The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • Ghaziabad Encounter Two Criminals Robbed 27 Lakh from ATM Cash Van Killed by Uttar Pradesh Police

ATM कैश वैन से 27 लाख लूटने वाले 2 बदमाश पुलिस एनकाउंटर में ढेर, एक-एक लाख का इनाम था

गाजियाबाद पुलिस कमिश्ननर ने बताया कि आरोपियों पर 1-1 लाख रुपये का इनाम था. बदमाशों के पास गाड़ी से 2-3 बैग मिले, जिनमें आरोपियों का निजी सामाना था. 9 लाख रुपये के आस-पास कैश भी बरामद हुआ. मुठभेड़ में एक सब इंस्पेक्टर और दो कॉन्स्टेबल घायल हुए हैं.

Advertisement
pic
pic
मौ. जिशान
| मयंक गौड़
13 मई 2026 (अपडेटेड: 13 मई 2026, 10:09 AM IST)
ghaziabad encounter, ghaziabad, up encounter, police encounter, up police, cash van robbery, atm cash van, cash van, wave city
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों की मौत हो गई. (ITG | X @ghaziabadpolice)
Quick AI Highlights
Click here to view more

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में पुलिस ने एटीएम कैश वैन से 27 लाख रुपये की लूट में शामिल दो इनामी बदमाशों को एनकाउंटर में मार गिराया है. मुठभेड़ में मारे गए बदमाशों की पहचान जुबेर और समीर के रूप में हुई है. दोनों पर गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर जे रविंद्र गौड़ ने एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था.

यह मुठभेड़ मंगलवार, 12 मई की देर रात उस समय हुई जब पुलिस को आरोपियों की लोकेशन मिली. इसके बाद क्राइम ब्रांच, स्वाट टीम और स्थानीय थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से इलाके की घेराबंदी की. इंडिया टुडे से जुड़े मयंक गौड़ की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि थाना वेव सिटी के इलाके में चारों आरोपी एक साथ मौजूद थे.

बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की

पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला. काफी देर चली गोलीबारी में जुबेर और समीर घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई. वहीं उनके दो साथी शोएब और फिरोज अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए.

कैश वैन लूटी थी

पुलिस के अनुसार 6 मई को क्रॉसिंग रिब्लिक थाना क्षेत्र से दिनदहाड़े बदमाशों ने गन प्वाइंट पर कैश वैन चालक को बंधक बनाकर 27 लाख रुपये लूट लिए थे. इसके बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी. फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही थीं.

इस पूरे ऑपरेशन में DCP (सिटी) धवल जायसवाल, एडिशनल डिप्टी पुलिस कमिश्नर (ADDL. DCP) (क्राइम) पीयूष सिंह, क्राइम ब्रांच स्वाट टीम प्रभारी अनिल राजपूत, थाना सिहानी गेट प्रभारी कुलदीप दीक्षित और वेव सिटी एसओ मानवेंद्र सिंह की टीम शामिल रही. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार दोनों आरोपियों की तलाश में कॉम्बिंग ऑपरेशन लगातार जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

गाजियाबाद सिटी के डिप्टी पुलिस कमिश्नर (DCP) धवल जायसवाल ने बताया कि एनकाउंटर में घायल दोनों बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था. फिर उन्हें हायर हॉस्पिटल में रेफर किया गया, जहां उन्हें मृत घोषित किया गया. उनके पास से लूटी गई ATM कैश वैन के लगभग 9 लाख रुपये बरामद हुए हैं. पिस्टल, तमंचे, खोखा-कारतूस और एक गाड़ी भी उनके पास से बरामद हुई है.

गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर जे रविंद्र गौड़ ने बताया,

"6 मई को थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक में एक ATM के सामने एक कैश वैन लूटने की घटना हुई. उसमें बादमाश फायरिंग करते हुए कैश वैन को लूटकर भाग गए थे. थोड़ी देर बाद हम चेकिंग की, तो DME (दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे) पर वह कैश वैन बरामद हुई. लेकिन वे लोग कैश लेकर भाग गए थे. इस मामले की जांच के लिए कई पुलिस टीमें लगाई गईं... इस मामले में शामिल दो आरोपी गिरफ्तार होकर जेल चले गए. 8 लाख रुपये कैश बरामद हुए थे. उसी में चार अन्य लोगों के बारे में पता चला और 1-1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया."

पुलिस को बदमाशों के वेव सिटी थाना क्षेत्र में होने की जानकारी मिली थी. पुलिस कमिश्नर ने बताया,

“आज (12 मई) शाम को पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि फरार 4 आरोपियों को थाना वेव सिटी के क्षेत्र में देखा गया. इस सूचना पर पुलिस ने तत्काल चेकिंग का आदेश दिया. पुलिस की कई टीम चेकिंग में लगी थीं. करीब 9:30 बजे के आस-पास पुलिस टीम को वे लोग दिख गए. पुलिस टीम को देखते ही वो लोग भागने लगे. चारों तरफ से पुलिस टीम ने उन्हें घेर लिया. इसमें क्राइम ब्रांच की टीम, सिटी के तमाम… SO वेव सिटी, SO सिहानी गेट और उनकी टीम के साथ और भी टीम थीं. पुलिस को देखने के बाद वे लोग पुलिस के ऊपर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश करने लगे. भागते वक्त वे लोग अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गए. वे लोग एक स्विफ्ट गाड़ी से आए थे.”

पुलिस कमिश्नर ने आगे बताया,

"गाड़ी रुकने के बाद भी उन्होंने फायरिंग की. जवाबी फायरिंग करने के कुछ देर बाद फायरिंग की आवाज बंद हो गई. पूरी तत्परता बरतते हुए पुलिस ने उसकी चेकिंग की. उसमें दो लोग घायल अवस्था में वहां मिले. उनका नाम पूछने पर एक ने अपना नाम जुबैर और दूसरे ने समीर बताया. बाकी दो आरोपी, जो भाग गए, उनके भी नाम बता दिए. पूरे घटनाक्रम में पुलिस के भी तीन लोग घायल हुए, जिनको तत्काल उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया गया."

गाड़ी से 9 लाख कैश बरामद

पुलिस कमिश्ननर ने बताया कि चारों आरोपियों पर 1-1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था. पुलिस कमिश्नर ने मुठभेड़ में एक सब इंस्पेक्टर और दो कॉन्स्टेबल के घायल होने की पुष्टि की है. जांच में यह भी सामने आया है कि लूटकांड का मास्टरमाइंड जुबेर विजयनगर इलाके में बांस-बल्ली की दुकान चलाता था. उसका भाई शोएब कपड़ों की फेरी लगाने का काम करता था. दोनों भाइयों ने अपने पड़ोसी फिरोज को भी इस वारदात में शामिल किया था, जो कॉस्मेटिक सामान की सप्लाई करता है. वहीं समीर का कोई स्थायी काम नहीं था.

वीडियो: IPS राजेश चंदेल समेत 4 पुलिसकर्मियों पर डकैती केस, ग्वालियर कोर्ट ने भेजा समन

Advertisement

Advertisement

()