The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • Delhi Vivek Vihar Fire 9 dead AC blast suspected

दिल्ली की 4 मंजिला इमारत में आग लगी, छत की तरफ दौड़े लोग, लेकिन ताला बंद था, 9 की मौत

Delhi Vivek Vihar Fire: शुरुआती जांच में आग लगने की वजह AC ब्लास्ट बताई जा रही है. इस हादसे में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग बुरी तरह से झुलस गए.

Advertisement
pic
3 मई 2026 (अपडेटेड: 3 मई 2026, 12:27 PM IST)
Delhi Vivek Vihar Fire
दिल्ली के विवेक विहार में लगी भीषण आग. (तस्वीरें: @ANI/X)
Quick AI Highlights
Click here to view more

दिल्ली के विवेक विहार में रविवार, 3 मई तड़के एक रिहायशी इमारत में आग लग गई. इस हादसे में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग बुरी तरह से झुलस गए. शुरुआती जांच में आग लगने की वजह AC ब्लास्ट बताई जा रही है. सूचना मिलते ही मौके पर 12 दमकल गाड़ियां भेजी गईं. फिलहाल, आग पर काबू पा लिया गया है और कूलिंग का काम चल रहा है.

अब तक एक दर्जन से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है. मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है. इंडिया टुडे से जुड़े अंशुल सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों को घटना के बारे में जानकारी सुबह 3:47 बजे मिली. इसके बाद पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे. दमकल की गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गईं.

अधिकारियों ने देखा कि आग चार मंजिला इमारत की दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल से निकल रही थी. इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और इमारत के अंदर से 10-15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. उनमें से दो को मामूली चोटें आईं और उन्हें इलाज के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल (GTB Hospital) ले जाया गया.

शाहदरा के भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक संजय गोयल ने बताया कि आग लगने पर इमारत के कुछ लोग ऊपर छत की तरफ भागे, लेकिन ताला बंद था. ताला तोड़ नहीं पाए, तो तीन लोगों की धुएं की वजह से मौत हो गई.

जिन नौ लोगों की मौत हुई, उनमें से पांच के शव बिल्डिंग की दूसरी मंजिल से बरामद किए गए, जबकि तीन के शव सीढ़ियों पर मिले. एक अन्य व्यक्ति का शव पहली मंजिल से बरामद किया गया.

जब शुरुआत में 3-4 शव ही बरामद हुए थे, तब शाहदरा जिले के पुलिस उपायुक्त (DCP) राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया, 

"सुबह तड़के हमें आग लगने की सूचना मिली. दमकल गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया. यहां से 3-4 शव बरामद किए गए हैं. हम अभी भी तलाशी अभियान चला रहे हैं. हमें सुबह करीब 4 बजे सूचना मिली थी."

पड़ोस में रहने वाले रोहित ने बताया, “AC में धमाके की वजह से आग लगी... करीब 12-15 लोगों को बचाया गया. हालांकि, 4-5 लोग अभी भी लापता हैं.”

रिपोर्ट के मुताबिक, बताया जा रहा है कि दूसरी मंजिल के एक फ्लैट में एसी ब्लास्ट की वजह से आग लगी थी जो तीसरी मंजिल तक पहुंच गई. तीसरी मंजिल पर आग की लपटे पहुंचने के बाद फ्लैट में मौजूद कुछ लोग खुद को बचाने के लिए छत की तरफ भागे, लेकिन छत का दरवाजा बंद था. वे बाहर नहीं निकल पाए, जिससे उनकी मौत हो गई. फायर ब्रिगेड के एक अधिकारी ने लोगों को सलाह दी है कि ऐसी जगहों की चाबी अपने आस-पास रखें, ताकि इमरजेंसी में तुरंत चाबी मिल जाए, और जान-माल के नुकसान से बचा जा सके.

वीडियो: गाजियाबाद के इंदिरापुरम में लगी आग का कौन जिम्मेदार?

Advertisement

Advertisement

()