The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • dubai return boy viral on social media over his face card

दुबई से लौटा युवक युद्ध के हालात बता रहा था, लोगों को नैन-नक्श पसंद आ गए!

ये कहानी दुबई से लौटे 20 साल के लड़के की है, जो जिस दिन छुट्टी मनाने के लिए वहां पहुंचा, उसी दिन जंग छिड़ गई.

Advertisement
pic
6 मार्च 2026 (अपडेटेड: 6 मार्च 2026, 11:30 PM IST)
dubai return boy video viral
दुबई से लौटे लड़के का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. (ANI)
Quick AI Highlights
Click here to view more

दुबई से लौटा 20 साल का एक लड़का वहां जंग के हालात के बारे में बात कर रहा था. बता रहा था कि दुबई में कैसे खतरनाक हालात हैं? कैसे धमाकों ने उनके मन में खौफ की ऐसी छाप छोड़ी है, जो अभी तक ताजा है. लेकिन ये सब बताते हुए शायद ही किसी का ध्यान उसकी बातों पर हो. क्योंकि जनता उसके चेहरे पर ही अटक गई. तीखे नैन-नक्श. क्लीन शेव लुक. शार्प जॉलाइन. युद्ध की बात छोड़ लड़के के चेहरे के तमाम ‘फीचर्स’ पर चर्चा छिड़ गई. 

इसके बाद किसी को इस लड़के की इंस्टाग्राम ID चाहिए थी. किसी को फोन नंबर. कोई सरकार को ‘धन्यवाद’ दे रहा कि ‘इस लड़के को बचाकर उसने अच्छा किया'. किसी ने ऐलान कर दिया कि वो भारत के नए ‘नेशनल क्रश’ हैं. इतना ही नहीं, लोग उस लड़के की इंस्टा आईडी खोज ही लाए और एक झटके में उसके फॉलोअर्स हजारों की संख्या में बढ़ गए. 

ये कहानी दुबई से लौटे 20 साल के लड़के की है, जो जिस दिन छुट्टी मनाने के लिए वहां पहुंचा, उसी दिन जंग छिड़ गई. अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर मिसाइलें दागनी शुरू कर दीं. इसके पलटवार में ईरान ने आसपास के देशों में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाना शुरू कर दिया. 

इसी सिलसिले में दुबई भी ईरानी हमले की चपेट में आया. भारतीय विदेश मंत्रालय ने इसके बाद दुबई में फंसे भारतीयों को वहां से निकालने का अभियान शुरू किया. इसी अभियान के तहत हाल ही में 20 साल का यह लड़का, जिसका नाम अर्जुन तेवतिया बताया जा रहा है, वह भी भारत वापस लौटा था. 

एयरपोर्ट पर उनसे न्यूज एजेंसी एएनआई ने बातचीत की. इसमें उन्होंने बताया कि 28 फरवरी को जब वो दुबई पहुंचे, उसी दिन पश्चिम एशिया में तनाव नाटकीय रूप से बढ़ गया. हालत ज्यादा अस्थिर होने के कारण वो अपने घर वापस जाने के लिए फ्लाइट बुक करने की कोशिश करने लगे. कई दिनों तक कोशिश के बाद भी फ्लाइट नहीं मिली. 

उन्होंने ये भी बताया कि शुरुआत के दिनों में तेज धमाके सुनाई दिए. इससे वह काफी डर गए. हालांकि, जब वो दुबई से निकले तब तक माहौल कुछ शांत हो गया था. लेकिन इससे पहले वहां हुए धमाकों ने उनके मन में डर बैठा दिया था. 

एएनआई ने ये वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर डाला तो लाइक्स और कॉमेंट्स की बाढ़ आ गई. ऐसा लगा जैसे किसी को इस बात से मतलब नहीं था कि दुबई में अब हालात कैसे हैं या कैसे थे? सबको इस लड़के के बारे में जानना था. कुछ ही देर में वीडियो वायरल हो गया. ज्यादातर कॉमेंट्स उसके लुक्स को लेकर थे. 

वीडियो में तेवतिया एयरपोर्ट पर कैजुअल कपड़ों में दिख रहे हैं. पत्रकारों के सवालों का शांत भाव से जवाब दे रहे हैं, जिसे देखने के बाद लोग उनकी शक्ल-सूरत की तारीफ करने लगे. लोगों को उनका व्यवहार शांत और कॉन्फिडेंट लगा. किसी को उनका पहनावा साफ-सुथरा लगा.

एक यूजर ने तेवतिया की आईडी मांगी ताकि वो उनसे पूछ सकें कि क्या वो अब ठीक हैं.

वीडियो सोशल मीडिया पर इतना ज्यादा चला कि एक शख्स को कहना पड़ा कि उसने अपने पूरे जीवन में खुद की शक्ल उतनी बार नहीं देखी जितनी तेवतिया की देख ली है. 

एक यूजर ने उसे अब तक देखा गया ‘सबसे प्यारा भारतीय’ बताया.

एक ने लिखा, ‘भाई ने इमरजेंसी फ्लाइट के टिकट का पैसा फेस कार्ड से दिया है.’

एक यूजर इस ओर ध्यान दिलाते हैं कि कैसे लड़के के फॉलोअर एक दिन से भी कम टाइम में 300 से 2 हजार के पार हो गए.

एक यूजर ने सलाह दी कि ‘अब मत जाना दुबई क्योंकि भारत इतना हैवी नुकसान नहीं झेल सकता.’

वीडियो: ईरान ने अमेरिका को जमीनी जंग के लिए ललकारा, विदेश मंत्री अराघची ने क्या कहा?

Advertisement

Advertisement

()