The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • israeli tourist rape case death penalty from court to three accused

इजरायली टूरिस्ट समेत 2 महिलाओं से रेप किया था, कोर्ट ने तीनों दोषियों को मौत की सजा दी

पिछले साल Karnataka के Hampi में तीन लोगों ने एक इजरायली पर्यटक और एक होमस्टे की मालकिन के साथ रेप किया था और ओडिशा के एक दूसरे पर्यटक की हत्या कर दी थी. इस मामले में राज्य की एक स्थानीय अदालत ने तीनों आरोपियों को मौत की सजा सुनाई है.

Advertisement
pic
16 फ़रवरी 2026 (पब्लिश्ड: 10:21 PM IST)
karnataka hampi gangrape death penalty israeli tourist
कर्नाटक के हम्पी रेप केस में तीनों आरोपियों को मौत की सजा सुनाई गई. (इंडिया टुडे)
Quick AI Highlights
Click here to view more

कर्नाटक की एक अदालत ने 2025 में हम्पी के पास हुए रेप और हत्या के मामले में तीन दोषियों को मौत की सजा सुनाई है. इन लोगों ने एक इजरायली महिला टूरिस्ट और एक होमस्टे मालकिन के साथ रेप किया था, जबकि एक और टूरिस्ट की हत्या कर दी थी. कर्नाटक के गंगावती स्थित फर्स्ट एडिशनल डिस्ट्रिक्ट एंड सेशंस कोर्ट ने 6 फरवरी 2026 को तीन आरोपियों को दोषी ठहराया था.

इसके बाद 16 फरवरी को सजा सुनाते हुए जज सदानंद नागप्पा नाइक ने मल्लेश उर्फ हंडीमल, साई और शरणप्पा को मौत की सजा सुनाई. जज ने कहा कि इन लोगों का अपराध रेयर ऑफ द रेयरेस्ट कैटेगरी में आता है, जिसके लिए अधिकतम सजा उचित है. 

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना 6 मार्च 2025 की रात की है. उस रात पर्यटकों का एक ग्रुप डिनर करने के बाद हम्पी के वर्ल्ड हेरिटेज साइट से करीब चार किलोमीटर दूर सनापुर झील के पास तारे देखने के लिए गया था. इस ग्रुप में कुल पांच लोग थे. इनमें 27 साल की एक इजरायली महिला, 29 साल की एक होमस्टे की मालकिन और तीन पुरुष शामिल थे. तीनों पुरुष अमेरिका, ओडिशा और महाराष्ट्र के रहने वाले थे. ये लोग तुंगभंद्रा नहर के किनारे बैठ कर गिटार बजा रहे थे और गाने सुन रहे थे. तभी मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग वहां पहुंच गए.

होमस्टे मालकिन की दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, बाइक पर सवार उन लोगों ने पहले पेट्रोल पंप का रास्ता पूछा. इसके बाद उन्होंने पैसे की मांग की. जब ग्रुप ने पैसे देने से इनकार किया तो वे लोग भड़क गए. उन्होंने तीनों पुरुषों को नहर में धकेल दिया.

नहर में गिरने के बाद तीनों पुरुष अपनी जान बचाने की कोशिश कर रहे थे, उसी दौरान आरोपियों में से दो ने होमस्टे की मालकिन के साथ रेप किया. वहीं तीसरे आरोपी ने इजरायली महिला को अलग ले जाकर उसका यौन उत्पीड़न किया. इसके बाद हमलावरों ने पीड़ितों से मोबाइल फोन और उनकी नकदी छीन ली और वहां से फरार हो गए.

नहर में धकेले गए तीन पुरुषों में से दो लोग किसी तरह से तैरकर बाहर निकल आए. उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. लेकिन ओडिशा के रहने वाले व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई. उसकी लाश अगली सुबह बरामद की गई. 

एक बड़े टूरिस्ट प्लेस पर विदेशी नागरिकों के साथ हुए इस अपराध को लेकर काफी बवाल हुआ. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीमें जांच में जुट गईं. अगले कुछ दिनों में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. घटना के ग्यारह महीने बाद तीनों आरोपियों को मौत की सजा दी गई है.

वीडियो: पटना NEET स्टूडेंट रेप केस में कई खुलासे हुए, पोस्टमॉर्टेम रिपोर्ट में क्या लिखा है?

Advertisement

Advertisement

()