The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • Greater Noida Father kills his 13-year-old son to frame relatives property dispute

ग्रेटर नोएडा में पिता ने बेटे को मौत के घाट उतारा, भाइयों को फंसाने के लिए रची खूनी साजिश!

Greater Noida Father kills son: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक पिता को पुलिस ने इकलौते बेटे की हत्या के आरोप में हिरासत में लिया है. प्रॉपर्टी विवाद में परिवार के लोगों को फंसाने के लिए घटना को अंजाम दिया. पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है.

Advertisement
pic
8 मई 2026 (अपडेटेड: 8 मई 2026, 04:57 PM IST)
Greater Noida Father killed his son
प्रोपर्टी विवाद के चलते पिता ने बेटे की हत्या कर दी. (फोटो-इंडिया टुडे)
Quick AI Highlights
Click here to view more

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक पिता ने कथित तौर पर अपने इकलौते बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी. पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी पिता ने प्रॉपर्टी विवाद में परिवार के दूसरे सदस्यों को फंसाने के लिए घटना को अंजाम दिया. हत्या को अंजाम देने के बाद पुलिस को गुमराह करने की भी कोशिश की. पूछताछ के लिए आई जांच टीम से बेटे के लापता होने की बात कही थी. हालांकि, जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और बार-बार बयान बदलने की वजह से शक पिता पर गहराया. आरोपी ने बचने के लिए आत्महत्या करने की भी कोशिश की. फिलहाल, वो पुलिस हिरासत में है.

आरोपी पिता का नाम प्रदीप उर्फ पप्पी बताया गया है. उसका 13 साल का इकलौता बेटा सुधांशु 8वीं में पढ़ता था. इंडिया टुडे से जुड़े अरुण त्यागी की रिपोर्ट के मुताबिक, ये मामला थाना कासना क्षेत्र के सिरसा गांव का है. परिवार ने बच्चे के लापता होने की सूचना दी थी. पुलिस ने जांच शुरू की, तो पिता पर शक पुख्ता हो गया. आरोपी के बयान आपस में मेल नहीं खा रहे थे. फिर पुलिस ने सीसीटीवी खंगाले, जिसमें सुधांशु आखिरी बार पिता के साथ दिखा.

आखिरी बार पिता के साथ था सुधांशु

पुलिस ने लोगों से पूछताछ की, तो प्रदीप पर शक और बढ़ गया. जल्द ही, पुलिस को लड़के का शव भी मिल गया. दैनिक भास्कर ने पुलिस के हवाले से लिखा कि 6 मई को प्रदीप सुधांशु के साथ अपनी कार से गया था, लेकिन अकेले ही लौटा. परिवार वालों ने पूछा, तो उसने कहा कि सुधांशु कहीं चला गया है. रात तक बेटा वापस नहीं आया, तो परिवार को चिंता हुई. अगले दिन आरोपी के भाई ने पुलिस को मामले की जानकारी दी.

पुलिस ने प्रदीप से पूछताछ की तो उसके बयान बदलते रहे. कभी कहा कि बेटे को दोस्त के घर छोड़ा था, कभी रिश्तेदार के घर छोड़ने की बात कही. पिता ने पुलिस और परिवार से कहा कि उसने बेटे को गुलिस्तानपुर गांव में एक रिलेटिव के घर छोड़ा है. लेकिन जांच में ये बात झूठी निकली.

आरोपी ने बचने के लिए की आत्महत्या की कोशिश

जांच टीम ने जब सख्ती से पूछताछ की, तो उसने गुनाह कबूल कर लिया. आरोपी पिता ने बताया कि किडनैपिंग और हत्या का मामला लगे, इसे दिखाने की भी पूरी तैयारी कर ली थी. उसने पहले बेटे की गला दबाकर हत्या की, फिर उसका शव तालाब में फेंक दिया. जांच में सामने आया कि अपने भाइयों से जमीन विवाद का बदला लेने के लिए यह साजिश रची थी. 

पुलिस से बचने के लिए उसने सुसाइड करने की भी कोशिश की. लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने उससे चाकू छीन लिया. अभी, प्रदीप पुलिस हिरासत में है. आगे मामले की जांच चल रही है. परिजनों का कहना है कि जमीन को लेकर कोई विवाद नहीं था. गांव में ही 2 बीघा जमीन है. प्रदीप को लगता था कि उसके सभी भाई वो जमीन ले लेंगे और उसे कुछ नहीं मिलेगा.

वीडियो: ईरान ने US के कितने ठिकाने तबाह किए? ट्रंप की पोल खुली

Advertisement

Advertisement

()