The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • IAS Rinku Singh takes his resignation back

रिंकू सिंह फिर बनेंगे IAS, इस्तीफा वापस लिया, काम मिलेगा क्या?

IAS पद से इस्तीफा देने वाले रिंकू सिंह को फिर IAS पद चाहिए. बीती 26 मार्च को उन्होंने ये कहते हुए अपना पद त्याग दिया था कि उन्हें काम नहीं दिया जा रहा था. अब काम मिलने को लेकर कुछ तय हुआ या नहीं ये तो रिंकू सिंह ही बताएंगे, लेकिन उन्होंने नौकरी में वापसी की अर्जी लगा दी है.

Advertisement
pic
28 अप्रैल 2026 (पब्लिश्ड: 03:39 PM IST)
Rinku Singh Rahi resignation take back
रिंकू सिंह ने पद वापसी की अर्जी लगाई है.
Quick AI Highlights
Click here to view more

IAS रिंकू सिंह ने अपना इस्तीफा वापस ले लिया है. बीती 26 मार्च को उन्होंने ये कहते हुए अपना पद त्याग दिया था कि उन्हें काम नहीं दिया जा रहा था. अब काम मिलने को लेकर कुछ तय हुआ या नहीं ये तो रिंकू सिंह ही बताएंगे, लेकिन ये तय है कि वे फिर पद संभालने जा रहे हैं.

IAS रिंकू सिंह की वापसी

आजतक से जुड़े आशीष श्रीवास्तव की रिपोर्ट के मुताबिक, इस्तीफा वापसी के प्रोसेस को सीक्रेट रखा गया है. इसकी वजह फिलहाल साफ नहीं है.

बताया जाता है कि बतौर IAS रिंकू सिंह की नाराज़गी एक ट्रांसफर के बाद शुरू हुई थी. वो 2025 में अचानक से तब सुर्खियों में आए थे, जब शाहजहांपुर में SDM रहते वकीलों के सामने उठक-बैठक करने का उनका वीडियो वायरल हुआ. इस घटना के बाद जुलाई 2025 में उनको राजस्व विभाग में अटैच कर दिया गया था. फील्ड पोस्टिंग नहीं मिलने से नाराज राही ने 26 मार्च, 2026 को इस्तीफा दे दिया था.

इंडिया टुडे से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, रिंकू सिंह ने अपने इस्तीफे में लिखा था, “राज्य में संवैधानिक व्यवस्था के समानांतर एक अलग सिस्टम काम कर रहा है. वेतन मिल रहा था. लेकिन जनसेवा का मौका नहीं.”

रिंकू का कहना था कि सिस्टम में वो अपनी ज़िम्मेदारी सही ढंग से निभा नहीं पा रहे थे. अपने इस्तीफे को उन्होंने नैतिक फैसला बताया. उनके पिता का भी एक बयान आया था, जिसमें उन्होंने कहा की रिंकू का फैसला देश हित के लिए है.

लेकिन एक महीने बाद उन्होंने इस्तीफा वापसी की अर्ज़ी लगाई है. इस पर IAS की तरफ से फिलहाल कोई बयान नहीं आया है.

अब उस घटना पर बात करते हैं, जिसके बाद IAS का ट्रांसफर कर दिया गया था.

रिंकू सिंह राही ने 28 जुलाई, 2025 को शाहजहांपुर जिले की पुवायां तहसील में SDM के तौर पर जॉइन किया था. अगले ही दिन वो तहसील के निरीक्षण के लिए निकले थे. इस दौरान उन्होंने एक वकील के मुंशी को खुले में पेशाब करते हुए देख लिया था. इससे नाराज़ होकर IAS ने उसको उठक-बैठक लगाने की सज़ा दी. उनके इस फैसले से वकीलों में नाराजगी फैल गई. उन्होंने तहसील ऑफिस के पास विरोध प्रदर्शन किया और रिंकू के व्यवहार पर नाराजगी जताई थी.

उस वक्त SDM राही ने उनकी बात मानी और इसके लिए वकीलों के सामने खुद कान पकड़कर पांच उठक-बैठक लगाई. ताकि मामला बराबर हो जाए. लेकिन हुआ इसका उल्टा. प्रशासन ने रिंकू के खिलाफ एक्शन लेते हुए उनको SDM पद से हटा दिया और रेवेन्यू डिपार्टमेंट में भेज दिया था.

कौन हैं रिंकू सिंह राही?

रिंकू सिंह राही उत्तर प्रदेश के हाथरस ज़िले के रहने वाले हैं. उन्होंने साल 2004 में PCS की परीक्षा पास की और जिला समाज कल्याण अधिकारी बने. साल 2009 में उन्होंने करीब 100 करोड़ रुपये के एक स्कॉलरशिप और पेंशन घोटाले का पर्दाफाश किया था. इसके बाद बैडमिंटन खेलते वक्त उन पर जानलेवा हमला हुआ. 7 गोलियां मारी गईं. इनमें से दो गोलियां रिंकू के चेहरे पर लगीं. ठीक होने के बाद उन्होंने सिविल सर्विस परीक्षा की तैयारी की और साल 2022 में IAS बन गए.

वीडियो: IAS रिंकू सिंह राही ने इस्तीफे के बारे में सब बता दिया?

Advertisement

Advertisement

()