AAP सांसद अशोक मित्तल के ठिकानों पर ED की रेड, राज्यसभा में राघव चड्ढा को हटाकर बने थे डिप्टी लीडर
Ashok Mittal Residence ED raid: ED की टीम ने 15 अप्रैल को AAP के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के जालंधर और पंजाब स्थित 8 से 9 ठिकानों पर रेड मारी है. बताया गया है कि यूनिवर्सिटी के फंड में गड़बड़ी और मनी लॉन्डरिंग से जुडी जांच के सिलसिले में ये कार्रवाई की गई है.

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आम आदमी पार्टी (AAP) से राज्यसभा सांसद और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के चांसलर अशोक मित्तल के कई ठिकानों पर छापेमारी की. ED की टीम ने 15 अप्रैल को उनके गुरुग्राम, जालंधर और पंजाब स्थित 8 से 9 ठिकानों पर रेड मारी. बताया गया कि यूनिवर्सिटी के फंड में गड़बड़ी और मनी लॉन्डरिंग से जुडी जांच के सिलसिले में ये कार्रवाई की गई है.
कुछ ही दिन पहले पार्टी ने अशोक मित्तल को राज्यसभा का डिप्टी लीडर चुना था. इससे पहले ये पद राजयसभा सांसद राघव चड्डा के पास था. ऐसे में ये रेड जांच टीम की टाइमिंग पर सवाल खड़े करती है. जांच टीम ने अशोक मित्तल के पंजाब वाले घर पर भी रेड मारी. वे जालंधर स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के मालिक हैं. बताया जा रहा है कि जांच टीम यूनिवर्सिटी कैंपस में भी पहुंची हुई है.
ED की कार्रवाई पर पार्टी की तरफ से प्रतिक्रिया भी आई है. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने X पर पोस्ट कर लिखा,
‘भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है. ये रेड टिपिकल ‘मोदी स्टाइल’ है. लेकिन हम वो पत्ते नहीं जो शाख से टूटकर गिर जाएं, आंधियों को कहो औकात में रहें.’
जानकारी के मुताबिक़, यूनिवर्सिटी के अलावा लवली ऑटो, लवली स्वीट्स और लवली डिस्टेंस एजुकेशन सेंटर पर भी रेड चल रही है.
कौन हैं अशोक मित्तल?अशोक मित्तल ने 2022 में पॉलिटिक्स में एंट्री मारी. इसी साल वे राज्यसभा के सांसद बने. उन्होंने कई संसदीय समितियों में काम किया है, जिनमें रक्षा और वित्तीय समिति शामिल हैं. उन्हें एक बार भारतीय डेलीगेशन के तौर पर भी विदेश भेजा गया था.
अशोक मित्तल के पिता बलदेव राज मित्तल ने 1961 में 500 रुपए का कर्ज लेकर जालंधर कैंटोंमेंट एरिया में एक मिठाई की दुकान खोली थी. 1984 में उन्होंने पिता के व्यवसाय में कदम रखा. 2001 में उन्होंने फगवाड़ा में 3.5 एकड़ जमीन लेकर कॉलेज की स्थापना की. 2005 में लवली कॉलेज को प्राइवेट यूनिवर्सिटी का दर्जा मिल गया. अब ये लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के नाम से पूरी दुनिया में जानी जाती है.
वीडियो: AAP को ED के नोटिस के बाद राघव चड्डा ने BJP पर सवाल उठाए, मोदी पर क्या बोल गए

