The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • HDFC employee threatened by saying Thakur hu main given her side of story

HDFC कर्मी आस्था सिंह ने क्यों कहा 'ठाकुर हूं मैं'? वायरल वीडियो की पूरी कहानी ये है

आस्था सिंह ने आरोप लगाया कि जानबूझकर पूरा वीडियो वायरल नहीं किया गया और सिर्फ वो हिस्सा फैलाया गया जिसमें वह अपनी जाति बता रही हैं.

Advertisement
pic
9 फ़रवरी 2026 (पब्लिश्ड: 12:04 AM IST)
HDFC woman viral video astha singh
HDFC की वायरल कर्मी ने आरोपों को खारिज किया है. (india today)
Quick AI Highlights
Click here to view more

‘ठाकुर हूं मैं. ऐसी की तैसी कर दूंगी.’ एचडीएफसी बैंक की रिलेशनशिप मैनेजर का ये वीडियो आप तक भी पहुंचा ही होगा. सोशल मीडिया पर 32 सेकेंड के वायरल हो रहे वीडियो में जो महिला दिखती हैं, उनका आस्था सिंह है. कानपुुर की रहने वाली हैं. खुद को ‘ठाकुर’ बताकर धमकी देने का आरोप लगने के बाद उनकी खूब आलोचना भी हो रही है. लेकिन उनका कहना है कि ये मामला जातिवाद का नहीं था. यह एक मामूली बहस थी जो उनकी बैंक में काम करने वाली एक पूर्व कर्मी के पति से हो गई थी.

आस्था सिंह ने आजतक से जुड़े रंजय सिंह से बात करते हुए आरोप लगाया कि जानबूझकर पूरा वीडियो वायरल नहीं किया गया और सिर्फ वो हिस्सा फैलाया गया जिसमें वह अपनी जाति बता रही हैं. उन्होंने बताया कि उनकी ब्रांच में ऋतु तिवारी नाम की एक महिला काम करती हैं. उन्होंने नौकरी से इस्तीफा दिया था और घटना वाले दिन वो अपना रिलीविंग लेटर लेने के लिए ब्रांच में आई थीं. उनके पति भी साथ में आए थे. आस्था का कहना है कि पूर्व कर्मचारी के पति ने ही सबसे पहले उनकी जाति पूछी थी.

आस्था सिंह ने पूरा मामला समझाते हुए कहा कि वायरल वीडियो 6 जनवरी का है. ऋतु तिवारी अपने पति के साथ आई थीं. उनके पति का कहना था कि ऋतु को जल्दी रिलीव कर दिया जाए. इसके बाद वो काफी अग्रेशन दिखाने लगे. 

उन्होंने कहा कि ऋतु तिवारी के पति ऋषि मिश्रा की बहन से उनकी सुबह किसी बात पर बहस हो गई थी. इस पर भी वो तमतमाए थे. इसी को लेकर वह उनके पास आए और आते ही पूछा कि किस जाति की हो. सारी हेकड़ी निकाल दूंगा. आस्था ने बताया,

ऋषि मिश्रा ने आते ही अपनी बहन से कहा कि कौन था वो जिसने तुमसे बदतमीजी की थी. महिला कॉन्स्टेबल क्यों नहीं बुला लिया. फिर वो बाहर गए और किसी को फोन कर कहते हैं कि मैं प्रेस में हूं. मैं हेकड़ी निकालता हूं. फिर मेरे पास आकर बोले कि तुम्हें ज्यादा हेकड़ी है. तुम्हारी गर्मी निकालूंगा. 

आस्था सिंह ने कहा कि अगर कोई किसी महिला कर्मचारी से ऐसा कहता है तो इस पर कोई कैसे चुप रह सकता है. उन्होंने कहा कि पहले ऋषि मिश्रा ने उनसे उनकी जाति पूछी. इसके बाद ही उन्होंने अपनी जाति बताई. अगर पूरा वीडियो वायरल किया जाता तो ये सच्चाई सामने आ जाती.

आस्था कहती हैं कि सिर्फ 45 सेकंड का वीडियो वायरल किया गया. वो भी महीने भर बाद क्योंकि इस्तीफा देने के बाद फुल पेमेंट करीब एक महीने के बाद आता है. ऐसे में जैसे ही ऋतु तिवारी का फुल पे बैंक से रिलीज हुआ होगा, तभी उन्होंने ये वीडियो वायरल कर दिया. 

एक्शन लेने के बारे में पूछे जाने पर आस्था सिंह ने कहा,

इस केस में इंटरनल मेल अपने सीनियर्स को फॉरवर्ड किया है. सबको पता है कि मैं गलत नहीं हूं. इसलिए हमें इसमें इतना एक्शन लेने की जरूरत नहीं थी. लेकिन जब इस तरीके की चीजें हो रही हैं तो मैं बिल्कुल मानहानि का केस करना चाहूंगी. 

उन्होंने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें काफी कुछ बोला जा रहा है. रेप करने और बाल काटने तक की धमकी दी जा रही है. परिवार को भी नहीं छोड़ा जा रहा है. 

आस्था ने आगे कहा, “हर इंसान फेमस होना चाहता है, लेकिन गलत तरीके से नहीं. मैं गलत मायने में फेमस हो रही हूं. मेरे फैमिली के लिए काफी कुछ बोला जा रहा है. मेरे मां-बाप के लिए, मेरे हसबैंड के लिए बहुत कुछ बोला जा रहा है.”

आस्था ने कहा कि वह इस केस में लीगल एक्शन लेंगी. पूरे मामले की निष्पक्ष रूप से जांच होनी चाहिए. बैंक में क्लिप मौजूद है. उसे शुरू से देखा जाना चाहिए और जो दोषी है उसे सजा मिलनी चाहिए. 

वीडियो: उत्तर प्रदेश के होटल में कपल का प्राइवेट वीडियो रिकॉर्ड करता था, फोन से क्या मिला?

Advertisement

Advertisement

()