The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • harayana panipat man murder applied Holi colours to girlfriend boyfriend killed with screwdriver

होली पर गर्लफ्रेंड को रंग लगाने वाले शख्स की हत्या, पेंचकस से नहीं मरा तो जिंदा रेल ट्रैक पर लिटा दिया

Panipat Murder: आरोप है कि होली वाले दिन कालू ने राहुल की कथित गर्लफ्रेंड को रंग लगाया था, जो राहुल को पसंद नहीं आया. इसके बाद कालू की पेंचकस से हमला करके और जिंदा रेल ट्रैक पर लिटाकर कथित तौर पर हत्या कर दी गई.

Advertisement
pic
16 मार्च 2026 (पब्लिश्ड: 03:24 PM IST)
haryana murder case row over holi dispute
होली विवाद के चलते तीन लोगों ने एक शख्स की जान ले ली. (फोटो-ITG)
Quick AI Highlights
Click here to view more

हरियाणा के पानीपत ज़िले के एक गांव में रहने वाले 23 साल के कालू की हत्या कर दी गई. 4 मार्च को होली के दिन कालू और उसी गांव के रहने वाले तीन लोगों के बीच विवाद हुआ था. इसके बाद तीनों ने मिलकर कथित तौर पर कालू की हत्या कर दी. राजकीय रेलवे पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. 

जानकारी के मुताबिक़, तीनों आरोपी आपस में दोस्त हैं. कालू और तीनों आरोपी संजू, विशाल और राहुल महमूदपुर गांव के निवासी हैं. पेशे से चारों मज़दूर हैं. रेलवे पुलिस के अनुसार इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी संजू है, जिसकी कालू से पहले से रंजिश थी. पुलिस से पूछताछ में आरोपियों ने अपना गुनाह क़ुबूल कर लिया है. 

आजतक से जुड़े प्रदीप रेढू की रिपोर्ट के मुताबिक़, कालू एक बार संजू की बाइक ले गया था. उस बाइक का एक्सीडेंट हो गया और बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. संजू का आरोप है कि कालू ने इस नुकसान की भरपाई भी नहीं की. इसी वजह से रंजिश बनी हुई थी. होली वाले दिन ये रंजिश और बढ़ गई.

आरोप है कि होली वाले दिन कालू ने राहुल की कथित गर्लफ्रेंड को रंग लगाया था, जो राहुल को पसंद नहीं आया. इसके बाद संजू और उसके साथियों ने प्लान बनाया. रेलवे पुलिस ने बताया कि संजू कालू को लेने उसके घर तक गया था. उसके बाद उसे एक जगह ले गया जहां राहुल और विशाल पहले से मौजूद थे. चारों ने मिलकर शराब पार्टी की. आरोप है कि संजू ने कालू को कथित तौर पर पेंचकस घोंपकर मारने की कोशिश की. जब उसकी जान नहीं निकली तो कथित रूप से उसे रेलवे ट्रैक पर लिटा दिया. 

पानीपत राजकीय रेलवे पुलिस थाना प्रभारी धरम पाल ने बताया, 

‘मृतक कालू और तीनों आरोपियों के बीच में पहले से रंजिश थी. इसी के चलते तीनों ने मिलकर घटना को अंजाम दिया. शराब पार्टी के दौरान आरोपियों ने कालू को ज़्यादा शराब पिलाई और खुद बहुत कम पी. जब कालू नशे में धुत हो गया तब उसे बाइक पर बिठाकर रेलवे ट्रैक के पास ले गए. वहां संजू ने कालू के गले पर पेंचकस से हमला किया.’

थाना प्रभारी ने आगे बताया,

‘फिर रेलवे ट्रैक पर उसे लिटा दिया. थोड़ी ही देर में ट्रेन आई और कालू की मौत हो गई. आरोपियों ने कालू का फोन भी स्विच ऑफ कर दिया था. हमने फोन और बाइक दोनों को बरामद कर लिया है.’

फिलहाल तीनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं. पुलिस ने बताया कि कल उनकी कोर्ट में पेशी है. रिपोर्ट के मुताबिक़, रेलवे ट्रैक पर पुलिस को कालू का शव मिला था. जिसके बाद जांच शुरू हुई. जांच के दौरान मोबाइल लोकेशन ट्रैक कर पुलिस ने आरोपियों को पकड़ लिया. 

वीडियो: होली पर महिला से बदसलूकी करने वाला 'हिंदू रक्षा दल' का कार्यकर्ता धरा गया

Advertisement

Advertisement

()