The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • gay dating app grindr bengaluru engineer looted stabbed accused arrested

गे-डेटिंग ऐप से इंजीनियर को मिलने बुलाया, 16000 रुपये लूटे और चाकू मारकर भाग गए

Gay Dating App Trap: पीड़ित इंजीनियर उस जगह पहुंचा जहां उसे बुलाया गया था. यहीं पर आरोपियों ने उसके साथ लूटपाट की और चाकू मारकर भाग गए. इंजीनियर पिछले तीन सालों से डेटिंग ऐप का इस्तेमाल कर रहा था, जिसके ज़रिए उसे फंसाया गया.

Advertisement
pic
pic
7 मई 2026 (अपडेटेड: 7 मई 2026, 03:44 PM IST)
gay dating app
एक इंजीनियर को गे-डेटिंग ऐप के ज़रिए फंसाया. (सांकेतिक फोटो-AI जनरेटेड)
Quick AI Highlights
Click here to view more

Gay Dating App Grindr के ज़रिए एक 27 साल के इंजीनियर को फंसाया, उसे चाकू मारा और फिर लूटपाट की. मामला है बेंगलुरु के येलहंका इलाके का. पीड़ित पिछले तीन सालों से डेटिंग ऐप का इस्तेमाल कर रहा था. इसी दौरान बीते शुक्रवार, माने 1 मई की शाम को एक व्यक्ति ने उससे संपर्क किया और उसे पालनाहल्ली गेट के पास मिलने के लिए बुलाया.

द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, शाम करीब 7 बजे पीड़ित उस जगह पहुंचा जहां उसे बुलाया गया था. इसी जगह चारों आरोपी उसके पास आए. पहले पीड़ित के साथ चारों आरोपियों ने थोड़ी बातचीत की, फिर वो उसे जबरदस्ती जयमुनि लेआउट के पास एक सुनसान इलाके में ले गए. इसी जगह कथित तौर पर एक आरोपी ने उसे चाकू दिखाकर धमकाया कि अगर उसने उनकी बात नहीं मानी, तो उसकी पर्सनल लाइफ के बारे में उसके परिवार और दोस्तों को बता दिया जाएगा. 

जब उसने इसका विरोध किया, तो एक आरोपी ने उसके सिर, हाथ और पेट पर चाकू से कई वार किए. पुलिस ने बताया कि भागने की कोशिश के बावजूद आरोपियों ने उसे दबोच लिया. पीड़ित को गालियां दी गईं और पैसों की मांग की गई. घायल शख्स ने बाद में अपने एक दोस्त से संपर्क किया, जिसने उसे इलाज के लिए बेल्लारी रोड पर बने एक प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट कराया.

पुलिस ने क्या किया?

रिपोर्ट बताती है कि पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और चारों आरोपियों को पकड़ा. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 2 आरोपी नाबालिग हैं. 2 बालिग आरोपियों की पहचान 19 वर्षीय दर्शन और राजेश के रूप में हुई है. बताया गया कि ये चारों स्कूल छोड़ चुके हैं और फिलहाल बेरोजगार हैं.

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन लिया, UPI के जरिए 16,000 रुपये ट्रांसफर किए और मौके से फरार हो गए. येलहंका पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 311 (मौत या गंभीर चोट पहुंचाने की कोशिश के साथ लूटपाट या डकैती) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. हालांकि डेटिंग ऐप के ज़रिए ठगी का ये पहला केस नहीं है. 

कुछ दिनों पहले भी ऐसा ही एक केस हैदराबाद से सामने आया था. पुलिस ने हैदराबाद में एक गैंग के 6 लोगों को पकड़ा था जो गे डेटिंग ऐप के जरिए पुरुषों को सुनसान जगह बुलाते थे, फिर उनके साथ लूट करके फरार हो जाते थे. पुलिस ने जांच के दौरान, छह मोबाइल फोन, एक मारुति सुजुकी स्विफ्ट डिजायर कार, सोने की चेन समेत कई चीजें भी बरामद की थीं.

वीडियो: डेटिंग ऐप पर हुई थी महिला से मुलाकात, उसने करोड़ों रुपये इन्वेस्ट कराए, फिर जो हुआ जानकर माथा पकड़ लेंगे!

Advertisement

Advertisement

()