The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • Harish Rana Indis first person to be allowed passive euthanasia dies in AIIMS

हरीश राणा ने दुनिया छोड़ी, भारत में 'इच्छा मृत्यु' पाने वाले पहले शख्स बने

Harish Rana coma death: 24 मार्च को हरीश राणा का AIIMS-दिल्ली में 13 साल से ज्यादा समय तक कोमा में रहने के बाद निधन हो गया. उन्हें पिछले 10 दिन से भोजन और पानी नहीं दिया जा रहा है.

Advertisement
pic
24 मार्च 2026 (अपडेटेड: 24 मार्च 2026, 07:57 PM IST)
harish rana coma death
13 साल से ज्यादा समय तक कोमा जैसी हालत में रहने वाले हरीश राणा का निधन हो गया है. (फोटो-इंडिया टुडे)
Quick AI Highlights
Click here to view more

हरीश राणा का दिल्ली के AIIMS में मंगलवार, 24 मार्च को निधन हो गया. वह 13 साल से ज्यादा समय तक कोमा जैसी हालत में थे. भारत में पैसिव यूथेनेशिया यानी इच्छा-मृत्यु पाने वाले वह पहले शख्स हैं. 31 साल के हो चुके हरीश राणा 2013 में बिल्डिंग से गिरने के बाद घायल हो गए थे. इसके बाद से उन्हें होश नहीं आया. उनके माता-पिता ने सुप्रीम कोर्ट में राणा को इच्छामृत्यु देने के लिए याचिका दाखिल की थी. कोर्ट ने याचिका मंजूर कर ली, जिसके बाद हरीश राणा को दिल्ली एम्स के डॉ. बीआर अंबेडकर इंस्टीट्यूट रोटरी कैंसर हॉस्पिटल की पैलिएटिव केयर यूनिट में शिफ्ट किया गया था. 15 मार्च से उन्हें भोजन देने की व्यवस्था बंद कर दी गई थी.

हरीश पंजाब यूनिवर्सिटी में BTech के छात्र थे. 2013 में चौथी मंजिल की बालकनी से गिरने के कारण उनके सिर में गंभीर चोटें आई थीं. तब से वह कोमा में थे और उन्हें आर्टिफिशियल न्यूट्रिशन और कभी-कभी ऑक्सीजन का सहारा दिया जा रहा था.

मंगलवार, 24 मार्च को AIIMS ने हरीश राणा के निधन की पुष्टि करते हुए एक प्रेस रिलीज जारी किया. इसमें कहा गया, 

हरीश राणा का 24 मार्च 2026 को शाम 4:10 बजे AIIMS नई दिल्ली में निधन हो गया. वो डॉक्टरों की एक टीम की देखरेख में थे और उन्हें पैलिएटिव ऑन्कोलॉजी यूनिट (IRCH) में भर्ती किया गया था. इसका नेतृत्व डॉ. सीमा मिश्रा कर रही थीं. AIIMS इस कठिन समय में उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता है.

इंडिया टुडे से जुड़े मयंक गौर की रिपोर्ट के मुताबिक, गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन इलाके के राज एंपायर सोसाइटी में राणा का परिवार रहता है. इस सोसाइटी के वॉट्सएप ग्रुप में हरीश के पिता अशोक राणा ने शोक संदेश डाला है. उन्होंने बताया कि बुधवार, 25 मार्च की सुबह 9 बजे हरीश राणा का अंतिम संस्कार ग्रीन पार्क साउथ दिल्ली में किया जाएगा. उनकी सोसाइटी के लोगों ने भी हरीश के निधन पर शोक जताया है. 

बता दें कि हरीश राणा की मां और उनके पिता ने 13 साल तक अस्पताल के बिस्तर पर कोमा में पड़े अपने बेटे के जागने का इंतजार किया. लेकिन डॉक्टरों ने बताया कि उसके ठीक होने की अब कोई उम्मीद नहीं है. इसके बाद वो लोग सुप्रीम कोर्ट गए और अपील की कि उनके बेटे को ‘गरिमापूर्ण इच्छामृत्यु’ दी जाए. यानी सम्मान से मरने का अधिकार. 

सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस जेबी परदीवाला और जस्टिस केवी विश्वनाथन की बेंच ने माता-पिता की बातें सुनीं. डॉक्टरों और अस्पताल से रिपोर्ट्स मंगाईं. जब ये बात पक्की हो गई कि हरीश को बचाने का कोई उपाय नहीं है तो 'पहली बार' भारत में में इच्छामृत्यु की स्वीकृति देने का फैसला सुनाया गया. सुप्रीम कोर्ट ने AIIMS-दिल्ली को निर्देश दिया था कि वे यह सुनिश्चित करें कि लाइफ सपोर्ट को एक विशेष योजना के तहत हटाया जाए, ताकि मरीज की गरिमा बनी रहे.

इसके लिए एक खास मेडिकल टीम का गठन किया गया था, जिसका नेतृत्व डॉ. सीमा मिश्रा (प्रोफेसर और एनेस्थीसिया और पैलिएटिव मेडिसिन विभाग की हेड) ने किया. इसमें न्यूरोसर्जरी, ऑन्को-एनेस्थीसिया, पैलिएटिव मेडिसिन और मनोरोग (साइकेट्री) विभागों के डॉक्टर शामिल थे. हरीश राणा का खाना बंद कर दिया गया था. लेकिन डॉक्टरों की टीम उन्हें लगातार दर्द निवारक और जरूरी दवाएं दे रही थी. ताकि उन्हें किसी तरह का कष्ट या असहजता महसूस न हो.

ये भी पढ़ें: हरीश राणा को कैसे दी जाएगी इच्छामृत्यु? क्या मौत आने में वक्त है?

‘पैसिव यूथेनेशिया’ का मतलब है कि किसी गंभीर रूप से बीमार या कोमा में पड़े मरीज को वेंटिलेटर, फीडिंग ट्यूब या डायलिसिस से हटा दिया जाए. इससे मरीज अपनी बीमारी से स्वाभाविक तौर पर मर जाता है.

वीडियो: सेहत: कमज़ोर नसों के ये लक्षण पता हैं?

Advertisement

Advertisement

()