The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • HCLTech gives WFH option to employees after LPG shortage cafeterias

गैस संकट के आगे झुकी बड़ी टेक कंपनी, ऑफिस के लोगों को वर्क फ्रॉम होम पर भेजा

HCLTech WFH LPG shortage: गैस के बढ़ते दामों की वजह से टेक कंपनी HCLTech ने चेन्नई स्थित अपने ऑफिस में कर्मचारियों को 12-13 मार्च को घर से काम करने का ऑप्शन दिया है. क्योंकि कुकिंग गैस की कमी की वजह से कैफेटेरिया का काम रुक गया है.

Advertisement
pic
12 मार्च 2026 (पब्लिश्ड: 04:49 PM IST)
HCLTech WFH LPG shortage
LPG सिलेंडर की कमी की वजह से HCLTech कंपनी ने 2 दिन का WFH ऑप्शन दिया. (फोटो-इंडिया टुडे)
Quick AI Highlights
Click here to view more

अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध की चिंगारी भारत की रसोई तक आ पहुंची है. LPG गैस की किल्लत ने कई रेस्टोरेंट, कैफे को अपने मेन्यू में बदलाव करने या फिर बंद करने पर मजबूर कर दिया है. बड़ी-बड़ी कंपनियों के कैफेटरिया पर भी असर पड़ा है. अब ऐसी ही खबर टेक कंपनी HCLTech से आई है. कंपनी के चेन्नई स्थित दफ्तर ने कुकिंग की जरूरत पूरी ना कर पाने की वजह से अपने कर्मचारियों को घर से काम करने का ऑप्शन दिया है.

Mint ने कंपनी के दो सीनियर अधिकारियों के हवाले से ये जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि LPG की मौजूदा कमी की वजह से कैफेटेरिया में कुकिंग का काम रुक गया है. कई कैफेटेरिया वेंडर काम नहीं कर पा रहे हैं. जिसके बाद कंपनी ने स्टाफ को 12-13 मार्च को रिमोटली काम करने की इजाजत दी है.

इससे पहले भारत की दूसरी सबसे बड़ी टेक कंपनी Infosys ने भी अपने एंप्लॉयीज के लिए खाने से जुड़ी एक एडवाइजरी जारी की थी. कहा कि कमर्शियल LPG की कमी की वजह से कैफेटेरिया कम मेन्यू आइटम के साथ काम करेंगे. ऑफिस में लाइव काउंटर ऑपरेशन (गरमागरम डोसा और ऑमलेट जैसी डिश) बंद कर दिए गए हैं. कर्मचारियों से घर का बना खाना लेने की अपील की जा रही है. ये नोटिस कंपनी ने बेंगलुरु, चेन्नई और पुणे वाले ऑफिस के लिए दिया है.  

गैस की कमी का असर जोमैटो और स्विगी जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की बिक्री पर भी पड़ा है. गिग और प्लेटफॉर्म सर्विस वर्कर्स यूनियन (GIPSWU) ने अपने एक बयान में कहा, “LPG सप्लाई में रुकावटों की वजह से कमर्शियल सिलेंडर की कमी हो गई है. इससे रेस्टोरेंट, ढाबे, क्लाउड किचन, कैटरिंग सर्विस और स्ट्रीट वेंडर बंद हो गए हैं.”

यूनियन ने दावा किया कि इससे जोमैटो और स्विगी जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर 50-60 पर्सेंट फूड डिलीवरी ऑर्डर खत्म हो गए हैं.

अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे हिंसक झगड़े की वजह से ग्लोबल एनर्जी मार्केट में अनिश्चितता है. इस बीच सरकार ने घर, हॉस्पिटल और एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन जैसी जरूरी जगहों और सेवाओं के लिए LPG की उपलब्धता सुनिश्चित करने का फैसला किया है.

इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने कस्टमर्स को भरोसा दिलाया है कि घर में खाना पकाने के लिए इस्तेमाल होने वाली पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) और गाड़ियों में इस्तेमाल होने वाली कम्प्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की सप्लाई बिना किसी रुकावट के जारी रहेगी. हालांकि, IGL ने 11 मार्च से सभी कमर्शियल और इंडस्ट्रियल किरायेदारों के लिए सप्लाई में 20% की भारी कटौती की है. 

वीडियो: ईरान जंग पर इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी ने क्या कहा?

Advertisement

Advertisement

()