनाओं को यह कहते हुए बचाव करने की कोशिश की कि ऐसा तो भाजपा सरकार के दौरान भी हुआ था. सोचिए, रेप पीड़ितों के लिए यह कितना डरावना और दर्दनाक होगा. जब राज्य का मुखिया इस जघन्य अपराध को हल्के में लेकर ऐसी असंवेदनशील और गैर-जिम्मेदाराना बातें करे. नारीशक्ति को सुरक्षा और भरोसा देने की बजाय मुख्यमंत्री ने इस पूरी घटना को राजनीति का रंग दे दिया."
येदियुरप्पा ने आगे लिखा कि जिस राज्य को देवी भवानी (भुवनेश्वरी) का पवित्र धाम माना जाता है, वहां महिलाओं के साथ बढ़ती रेप और हमलों की घटनाएं वाकई चिंता का विषय हैं.
उन्होंने आगे कहा कि सीएम को इस असंवेदनशील बयान के लिए तुरंत माफी मांगनी चाहिए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए. येदियुरप्पा ने कहा कि सरकार को पूरे राज्य में कानून-व्यवस्था को बहाल करना चाहिए.
वीडियो: गूगल मैप्स से मदद लेना पड़ा भारी, बिहार से गोवा जा रहा परिवार कर्नाटक के घने जंगलों में भटक गया

.webp?width=60)

