The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • Himachal Pradesh CM Sukhvinder Singh Sukhu new year police action tourist liquor

न्यू ईयर गिफ्टः पीकर सड़कों पर कितना भी झूमो, हवालात नहीं ससम्मान होटल पहुंचाएगी हिमाचल पुलिस

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री Sukhvinder Singh Sukhu का शराबियों पर पुलिस एक्शन वाला बयान वायरल हुआ. अब ऐसा ही दावा उत्तराखंड के लिए किया जा रहा है.

Advertisement
pic
31 दिसंबर 2024 (अपडेटेड: 31 दिसंबर 2024, 07:31 AM IST)
Sukhvinder Singh Sukhu police action tourist liquor
शराब को लेकर हिमाचल सरकार के फ़ैसले का ज़िक्र हो रहा है. (फ़ोटो - PTI)
Quick AI Highlights
Click here to view more

सार : हिमाचल प्रदेश में खाने-पीने की दुकानें, ढाबे, होटल, रेस्टोरेंट चौबीसों घंटे खुले रह सकते हैं और शिमला में पीकर झूम जाने वालों को पुलिस ससम्मान होटल तक छोड़ के आएगी. 
विस्तार : “मुरथल पराठे खाने निकले थे, फिर 'प्लान' बना और शिमला पहुंच गए.” 

~ न्यूयरोपरांत के सिंदबाद जहाजी टाइप्स किस्सों में एवरेज गुरुग्रामक-दिल्ली-गाजियाबादीय कलीग.

कलीगों के ‘कलियों का चमन जब खिलता है’ किस्म के किस्सों में बदलते कैलेंडरों के बावजूद ये स्थायी तत्व रहता आया है और रहेगा. अपने नए वीडियो में जाकिर खान भी ऐसा ही कुछ कहते हैं. "मेरा ग्रुप बहुत अमेजिंग है, हम रात को 3 बजे निकल जाते हैं." इसके आगे भी वो बहुत कुछ कहते हैं, लेकिन वो आप वहीं सुनिएगा. तात्पर्य ये है कि परिवारों के साथ या अमेजिंग ग्रुप के साथ हिमाचल प्रदेश में रात-बिरात घूमते/पहुंचे सैलानियों के किस्सों में ये तत्व भी आता है कि 'लेकिन कहीं खाने को कुछ नहीं मिला. सब होटल बंद थे. एक ढाबा तक नहीं था.' अब ऐसा नहीं होगा, इस न्यू ईयर तो नहीं ही.

24 दिसंबर को शिमला विंटर कार्निवल की शुरुआत हुई. 24 दिसंबर से 2 जनवरी तक ये कार्यक्रम चलेगा. इस मौके पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जो कहा, उससे दो बड़ी बातें निकलीं. 

"विंटर कार्निवल के दौरान जो भी पर्यटक परिवार के साथ आए, वो यदि झूम जाए तो उन्हें हवालात ना छोड़ा जाए. बल्कि होटल छोड़ा जाए. हिमाचल में अतिथियों का सम्मान किया जाता है, उसका पालन करना है."

उन्होंने आगे कहा,

बर्फबारी से निपटने के लिए भी प्रदेश पूरी तरह से तैयार है. सरकार ने फैसला लिया है 5 जनवरी तक होटल, ढाबे और रेस्टोरेंट 24 घंटे खुले रह सकते हैं, जिससे पर्यटकों को कभी भी हिमाचल आना हो, उन्हें हर समय सुविधा मिलेगी. कोई भी भूखा नहीं रहेगा.

मतलब अगर कोई शराब पीकर झूम गया, सड़क पर चलने की हालत में भी नहीं रह गया. ऐसे लोगों का भी पुलिस ने तगड़ा इंतजाम कर दिया है. उनके साथ सही सलूक (लिटरली!) होगा और उन्हें सही जगह अर्थात उनके होटलों तक पहुंचाया जाएगा. देशप्रेम जनसेवा के लिए मुफीद पुलिसकर्मी फन-सेवा करते नजर आएंगे.

ये भी पढ़ें - ट्रेन में कितनी बोतल शराब ले जा सकते हैं?

अगर हिमाचल की जगह प्लान उत्तराखंड का बनता है, तो सरकारी आदेशानुसार वहां भी खाने-पीने की दुकानें 24 घंटे खुली मिलेंगी. लेकिन ठहरिए! मीडिया एवं सोशल मीडिया पर कुछ भ्रामक बातें भी चल रही हैं कि 5 जनवरी तक पूरी रात शराब की दुकानें भी खुली रहेंगी. किसी का नाम क्यों लेना.  'दुनिया नई' है, बातें तमाम चल जाती हैं, एक खबरिया वेबसाइट ने छाप दिया.

"कांग्रेस शासित इस राज्य में 5 जनवरी तक 24 घंटे मिलेगी शराब, नशे में धुत्त मिले तो कमरे तक छोड़ेगी पुलिस." दुनिया इतनी भी नई नहीं है, ख़बर ये सही नहीं है. ठेके 24 घंटे नहीं खुले नहीं रहेंगे. एक और राज्य में नई 'शराब नीति' नहीं आई है. खाने-पीने का इंतजाम हुआ है. पीने-खाने का नहीं.

वीडियो: शराब पीकर नशे में मीटिंग अटेंड करने पहुंच गया कर्मचारी, बवाल कट गया

Advertisement

Advertisement

()