The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • Gurpatwant Pannun Threat to Mahakumbh Akhada Parishad Reply

महाकुंभ: "मार-मारकर..." पन्नू की धमकी पर अखाड़ा परिषद का जवाब

13 जनवरी से 26 फरवरी तक प्रयागराज में Mahakumbh का आयोजन होना है. इसमें लगभग 4.5 करोड़ लोगों के आने की उम्मीद है. Gurpatwant Pannun ने इसे निशाना बनाने की धमकी दी है. जिसके बाद अखाड़ा परिषद की तीखी प्रतिक्रिया आई है.

Advertisement
pic
26 दिसंबर 2024 (अपडेटेड: 26 दिसंबर 2024, 12:06 PM IST)
Ravindra Puri and Gurpatwant Singh Pannun
भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी और पन्नू. (फाइल फोटो: एजेंसी)
Quick AI Highlights
Click here to view more

खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू (Gurpatwant Singh Pannun) का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. दावा किया जा रहा है कि वीडियो में पन्नू प्रयागराज महाकुंभ (Mahakumbh) को निशाना बनाने की धमकी दे रहा है. भारतीय अखाड़ा परिषद ने इसका जवाब दिया है. उन्होंने कहा है कि पन्नू अगर महाकुंभ में घुसने की हिम्मत करता है तो उसे मार-मारकर भगा दिया जाएगा.

इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक, परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी ने पत्रकारों से कहा,

पन्नू नाम का जो व्यक्ति है, अगर कहीं ये हमारे महाकुम्भ में घुसने की हिम्मत करता है तो इसे मार-मारकर भगाया जाएगा. हमने ऐसे पागल सैकड़ों की संख्या में देखे हैं. ये माघ मेला है, जहां सिख और हिंदू सभी एक हैं. पन्नू ने आपस में बांटने वाली जो बात की है, वो उचित नहीं है. सिख समाज ने ही सनातन धर्म को बचाए रखा है. पन्नू द्वारा विभाजन को बढ़ावा देने की कोशिशें बेबुनियाद हैं. हमारे यहां नागा साधुओं की तरह उनके (सिखों के) यहां भी नागा साधु होते हैं. ये दोनों एक ही हैं और सनातन के सैनिक हैं. इसलिए हम इन पागलों को अधिक गंभीरता से नहीं लेते.

ये भी पढ़ें: प्रयागराज का कुंभ मेला क्षेत्र अब अलग जिला होगा, 'टेंट सिटी' के अपने डीएम-SSP भी होंगे

पुरी ने आगे कहा कि पन्नू हमेशा से ही ऐसी भाषा का प्रयोग करता है. इसलिए उसको महत्व नहीं देना चाहिए.

Pannu ने धमकी क्यों दी?

23 दिसंबर को उत्तर प्रदेश पीलीभीत में 3 खालिस्तानी आतंकी पुलिस एनकाउंटर में मारे गए थे. इस मुठभेड़ का हवाला देते हुए वीडियो में पन्नू ने कथित रूप से कहा कि 14 जनवरी, 29 जनवरी और 3 फरवरी को महाकुंभ को निशाना बनाया जाएगा. 14 जनवरी को मकर संक्रांति, 29 जनवरी को मौनी अमावस्या और 3 फरवरी को बसंत पंचमी है. इन आतंकियों का ‘खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स’ नाम के संगठन से कनेक्शन सामने आया था.

13 जनवरी से 26 फरवरी तक प्रयागराज में महाकुंभ का आयोजन होना है. इसमें लगभग 45 करोड़ लोगों के आने की उम्मीद है. पुलिस ने कहा है कि AI जैसे तकनीक के सहारे इलाके की सुरक्षा की व्यवस्था की गई है. साथ ही ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है.

वीडियो: "कुंभ में गांजा" अफजाल अंसारी का विवादित बयान

Advertisement

Advertisement

()