जश्न में हवाई फायरिंग, गोली महिला के सिर में लगी, पति-देवर शव फ्रीजर में रखकर फरार
आरोप है कि महिला की मौत के बाद पति और देवर ने एक बड़ा डीप फ्रीजर मंगवाया. शव को उसमें रख दिया, ताकि रात में बिना किसी को बताए वो लोग अंतिम संस्कार कर दें.

'हर्ष फायरिंग' के वक्त हुई लापरवाही ने एक महिला की जान ले ली. मामला मध्य प्रदेश के ग्वालियर का है. घटना के वक्त 32 वर्षीय महिला के बेटे की ‘छठी’ का आयोजन था. इसी दौरान महिला को गोली लग गई. हैरानी की बात ये है कि घटना के बाद महिला के पति और देवर ने पुलिस को सूचना देने के बजाय शव को छिपाने की कोशिश की.
पुलिस के मुताबिक, दोनों ने महिला के शव को एक बड़े डीप फ्रीजर में रख दिया. आरोप है कि दोनों का प्लान था कि रात में गुपचुप तरीके से महिला का अंतिम संस्कार कर देंगे.
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना ग्वालियर के तृप्ति नगर इलाके की है. यहां के रहने वाले मनोज कुशवाह के नवजात बेटे की छठी का कार्यक्रम चल रहा था. पुलिस के मुताबिक, मनोज का छोटा भाई योगेश कुशवाह अपने भतीजे के जन्म की खुशी में हवाई फायरिंग की तैयारी कर रहा था. योगेश देसी पिस्तौल को बार-बार लोड और अनलोड कर रहा था, तभी अचानक गोली चल गई जो बच्चे की मां जाह्नवी उर्फ ज्योति कुशवाह के सिर में लगी. इससे पहले की घर वाले उनको अस्पताल ले जाते या किसी तरह की मेडिकल हेल्प बुलाते, ज्योति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
पुलिस का कहना है कि घटना के बाद परिवार ने कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं अपनाई. पुलिस को सूचना देने के बजाय, मनोज और योगेश ने कथित तौर पर शव को छिपाने का फैसला किया. आरोप है कि उन्होंने एक बड़ा डीप फ्रीजर मंगवाया. शव को उसमें रख दिया, ताकि रात में बिना किसी को बताए वो लोग अंतिम संस्कार कर दें.
पड़ोसियों से झूठ बोलापड़ोसियों को शक ना हो, इसलिए उनको ये झूठ कह दिया कि ज्योति की मौत बीमारी के कारण हुई है. लेकिन पास में रहने वाले एक शख्स को इस कहानी पर शक हो गया. इसके बाद उसने थाटीपुर पुलिस को इसकी जानकारी दे दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर से महिला का शव बरामद किया. हालांकि, पुलिस की गाड़ियां आते देख मनोज और योगेश पहले ही फरार हो गए.
फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया. अब पुलिस उस अवैध हथियार की भी तलाश कर रही है, जिससे कथित तौर पर गोली चली थी. पुलिस ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह हथियार कहां से लाया गया था. इसके अलावा, पुलिस ने मनोज कुशवाह और योगेश कुशवाह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. दोनों पर मौत की जानकारी छिपाने और अधिकारियों को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार करने की कोशिश करने का आरोप है.
वीडियो: सोशल लिस्ट: ग्वालियर CSP हिना खान ने अब जो कहा, बोलती बंद करा देगा!

