महाराष्ट्र: पुलिसवाला ससुराल पहुंचा, पत्नी की गोली मारकर हत्या की, 2 साल के बेटे पर भी गोली चलाई
Hingoli Firing: आरोपी ने सर्विस रिवॉल्वर से अपनी पत्नी को गोली मारी. इसके बाद उसने अपने दो साल के बेटे, सास और साले पर भी गोली चलाई और मौके से भाग गया.

महाराष्ट्र के हिंगोली में एक पुलिसकर्मी अपने ससुराल पहुंचा था. तलाक की मांग और दूसरे कारणों से पुलिसवाले और उसकी पत्नी के बीच झगड़ा था. आरोप है कि ससुराल पहुंचकर उसने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी. इसके बाद उसने अपनी सास, साला और अपने 2 साल के बेटे पर गोलियां चलाई (Hingoli Firing). तीनों को इलाज के लिए नांदेड़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
इंडिया टुडे से जुड़े ज्ञानेश्वर उंडाल की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी की सास और साले की हालत गंभीर है. आरोपी कांस्टेबल का नाम विलास मुकाडे है. वो वसमत सिटी पुलिस थाने में तैनात था. पुलिस ने बताया है कि विलास और उसकी पत्नी मयूरी मोकाडे के बीच अनबन रहती थी. आरोपी तलाक चाहता था. घटना 25 दिसंबर के देर रात की है. इसके दो दिन पहले भी विलास का अपनी पत्नी से झगड़ा हुआ था. इसके बाद पत्नी अपने छोटे बेटे को लेकर हिंगोली के प्रगति नगर में अपने मायके चली गई. 25 दिसंबर को भी फोन पर उनका झगड़ा हुआ.
ये भी पढ़ें: मायके से नहीं लौट रही पत्नी को फंसाने के लिए खुद को मारी गोली, अब बुरा फंसा पति
हिंगोली के पुलिस अधीक्षक श्रीकृष्ण कोकाटे ने बताया कि आरोपी वसमत सिटी पुलिस थाना पहुंचा. वहां उसने शास्त्रागार से पिस्टल उठाई और बाइक से अपने ससुराल पहुंच गया. वहां फिर से उसका अपनी पत्नी, सास वंदना धनवे और साले योगेश धनवे के साथ झगड़ा हुआ. इसके बाद उसने पिस्टल निकाली और अंधाधुंध फायरिंग की. आरोपी की पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस ने बताया कि विलास ने कुल 6 राउंड फायरिंग की. इसके बाद वो मौके पर ही पिस्टल छोड़कर भाग गया. हालांकि, बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. श्रीकृष्ण कोकाटे ने कहा कि पुलिस ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी को सरकारी पिस्टल मिली कैसे? उन्होंने आगे बताया कि फिलहाल इस मामले की जांच चल रही है, जो भी अपराधी होंगे उनपर कार्रवाई की जाएगी.
वीडियो: MP में कारोबारी और उनकी पत्नी ने आत्महत्या की, ED और BJP पर लगाए उत्पीड़न के आरोप; राहुल गांधी से बच्चों की देखभाल की मांग

