The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • jalna road accident samriddhi mahamarg eight women labour killed by truck maharashtra

महाराष्ट्र के जालना में भीषण सड़क हादसा, मजदूरी करके लौट रहीं आठ महिलाओं की मौत

महाराष्ट्र के जालना में समृद्धि हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने मजदूरों को ले जा रहे पिकअप को टक्कर मार दी. हादसे में आठ महिलाओं की मौके पर मौत हो गई और पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं.

Advertisement
pic
2 अप्रैल 2026 (पब्लिश्ड: 11:14 AM IST)
8 people dead in road  accident
जालना के रोड एक्सीडेंट में 8 महिलाओं की मौत हो गई. (फोटो-स्क्रीनग्रैब)
Quick AI Highlights
Click here to view more

महाराष्ट्र के जालना जिले में एक सड़क दुर्घटना में 8 महिलाओं की मौत हो गई है. बताया गया कि मृतकों में सभी महिलाएं हैं और पेशे से मज़दूर हैं. वे छोटा हाथी (पिकअप) वाहन से घर लौट रही थीं, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी. जिसके बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसा इतना वीभत्स था कि मृतकों के चिथड़े उड़ गए. इस दुर्घटना में 5 लोग घायल भी हुए हैं. 

आजतक से जुड़े गौरव विजय साली की रिपोर्ट के मुताबिक़, ये घटना जालना जिले के समृद्धि हाईवे पर 1 अप्रैल की शाम को हुई. सभी महिलाएं हाईवे के पास के एक गांव में काम करती थीं. घटना के दौरान पिकअप वाहन सड़क किनारे खड़ा था. तभी ट्रक पीछे से आया और वहां खड़े वाहन को जोरदार टक्कर मार दी. घटना के बाद पुलिस और बचाव टीम मौके पर पहुंची. घायलों को पहले जिला अस्पताल में भर्ती किया गया, बाद में उन्हें प्राइवेट अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया. 

रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. प्राथमिक जांच में ट्रक ड्राइवर की लापरवाही बताई जा रही है. पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है. मृतकों की पहचान अलकाबाई दादाराव अदमाने (45), लक्ष्मीबाई संतोष मदन (35), मीनाबाई परमेश्वर अदमाने (45), कांचनबाई प्रकाश अदमाने (50), ताराबाई गहेनाजी चौधरी (60), कडूबाई रामदास मदन (55) और सुमनबाई कचरू अदमाने (70) के तौर पर हुई है. एक महिला मज़दूर की पहचान अभी नहीं हो पाई है.

इस घटना के बाद जालना विधानसभा क्षेत्र के विधायक अर्जुन खोतकर अस्पताल पहुंचे और घायलों से बात की. उन्होंने बताया कि कुछ घायलों की स्थिति नाज़ुक है. इसके अलावा जिला कलेक्टर आशिमा मित्तल और पुलिस अधीक्षक अजय कुमार बंसल ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. एसपी अजय कुमार बंसल ने कहा, 

‘जब ये टक्कर हुई तब महिलाएं काम से वापस घर जा रही थीं. हमने आरोपी ट्रक ड्राइवर को हिरासत में लिया है. मामले की जांच की जा रही है. साथ ही मज़दूर जिस ठेकेदार के साथ काम करते थे, उससे उन्हें उचित मुआवज़ा मिले, ये सुनिश्चित किया जाएगा.’

घटना पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी दुख जताया है. उन्होंने घायलों के जल्दी सही होने की कामना की. उन्होंने राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिवार को 5 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया है. 

वीडियो: एक और सड़क हादसा, हैदराबाद से बेंगलुरु जाने वाली बस में लगी आग, 12 यात्री ज़िंदा जल गए

Advertisement

Advertisement

()