'दानिश शेख मुझे होटल ले गया और...', TCS यौन उत्पीड़न केस की पहली शिकायतकर्ता के गंभीर आरोप
सबसे पहले शिकायत दर्ज कराने वाली पीड़िता से बात की है. उसने बताया कि जनवरी 2022 में आरोपी दानिश शेख से उसकी मुलाकात हुई थी. दोनों ने एक ही कॉलेज से ग्रेजुएशन किया था, इसलिए आरोपी से उसकी दोस्ती हो गई.

टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) नासिक में यौन उत्पीड़न और धर्म परिवर्तन के आरोप लगाने वाली एक पीड़िता का बयान सामने आया है. इस मामले में अब तक 9 अलग-अलग FIR दर्ज की जा चुकी हैं. सबसे पहली शिकायत इसी पीड़िता ने दर्ज कराई थी. उसने आरोपी दानिश शेख के खिलाफ शादी का झांसा देकर यौन उत्पीड़न करने और धार्मिक भावनाएं भड़काने का आरोप लगाया है.
इंडिया टुडे से जुड़े दिव्येश सिंह ने सबसे पहले शिकायत दर्ज कराने वाली पीड़िता से बात की है. उसने बताया कि जनवरी 2022 में आरोपी दानिश शेख से उसकी मुलाकात हुई थी. दोनों ने एक ही कॉलेज से ग्रेजुएशन किया था, इसलिए आरोपी से उसकी दोस्ती हो गई. महिला ने बताया,
हम अक्सर मिलने लगे. दानिश काम से जुड़े मसलों को लेकर मुझसे मिलने आता था. वह एक कंपनी (TCS) में इंजीनियर के तौर पर काम करता है. उसने मुझे वहां काम दिलाने का भरोसा दिलाया.
साल 2022 में दिया शादी का प्रस्ताव
पीड़िता ने बताया कि कुछ मुलाकातों के बाद साल 2022 में आरोपी ने उसके साथ ‘जबरदस्ती’ शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की और विरोध करने पर शादी का प्रस्ताव दिया. पीड़िता ने बताया,
जुलाई 2022 में दानिश मुझसे मिलने आया. उसने मेरे साथ शारीरिक संबंध बनाने की मांग की. जबरदस्ती मुझे अपनी ओर खींचा और किस करने की कोशिश की. जब मैंने विरोध किया तो मुझसे शादी का प्रस्ताव दिया. इस पर मैंने जवाब दिया कि इस मामले पर अच्छे से सोचूंगी और बाद में उसे अपना फैसला बताऊंगी.
पीड़िता ने बताया कि उसने दानिश के कहने पर एक MNC में इंटरव्यू दिया, जिसमें उसका सिलेक्शन भी हो गया. दानिश शेख उसी कंपनी में काम करता था. दोनों की बातचीत चलती रही. दानिश शेख, उसका दोस्त तौसीफ अख्तर और निदा खान पीड़िता के साथ कैंटीन में लंच करते थे. ब्रेक के दौरान साथ घूमते-टहलते भी थे. पीड़िता ने बताया,
इस दौरान दानिश और तौसीफ हिंदू और मुस्लिम धर्म के बीच अंतर की चर्चा करते. अपने धर्म को श्रेष्ठ बताते थे और मुझे इस्लाम अपनाने के लिए राजी करने की पूरी कोशिश करते थे.
पीड़िता ने बताया कि अगस्त 2024 में वह दानिश के साथ घूमने गई. लेकिन दानिश ने कथित तौर पर धोखे से एक होटल में ले गया. वहां उसने पीड़िता के साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए. पीड़िता ने बताया,
दानिश के दोस्त तौसीफ अख्तर को जब इसकी जानकारी मिली तो वो भी मुझसे सेक्सुअल फेवर मांगने लगा. लेकिन मैंने इससे साफ इनकार कर दिया. इसके बाद जब भी मैं ऑफिस में होती थी, तौसीफ मेरे साथ यौन उत्पीड़न की कोशिश करता. इस दौरान दानिश और तौसीफ मुझ पर धर्म बदलने का आरोप लगाते और इनकार करने पर निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर डालने की धमकी देते.
पीड़िता ने बताया कि उनको बाद में पता चला कि दानिश पहले से शादीशुदा था. उसके दो बच्चे भी थे. उसने इस बारे में दानिश से बात की. लेकिन इस दौरान वह पीड़िता के साथ किसी भी तरह के फिजिकल रिलेशन की बात से मुकर गया. पीड़िता ने आगे बताया,
जुलाई 2022 से फरवरी 2026 के बीच दानिश शेख, तौसीफ अख्तर और निदा खान ने हिंदू धर्म की गलत जानकारी देकर मेरी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई. और दानिश ने शादीशुदा होने के बावजूद झांसा देकर मेरा रेप किया.
इस मामले में जांच के लिए SIT बनाई गई है. SIT ने आरोपी दानिश शेख और तौसीफ अख्तर को गिरफ्तार कर लिया है. निदा खान की तलाश की जा रही है. TCS से जुड़ी कई और महिलाओं ने धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई है.
वीडियो: TCS नासिक में पुलिस का 'सीक्रेट मिशन', सामने आए यौन उत्पीड़न और धर्म परिवर्तन के कई मामले


