The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • Hardeep Puri respond he met epstein 3-4 times as part of a delegation

जेफ्री एपस्टीन पर राहुल गांधी को हरदीप पुरी का जवाब, "ईमेल पढ़ें, उसने मुझे दोमुंहा कहा था"

अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट ने यौन अपराधी Jeffrey Epstein से जुड़ी करीब 30 लाख से ज्यादा फाइलें सार्वजनिक की हैं. भारत के पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इन फाइल्स में अपना नाम आने को लेकर सफाई दी है.

Advertisement
pic
11 फ़रवरी 2026 (अपडेटेड: 11 फ़रवरी 2026, 06:34 PM IST)
hardeep puri  Jeffrey Epstein rahul gandhi america
हरदीप पुरी ने एपस्टीन फाइल में नाम आने को लेकर सफाई दी है. (तस्वीरें- पीटीआई)
Quick AI Highlights
Click here to view more

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने एपस्टीन फाइल्स में अपना नाम आने को लेकर सफाई दी है. उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय शांति संस्थान (IPA) के प्रतिनिधिमंडल के हिस्सा रहते जेफ्री एपस्टीन से उनकी मुलाकात हुई थी. नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस मुद्दे को लोकसभा में उठाया था. जिसके बाद हरदीप पुरी की ये सफाई आई है.

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, हरदीप पुरी ने साफ किया कि एपस्टीन के साथ उनकी बातचीत का अमेरिकी फाइनेंसर के खिलाफ लगे आरोपों से कोई लेना-देना नहीं था. उन्होंने बताया, “IPA में मेरे बॉस टेर्जे रॉड-लार्सन एपस्टीन को जानते थे और मैं उनसे प्रतिनिधिमंडल के हिस्से के तौर पर केवल कुछ मौकों पर, अधिकतम 3 या 4 बार ही मिला था और हमारे बीच सिर्फ एक ईमेल का आदान-प्रदान हुआ था. हमारी मुलाकातों का उन (यौन) अपराधों से कोई लेना देना नहीं था. जिनके आरोप उन पर हैं.”

हरदीप पुरी ने बताया कि उस समय उनका संपर्क मुख्य तौर पर लिंक्डइन के सह-संस्थापक रीड हॉफमैन से था. उन्होंने इस इंटरनेट उद्यमी और वेंचर कैपिटलिस्ट को भारत आने का निमंत्रण दिया था. केंद्रीय मंत्री ने आगे बताया, “मुझे एपस्टीन की गतिविधियों में कोई दिलचस्पी नहीं थी. उनके लिए मैं सही व्यक्ति नहीं था. एपस्टीन ने मुझे ‘दोमुंहा’ कहा था. राहुल गांधी को ईमेल पढ़ने चाहिए.”

हरदीप पुरी ने यहां Two-faced शब्द का इस्तेमाल किया. इसका मतलब ऐसे व्यक्ति से है जो आपकी बात न माने या दूसरों के आगे आपके बारे में ऐसी बातें करे जो आपको पसंद न आए.

हरदीप पुरी ने आगे कहा कि नेता प्रतिपक्ष को समझना चाहिए कि एपस्टीन फाइल्स आपराधिक मामलों से संबंधित हैं. इन फाइल्स में गंभीर आरोप दर्ज हैं, जिनमें एक निजी द्वीप पर ले जाकर लोगों का यौन शोषण किए जाने के आरोप शामिल हैं. पीड़ितों ने इस मामले में शिकायत भी दर्ज कराई हैं. मेरी किसी भी बातचीत का इससे कोई संबंध नहीं था.

हरदीप पुरी की ये सफाई राहुल गांधी के लोकसभा में दिए गए बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि एपस्टीन फाइल्स में हरदीप पुरी का नाम है. इन फाइलों में यौन अपराधियों के आपराधिक कामों की विस्तार से जानकारी दी गई है. अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप और बिल क्लिंटन समेत दुनिया भर की कई हाई-प्रोफाइल हस्तियों के नाम इन फाइलों में शामिल है.

वीडियो: एपस्टीन फाइल्स में प्रधानमंत्री मोदी के नाम पर विदेश मंत्रालय ने क्या बताया?

Advertisement

Advertisement

()