The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • heat wave alert heavy rain fall for the next two weeks IMD warning UP delhi mp rajasthan tamil nadu karnataka

बारिश की राहत गई, अब होगी भीषण गर्मी, मौसम विभाग ने बताया कब तक रहेगा बुरा हाल

Heat Wave alert: भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो हफ्तों में उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई राज्यों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर रह सकता है, जबकि पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में तेज बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है.

Advertisement
pic
15 मई 2026 (पब्लिश्ड: 02:11 PM IST)
 (PHOTO SOURCE : AAJTAK )
IMD ने कई राज्यों मे हीटवेव और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया | सांकेतिक फोटो : आजतक
Quick AI Highlights
Click here to view more

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 14 से 27 मई तक देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और हीटवेव को लेकर चेतावनी जारी की है. कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना भी जताई है. विभाग के मुताबिक अगले दो हफ्तों में उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई राज्यों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर रह सकता है, जबकि पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में तेज बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है.

राजस्थान, दिल्ली, यूपी, एमपी और छत्तीसगढ़ के लिए अलर्ट

IMD के अनुसार 14 से 20 मई के बीच पश्चिम राजस्थान में कई जगहों पर हीटवेव और कुछ इलाकों में गंभीर हीटवेव की स्थिति बन सकती है. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 16 से 20 मई तक लू चलने की संभावना जताई गई है. वहीं पश्चिम उत्तर प्रदेश में 15 से 17 मई और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 14 से 17 मई तक हीटवेव का असर रह सकता है.

मौसम विभाग ने कहा है कि पश्चिम और पूर्व मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में भी अगले कुछ दिनों तक गर्मी का असर तेज रहेगा. रिपोर्ट के मुताबिक 14 से 20 मई के दौरान इन इलाकों में तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रह सकता है.

IMD की रिपोर्ट के अनुसार, 13 मई को राजस्थान के जैसलमेर में देश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. विभाग ने बताया कि राजस्थान, गुजरात, मराठवाड़ा, विदर्भ और पश्चिम मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है.

पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा तमिलनाडु, केरल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी तेज बारिश का अनुमान जताया गया है.

मानसून की पहली दस्तक कब?

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, 16 मई के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और दक्षिण बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में पहुंच सकता है. विभाग ने कहा है कि इन इलाकों में मौसम की परिस्थितियां धीरे-धीरे मानसून के अनुकूल होती जा रही हैं, जिससे बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है.

मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है. विभाग ने कहा है कि बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए, क्योंकि हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ सकता है. वहीं भारी बारिश वाले इलाकों में जल भराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है.

(ये खबर हमारे यहां इंटर्नशिप कर रहे कुमार ऋषभ ने लिखी है)

वीडियो: सेहत: बदलते मौसम में बीमार पड़ने से कैसे बचें?

Advertisement

Advertisement

()