डॉक्टर ने क्लिनिक में लगाया 'स्पाई' कैमरा, साथी डॉक्टर के 3000 प्राइवेट वीडियो बनाए, मामला दर्ज
Gujarat Police ने बताया आरोपी पीड़िता से एकतरफा प्यार करता था, लेकिन वह किसी और से प्यार करती थी. इसी वजह से आरोपी ने महिला और उसके साथी डॉक्टर के निजी वीडियो रिकॉर्ड कर लिए.

गुजरात के राजकोट में एक डॉक्टर पर अपनी महिला सहकर्मी के निजी वीडियो रिकॉर्ड करने का आरोप लगा है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी पीड़िता से एकतरफा प्यार करता था, लेकिन वह किसी और से प्यार करती थी. इसी वजह से आरोपी ने महिला और उसके साथी डॉक्टर के निजी वीडियो रिकॉर्ड कर लिए. पुलिस को आरोपी के पास से 3,000 से ज्यादा वीडियो मिले हैं.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी डॉक्टर कमल नांधा ने अपने क्लिनिक के डिलीवरी रूम में बल्ब होल्डर के अंदर एक छोटा कैमरा छिपाकर लगा दिया था. जैसे ही लाइट जलती थी, कैमरा अपने आप रिकॉर्डिंग शुरू कर देता था और वीडियो एक मेमोरी कार्ड में सेव हो जाते थे. जांच में पता चला कि आरोपी यह काम 2023 से कर रहा था. वह समय-समय पर मेमोरी कार्ड बदलकर रिकॉर्डिंग जमा करता रहता था.
इन वीडियो में शिकायतकर्ता डॉक्टर और उनकी महिला सहकर्मी के निजी पल भी रिकॉर्ड हो गए थे. रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी महिला डॉक्टर से एकतरफा प्यार करता था, जबकि वह शिकायत करने वाले डॉक्टर के साथ रिश्ते में थी. आरोप है कि डॉक्टर नांधा ने कुछ वीडियो दूसरे लोगों के साथ भी शेयर किए, जिनमें कुछ ऐसे लोग भी शामिल थे जो खुद को पत्रकार बताते थे. इसके बाद पीड़ित डॉक्टर को धमकी दी गई कि अगर उसने 25 लाख रुपये नहीं दिए, तो उसके निजी वीडियो सार्वजनिक कर दिए जाएंगे.
ये भी पढ़ें: हनी ट्रैप, सेक्स रैकेट, ब्लैकमेलिंग… 150 लोगों को फंसाया, 'लेडी डॉन' अंशिका सिंह अब जेल में
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अब तक करीब 50,000 रुपये वसूल चुका था. इस मामले में कुल 12 लोगों को आरोपी बनाया गया है, जिन पर ब्लैकमेलिंग, धमकी, साजिश और आईटी कानून के तहत केस दर्ज किया गया है. DCP (क्राइम) जगदीश बांगरवा ने बताया कि आरोपी के पास BHMS की डिग्री है और क्लिनिक में उसकी पहुंच थी, जिसकी वजह से वह बिना किसी की नजर में आए यह डिवाइस वहां लगा पाया.
अभी जांच जारी है और पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है. अधिकारियों ने अस्पतालों और क्लिनिकों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करें, ताकि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों.
वीडियो: पाकिस्तान में महिला डॉक्टर की हत्या के बाद हेल्थकेयर वर्कर्स की हड़ताल

