The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • Farmers march in Delhi on Sunday 300 days of movement are being completed

दिल्ली के लिए कल किसानों का पैदल मार्च, किसान नेता बोले- 'अगर शिवराज सिंह नहीं आए तो... '

Farmers Protest: किसानों के विरोध प्रदर्शन के 299 दिन पूरे हो गए हैं. कल 300 दिन होने जा रहे हैं. किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने कहा कि उन्हें केंद्र सरकार से कोई बातचीत का प्रस्ताव नहीं आया है. कल एक बार फिर से 101 किसानों का प्रतिनिधिमंडल दोपहर 12 बजे के करीब दिल्ली की ओर कूच करेगा.

Advertisement
pic
7 दिसंबर 2024 (पब्लिश्ड: 04:52 PM IST)
Farmers march in Delhi on Sunday 300 days of movement are being completed
किसानों ने कहा कि रविवार को वो फिर से दिल्ली की ओर कूच करेंगे. (तस्वीर-इंडिया टुडे)
Quick AI Highlights
Click here to view more

केंद्र सरकार से MSP समेत अन्य मांगों को लेकर दिल्ली बॉर्डर पर बड़ी संख्या में किसान जमा हुए हैं. किसानों ने कहा कि कल, यानी रविवार, 8 दिसंबर को वो फिर से दिल्ली की ओर कूच करेंगे. किसानों का कहना है कि उनके विरोध प्रदर्शन के 299 दिन पूरे हो गए हैं. कल 300 दिन होने जा रहे हैं. किसानों ने मांग की है कि उनसे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान बात करें. यदि ऐसा नहीं होता, तो किसानों का जत्था दिल्ली की ओर कूच करेगा.

आजतक से जुड़े अनमोल नाथ की रिपोर्ट के मुताबिक, किसानों ने शनिवार, 7 दिसंबर को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की. प्रेस कॉन्फ्रेंस में SKM और KMM संगठन के तमाम किसान नेता मौजूद रहे. इस दौरान किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने कहा कि उन्हें केंद्र सरकार से कोई बातचीत का प्रस्ताव नहीं आया है. कल एक बार फिर से 101 किसानों का प्रतिनिधिमंडल दोपहर 12 बजे के करीब दिल्ली की ओर कूच करेगा.

सरवन सिंह पंढेर ने आगे कहा कि इस विरोध प्रदर्शन ने केंद्र सरकार का असली चेहरा उजागर कर दिया है. इस बार वे ट्रैक्टर और ट्रॉलियों का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं. इसके बावजूद सरकार उन्हें दिल्ली आने की अनुमति नहीं दे रही है. उन्होंने आगे कहा कि फसलों के नुकसान पर भी सरकार मुआवजा नहीं दे रही है.

बीते शुक्रवार को भी 101 किसानों ने शंभू बॉर्डर से दिल्ली की ओर कूच किया था. इस दौरान हरियाणा पुलिस ने BNS की धारा 163 का हवाला देते हुए उन्हें अंबाला में ही रोक दिया. कुछ किसानों ने जबरन बैरिकेड्स पार करने का प्रयास किया. इसे रोकने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा. पुलिस ने कई आंसू गैस के गोले दागे. इस पर किसान नेताओं ने शुक्रवार रात को बताया कि इस घटना में कई किसान घायल हुए थे. इसमें किसान नेता सुरजीत सिंह फूल भी शामिल थे.

किसान आंदोलन
पुलिस ने किसानों पर आंसू गैस के गोले दागे.

किसानों के प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने MSP की गारंटी की बात की थी. शिवराज सिंह ने सदन में कहा कि वह आश्वासन देते हैं कि किसानों के सभी उत्पाद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदे जाएंगे. उन्होंने आगे कहा कि यह मोदी सरकार है और यह मोदी की गारंटी को पूरा करने की गारंटी है. हालांकि, किसानों ने उनके इस एलान को भ्रामक बताया है.

उधर, किसान आंदोलन को ध्यान में रखते हुए हरियाणा सरकार ने अंबाला में BNS की धारा 163 को लागू किया है. इसके तहत सार्वजनिक सभाओं और जुलूसों पर रोक लगा दी गई है. सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. अर्धसैनिक बलों की तैनाती और वाटर कैनन की व्यवस्था की गई है. ड्रोन कैमरों से आसपास के इलाकों पर नजर रखी जा रही है.

वीडियो: किसान आंदोलन के बीच संसद में कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने MSP को लेकर क्या बड़ा वादा कर दिया?

Advertisement

Advertisement

()