The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • elon Musk deletes Post Claiming donald Trump name in Epstein Files

एलन मस्क ने डॉनल्ड ट्रंप पर 'एपस्टीन फाइल्स' के खुलासे वाली पोस्ट डिलीट क्यों कर दी?

एलन मस्क ने दावा किया कि यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन की फाइलें कभी सार्वजनिक नहीं की गईं क्योंकि उसमें ट्रंप का नाम था. बाद में इस पोस्ट को डिलीट कर दिया गया.

Advertisement
pic
7 जून 2025 (अपडेटेड: 7 जून 2025, 09:48 PM IST)
Donald Trump Vs elon musk
ट्रंप और मस्क के बीच झगड़ा नहीं थम रहा है (India Today)
Quick AI Highlights
Click here to view more

‘दोस्त’ से ‘विरोधी’ बने डॉनल्ड ट्रंप और एलन मस्क अब एक दूसरे की पोल खोलने लगे हैं. गुरुवार 5 जून को एलन मस्क ने ट्रंप से जुड़े एक ऐसे ‘अप्रत्याशित’ शख्स का नाम लिया, जिसे सुनकर अमेरिकी प्रेसिडेंट के ‘होश उड़ गए होंगे.’ एनडीटीवी के मुताबिक, एलन मस्क ने दावा किया कि यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन की फाइलों में ट्रंप का भी नाम था, इसीलिए ये फाइलें कभी सार्वजनिक नहीं की गईं. 

हालांकि, पोस्ट करने के कुछ घंटों बाद ही मस्क ने इसे डिलीट कर दिया. कहा जा रहा है कि यह ट्रंप और मस्क के बीच ‘सुलह का इशारा’ है. ट्रंप ने भी इस पोस्ट पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

बता दें कि टेस्ला के सीईओ एलन मस्क और अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के बीच गुरुवार, 5 जून को सोशल मीडिया पर तीखी नोकझोंक देखने को मिली थी. इसी बीच मस्क की ओर से एक अप्रत्याशित नाम सामने आया, जिसने अमेरिकी राष्ट्रपति को मुश्किल में डाल दिया. यह नाम जेफरी एपस्टीन का था, जिसकी 2019 में जेल में मौत हो गई थी. 

जेफरी एपस्टीन कौन है?

एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, जेफरी एपस्टीन एक अमेरिकन फाइनेंसर था, जिस पर नाबालिग बच्चियों से वेश्यावृत्ति कराने के आरोप लगे थे. उसे यौन शोषण के एक मामले में दोषी ठहराया गया था. इसके बाद उसे 10 साल की जेल हो गई थी. 10 अगस्त 2019 को वह जेल में ही मरा पाया गया. बताया गया कि उसने जेल में आत्महत्या कर ली थी. 

trump Jeffrey Epstein
ट्रंप से थी दोस्ती (फोटोः NDTV)

रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप और एपस्टीन के बीच गहरी दोस्ती थी. 2002 में एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा था कि जेफरी को वह 15 सालों से जानते हैं. ट्रंप ने ये भी कहा था कि जेफरी को सुंदर लड़कियां उतनी ही पसंद हैं, जितनी खुद उन्हें. दोनों की एक साथ फोटो भी सोशल मीडिया पर सामने आईं.

मस्क ने फोड़ा बम

इसी एपस्टीन के नाम पर गुरुवार को मस्क ने ट्रंप को ऐसा घेरा कि बवाल मच गया. मस्क ने दावा किया कि ट्रंप का नाम एपस्टीन की फाइलों में है. इसीलिए उन्हें कभी जारी नहीं किया गया. इसे पोस्ट करते हुए मस्क ने लिखा कि अब समय आ गया है कि बहुत बड़ा बम गिराया जाए. मस्क ने यह भी कहा कि उनके फॉलोवर्स को इस पोस्ट को आगे के लिए मार्क कर लेना चाहिए, जब सच्चाई सामने आएगी.

Musk
मस्क ने एक्स पर फोड़ा बम (फोटोः Aaj Tak)
क्या है एपस्टीन फाइलें

आज तक की एक रिपोर्ट के अनुसार, एपस्टीन फाइल्स सेक्स ट्रैफिकिंग गिरोह से संबंधित अदालती दस्तावेजों, गवाही और सीलबंद रेकॉर्ड का कलेक्शन है. इसे लेकर लंबे समय से अटकलें लगाई जाती हैं कि इनमें कई बड़े लोगों के नाम शामिल हैं. एपस्टीन से ट्रंप के कथित संबंधों पर टिप्पणी करके मस्क ने फिर से इस कॉन्सपिरेसी थ्योरी को हवा दे दी है कि ट्रंप प्रशासन मामले से जुड़ी संवेदनशील और आपत्तिजनक फाइलों को रोके हुए है.

वीडियो: बैंक मैनेजर ने ग्राहकों के खातों से उड़ाए करोड़ों रुपये, पुलिस ने ऐसे किया खुलासा!

Advertisement

Advertisement

()