फिरोजाबाद में डेढ़ साल के बच्चे को सड़क पर पटककर मारने वाले का एनकाउंटर
मृतक बच्चे की मां ने बताया कि आरोपी विराज उससे शादी करना चाहता था. वो बच्चे को अपने रास्ते की रुकावट मानता था. आरोपी टॉफी दिलाने के बहाने बच्चे को अपने साथ ले गया. इसके बाद उसने डेढ़ साल के बच्चे को सड़क पर पटक दिया.

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में डेढ़ साल के बच्चे की पटककर हत्या करने वाले विराज ऊर्फ जितेंद्र का एनकाउंटर हो गया. पुलिस के साथ मुठभेड़ में विराज के दोनों पैरों में गोली लगी है. इसके बाद उसे हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है. पुलिस को विराज के पास एक 0.315 बोर का तमंचा (देसी कट्टा), 5 जिंदा कारतूस और 2 खोखे मिले हैं. ये पूरी घटना उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद के शिकोहाबाद की है.
एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया था, जिसमें एक व्यक्ति डेढ़ साल के बच्चे को सड़क पर पटक रहा था. उसने बच्चे को इतनी तेजी से पटका कि उसकी मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया. बच्चे के परिजन का रो-रोकर बुरा हाल था. स्थानीय लोग इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे. लिहाजा पुलिस ने कई टीमें बनाकर मामले की जांच तेज कर दी. आरोपी की तलाश करते-करते पुलिस का विराज से आमना-सामना हो गया.

आजतक से जुड़े पत्रकार सुधीर शर्मा की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस को देखते ही आरोपी ने फायरिंग कर दी. जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई. पुलिस की गोली आरोपी के दोनों पैरों में लगी, जिसके बाद वह चलने लायक नहीं रहा. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. उसने यह भी दावा किया कि मृतक बच्चे की मां से उसका प्रेम-प्रसंग चल रहा था. उसने कहा कि बच्चे की मां उसे ब्लैकमेल कर रही थी. प्रेम-प्रसंग में महिला से विवाद के चलते उसने बच्चे की हत्या कर दी.
महिला से करना चाहता था शादीमृतक बच्चे की मां ने बताया कि आरोपी विराज उससे शादी करना चाहता था. बच्चे को वह अपने रास्ते की रुकावट मानता था. बीती 29 मई को महिला अपने बच्चे के साथ एक रिश्तेदार के घर गई थी. इसी समय आरोपी टॉफी दिलाने के बहाने बच्चे को अपने साथ ले गया. इसके बाद उसने डेढ़ साल के बच्चे को सड़क पर पटक दिया. परिजन बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे लेकिन वहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया. बच्चे को पटकने की पूरी घटना वहां लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.
पुलिस ने बताया कि वो इस घटना की सभी एंगल से जांच कर रही है. आरोपी की शिकोहाबाद में किराने की दुकान है. उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.
वीडियो: मिर्जापुर में वकील की हत्या के आरोपी को पोलिस टांग कर ले गई, एनकाउंटर में लगी थी गोली

