राहुल मीणा ने IRS की बेटी को कैसे मारा? AIIMS की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला
फिलहाल फॉरेंसिक जांच के लिए कई सैंपल सुरक्षित रखे गए हैं. इसमें नाखून, खून और कुछ ज़रूरी सबूत शामिल हैं. डॉक्टरों का कहना है कि अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह स्थिति साफ़ हो पाएगी.

दिल्ली में IRS अफसर की बेटी की हत्या के बाद उसकी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने आ गई है. रिपोर्ट में सामने आया है कि पीड़िता की मौत गला दबने से हुई. साथ ही उसके शरीर पर कई चोटों के निशान भी मिले हैं.
AIIMS दिल्ली के फॉरेंसिक विभाग के प्रमुख डॉ. सुधीर गुप्ता के मुताबिक शव की एक्सटर्नल टेस्टिंग में हाथ, पैरों समेत शरीर में कई और जगह पर खरोंच और चोटें पाई गई हैं. चेहरे पर भी कई घाव और नाक की हड्डी में फ्रैक्चर मिला है. आजतक की रिपोर्ट में डॉक्टरों के हवाले से बताया गया कि इन चोटों से ऐसा नज़र आ रहा है कि किसी भारी चीज से हमला किया गया है.
वहीं गर्दन की जांच के दौरान अंदरूनी मांसपेशियों में खून जमा हुआ पाया गया है. थायरॉइड कार्टिलेज के दोनों हिस्सों में फ्रैक्चर मिला. डॉक्टरों के मुताबिक इन सभी तथ्यों से ये साफ़ होता है की मौत गला दबाने की वजह से हुई है.
फिलहाल फॉरेंसिक जांच के लिए कई सैंपल सुरक्षित रखे गए हैं. इसमें नाखून, खून और कुछ ज़रूरी सबूत शामिल हैं. डॉक्टरों का कहना है कि अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह स्थिति साफ़ हो पाएगी.
उधर हत्या के आरोपी राहुल मीणा को दिल्ली पुलिस ने द्वारका के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक़ राहुल पहले पीड़िता के घर में ही काम करता था. इसलिए उसे घरवालों की दिनचर्या अच्छे से पता थी. वो जानता था कि घरवाले डुप्लीकेट चाबी कहां रखते हैं. पीड़िता के माता-पिता के घर से निकलते ही राहुल चाबी लेकर घर में घुसा. आरोप है कि राहुल ने पहले पीड़िता का सेक्शुअल हरासमेंट किया, फिर उसकी हत्या कर दी. हालांकि सुरक्षित रखे सैंपल्स की जांच के बाद ही ये स्पष्ट हो पाएगा कि रेप या सेक्शुअल हरासमेंट हुआ या नहीं.
घटना के बाद राहुल पीड़िता को नीचे खींचकर ले गया. इसके बाद लॉकर खोलने की कोशिश की और फिंगरप्रिंट का इस्तेमाल करने लगा. जब वो इसमें सफल नहीं हुआ तो उसने स्क्रूड्राइवर की मदद से लॉकर तोड़ा और पैसे और जेवर लेकर फरार हो गया.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने खून से सने कपड़े और चप्पल बदलने के बाद फरार होने की कोशिश की. CCTV फुटेज में वह सुबह करीब साढ़े 6 बजे कॉलोनी में दाखिल होता और 7 बजकर मिनट पर बाहर निकलता दिख रहा है.
पुलिस की जांच में ये भी पता चला कि आरोपी ने इस घटना से एक दिन पहले यानी 21 अप्रैल की रात करीब 11 बजे राजस्थान के राजगढ़ क्षेत्र में एक शादीशुदा महिला के घर में घुसकर उसका रेप किया था.
महिला के मुताबिक राहुल उसके पति को अपनी बाइक पर बैठाकर किसी शादी में ले गया. उसका पति वहीं रुक गया. इस दौरान राहुल वापस आया और उसे जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ रेप किया. पति के वापस लौटने के बाद पीड़िता ने उसे पूरी बात बताई और पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई.
वीडियो: दिल्ली में IRS अधिकारी की बेटी को मारने वाला राहुल सेक्स एडिक्ट था

