भूकंप से दहला अफगानिस्तान, 8 लोगों की मौत, भारत-पाकिस्तान तक कांपी धरती
Earthquake: भूकंप का सबसे ज्यादा असर अफगानिस्तान में देखने को मिला. काबुल में एक मकान गिरने से एक ही परिवार के 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक छोटा बच्चा घायल हो गया.

अफगानिस्तान में शुक्रवार, 3 अप्रैल की रात आए तेज भूकंप ने लोगों को दहला दिया, जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई. इस भूकंप की तीव्रता 5.9 मापी गई और इसका असर भारत से लेकर पाकिस्तान तक महसूस किया गया. अचानक आए झटकों से कई शहरों में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए.
यह भूकंप रात करीब 9:50 बजे आया. इसके झटके दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में महसूस किए गए. नोएडा, चंडीगढ़, लुधियाना, देहरादून, श्रीनगर, पुंछ और उधमपुर जैसे शहरों में लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए. खासकर हाईराइज बिल्डिंग में रहने वाले लोगों ने बताया कि कुछ सेकेंड तक तेज कंपन महसूस हुआ और घरों के सामान हिलने लगे.
इंडिया टुडे से जुड़े अशरफ वानी और अनमोल नाथ बाली की रिपोर्ट के मुताबिक, भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के हिंदूकुश इलाके में पाकिस्तान-ताजिकिस्तान सीमा के पास बदख्शां प्रांत में था. इसकी गहराई करीब 150 किलोमीटर रही. पाकिस्तान के इस्लामाबाद, पेशावर और पंजाब के कई इलाकों में भी झटके महसूस किए गए.
भूकंप का सबसे ज्यादा असर अफगानिस्तान में देखने को मिला. काबुल में एक मकान गिरने से एक ही परिवार के 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक छोटा बच्चा घायल हो गया. अफगानिस्तान के स्वास्थ्य मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता डॉ. शराफत जमान अमर ने X पर लिखा,
“काबुल के गोसफंदारा इलाके में भूकंप से एक परिवार के 8 लोगों की मौत हो गई, जिनके शवों को फोरेंसिक मेडिसिन डिपार्टमेंट में भेज दिया गया है. परिवार में सिर्फ करीब 2 साल का बच्चा जिंदा बचा. उसे इलाज के लिए सेहत ताफेल अस्पताल भेजा गया है, जहां उसे जरूरी मेडिकल सर्विस दी जा रही हैं.”

भूकंप के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए, जिनमें झटकों के दौरान घरों के अंदर पंखे और यहां तक कि बेट भी हिलते हुए दिखाई दिए. घरों में झूमर हिलने के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए. दिल्ली-एनसीआर में भूकंप के साथ-साथ अचानक बारिश भी हो रही थी, जिससे लोगों में और ज्यादा डर का माहौल बन गया.
वीडियो: क्या स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खुलने वाला है?

.webp?width=60)

