The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • Iran Ali Khamenei Death Indian Leaders And Political Parties Reactions US Israel

खामेनेई की मौत, ओवैसी से लेकर प्रियंका गांधी तक, भारतीय नेता क्या बोले?

Ali Khamenei Death: अली खामेनेई की मौत के बाद दुनिया भर के नेताओं के रिएक्शन आ रहे हैं. इस कड़ी में भारतीय नेता और राजनीतिक पार्टियां भी प्रतिक्रिया दे रही हैं.

Advertisement
pic
1 मार्च 2026 (अपडेटेड: 1 मार्च 2026, 09:12 PM IST)
Ali Khamenei, Ali Khamenei Death
खामेनेई की मौत पर भारतीय नेताओं के रिएक्शन सामने आए. (फोटो- इंडिया टुडे)
Quick AI Highlights
Click here to view more

अमेरिका-इजरायल के हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई है. ईरान के सरकारी मीडिया प्रेस टीवी ने खुद इसकी पुष्टि की. खामेनेई की मौत के बाद भारत की राजनीतिक हस्तियों के बयान सामने आ रहे हैं. कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के चीफ असदुद्दीन ओवैसी समेत कई नेताओं ने इस मामले में प्रतिक्रिया दी.

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने X पर लिखा,

"लोकतांत्रिक दुनिया के तथाकथित नेताओं द्वारा एक संप्रभु देश की लीडरशिप की निशाना बनाकर की गई हत्या और बहुत सारे बेगुनाह लोगों की हत्या घिनौनी है. इसकी कड़ी निंदा होनी चाहिए, चाहे इसका कारण कुछ भी बताया गया हो. यह दुख की बात है कि अब कई देश लड़ाई में घसीटे जा रहे हैं. दुनिया को शांति चाहिए, फालतू की जंग नहीं. जो लोग इसकी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, उन्हें महात्मा गांधी की बातें याद रखनी चाहिए: आंख के बदले आंख पूरी दुनिया को अंधा बना देती है. मुझे उम्मीद है कि इजरायल के प्रधानमंत्री और प्रेसिडेंट ट्रंप के सामने झुकने के बाद हमारे प्रधानमंत्री प्रभावित देशों में सभी भारतीय नागरिकों को सुरक्षित घर वापस लाने की पूरी कोशिश करेंगे."

Priyanka Gandhi
प्रियंका गांधी वाड्रा का रिएक्शन.

AIMIM चीफ और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने खामेनेई की मौत की निंदा की. उन्होंने X पर लिखा,

"ईरान पर ट्रंप-इजरायल के हमले पूरी तरह से निंदनीय हैं. यह तब हुआ, जब जिनेवा में ईरान और अमेरिका की बातचीत चल रही थी. पूरे ईरान में 200 से ज्यादा लोग मारे गए हैं, जिनमें 108 लोग तब मारे गए जब लड़कियों के स्कूल पर हमला हुआ. अयातुल्ला खामेनेई की हत्या एक गलत और गैर-कानूनी काम है. मेरी गहरी संवेदनाएं. ईरान पर ये हमले जल्द से जल्द बंद होने चाहिए, नहीं तो पूरा इलाका अस्थिरता में फंस जाएगा. हमें याद रखना चाहिए कि इस इलाके में 10 मिलियन भारतीय काम करते हैं.  ईरान पर इजरायल का हमला और अफगानिस्तान पर पाकिस्तान का हमला हमें दिखाता है कि इजरायल और पाकिस्तान अपने-अपने पड़ोस में हमला करने वाली और शरारत करने वाली ताकतें हैं."

इसके बाद ओवैसी ने शायरी के जरिए अपनी बात को आगे बढ़ाया,

"मौत की लेकिन दिल-ए-दाना को कुछ परवाह नहीं
शब की खामोशी में जुज़ हंगामा-ए-फर्दा नहीं

मौत को समझे हैं ग़ाफ़िल इख़्तिताम-ए-ज़िंदगी
है ये शाम-ए-ज़िंदगी, सुबह-ए-दवामे ज़िंदगी"

Owaisi
असदुद्दीन ओवैसी का रिएक्शन.

खामेनेई की मौत पर आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह का भी रिएक्शन आया है. उन्होंने X पर लिखा,

"भारत ने एक भरोसेमंद दोस्त खोया है. खामेनेई जी को विनम्र श्रद्धांजलि. ईरान भारत का परंपरागत मित्र है. उसने पाकिस्तान के खिलाफ वोट किया. हमेशा भारत का साथ दिया. भारत को ऊर्जा सुरक्षा प्रदान की. इस संकट की घड़ी में भारत सरकार को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए, वरना वैश्विक तानाशाह अमेरिका की तानाशाही का दायरा दुनिया भर में बढ़ता जाएगा. वेनेजुएला के बाद ईरान, कहां तक फैलेगा इजराइल-अमेरिका का आतंक?"

Sanjay Singh
संजय सिंह का बयान. (X)

वहीं, शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) की नेता और राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने X पर लिखा,

"अयातुल्ला अली खामेनेई सिर्फ ईरान के सुप्रीम लीडर ही नहीं थे, बल्कि शिया मुस्लिम कम्युनिटी के हेड में से एक थे. आने वाले समय में उनकी मौत का क्या नतीजा होगा, यह एक अनचाहा तमाशा होगा, जिसे समझना मुश्किल होगा."

Priyanka Chaturwedi
प्रियंका चतुर्वेदी का रिएक्शन. (X)

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ईरान के हालात पर कहा,

"मैं ईरान में हो रहे घटनाक्रम को लेकर बहुत चिंतित हूं, जिसमें ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या भी शामिल है. मैं सभी समुदायों से अपील करता हूं कि वे शांत रहें, शांति बनाए रखें, और ऐसे किसी भी काम से बचें जिससे तनाव या अशांति हो.  हमें यह भी पक्का करना चाहिए कि जम्मू और कश्मीर में जो लोग दुख मना रहे हैं, उन्हें शांति से दुख मनाने दिया जाए. पुलिस और प्रशासन को बहुत संयम बरतना चाहिए और बल या रोक लगाने वाले तरीकों का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए.

जम्मू और कश्मीर सरकार, ईरान में अभी जम्मू और कश्मीर के रहने वालों, जिसमें छात्र भी शामिल हैं, की सुरक्षा और भलाई पुख्ता करने के लिए भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के साथ मिलकर काम कर रही है."

Omar Abdullah
उमर अबदुल्ला का बयान. (X)

जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबी मुफ्ती ने भी खामेनेई की मौत पर दुख जताया. महबूबा मुफ्ती ने अपने X हैंडल पर लिखा,

"आज इतिहास में एक बहुत ही दुखद और शर्मनाक मोड़ आया है, जब इजरायल और अमेरिका, ईरान के प्यारे नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या पर शेखी बघार रहे हैं. इससे भी ज्यादा शर्मनाक और चौंकाने वाली बात यह है कि मुस्लिम देशों ने साफ और छिपे हुए तौर पर इसका समर्थन किया, जिन्होंने जमीर के बजाय सुविधा और फायदे को चुना. इतिहास इस बात का सबूत होगा कि किसने न्याय के लिए लड़ाई लड़ी और किसने जालिमों की मदद की. ईरान के लोगों के साथ दुआएं. अल्लाह उन्हें जुल्म और नाइंसाफी करने वाली ताकतों पर ताकत और जीत दे."

Mehbooba Mufti
महबूबा मुफ्ती का बयान. (X)

खामेनेई की मौत पर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की ओर से भी प्रतिक्रिया आई है. पार्टी ने X अकाउंट पर लिखा,

"अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के उद्देश्य से किया गया ईरान पर हमला पूरी मानवता के विरुद्ध हमला है. हजारों बेकसूरों ने अपनी जान गंवाई है. अयातुल्ला अली खामेनेई की शहादत के साथ भारत ने अपना एक दोस्त खो दिया है. इराक, लीबिया, सीरिया. अमेरिका ने जहां भी हमला किया, उन देशों को और वहां के नागरिकों के जीवन को अमेरिका ने बर्बाद कर दिया."

RJD
आरजेडी का बयान. (X)

भारत के अलग-अलग राज्यों में खामेनेई की मौत पर शिया समुदाय के लोग मातम मना रहे हैं. दिल्ली और उत्तर प्रदेश से लेकर जम्मू-कश्मीर तक, देश के अलग-अलग हिस्सों में अमेरिका और इजरायल के खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं.

वीडियो: ईरान पर अमेरिका-इजरायल के हमले को लेकर अन्य देशों ने क्या कहा?

Advertisement

Advertisement

()